छठ महापर्व के बाद अब बिहार से लौटने वालों की भीड़, रेलवे ने किए ये विशेष इंतजाम

छठ पूजा के बाद बिहार से वापस लौटने वाले रेलयात्रियों के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किये हैं, ताकि यात्रियों को असुविधा ना हो। रेलवे के इंतजाम को जानने के लिए पढ़ें ये पूरी खबर....

By Kajal KumariEdited By: Publish:Thu, 15 Nov 2018 09:50 AM (IST) Updated:Thu, 15 Nov 2018 11:16 PM (IST)
छठ महापर्व के बाद अब बिहार से लौटने वालों की भीड़, रेलवे ने किए ये विशेष इंतजाम
छठ महापर्व के बाद अब बिहार से लौटने वालों की भीड़, रेलवे ने किए ये विशेष इंतजाम

पटना [जेएनएन]। छठ महापर्व के बाद दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बंगलुरु, चंडीगढ़, अमृतसर, अंबाला, लखनऊ, हैदराबाद ही नहीं हावड़ा, भुवनेश्वर, विशाखापतनम, पुरी, धनबाद व रांची जाने के लिए बुधवार से ही यात्रियों की भीड़ पटना जंक्शन, राजेन्द्रनगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र व दानापुर स्टेशनों पर उमड़ पड़ी। महापर्व के पारण के बाद से ही यात्रियों को जाना शुरू हो गया। उपरोक्त स्टेशनों तक जाने वाली तमाम ट्रेनों के स्लीपर से लेकर एसी बोगियां तक फुल होकर खुलीं। 

पटना जंक्शन समेत सभी चार प्रमुख स्टेशनों पर बुधवार सुबह से ही यात्रियों की भीड़ लगी रही। पाटलिपुत्र से मुंबई जाने वाली एलटीटी सुपरफास्ट पूरी तरह फुल होकर खुली। इसके जनरल बोगियों के शौचालय तक में यात्री ठूंस-ठूंसकर बैठे हुए थे। दानापुर से खुलने वाली सिकंदराबाद एक्सप्रेस, संघमित्रा एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस एवं पुणे एक्सप्रेस में भी काफी भीड़ जुटी। इसके जनरल बोगियों ही नहीं आरक्षित कोचों में भी जनरल की तरह भीड़ रही। छठ महापर्व के बाद गुरुवार से अधिकांश सरकारी दफ्तर खुल जाएंगे।

इसके कारण बुधवार से ही अपने-अपने गांव गए लोग पटना लौटने लगे हैं। इसके कारण लोकल ट्रेनों में भी तिल रखने की जगह नहीं रह रही थी। दूसरे शहरों में रहने वाले लोग भी अब झुंड में वापस लौटने लगे हैं। पंजाब में गेहूं की बुवाई का समय आने वाला है। इसको लेकर भी बड़ी संख्या में कृषि मजदूर पंजाब की ओर लौटने लगे हैं। गुरुवार से इनकी भीड़ काफी बढऩे की संभावना है। 

इधर, रेल प्रबंधन की ओर से यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए पटना जंक्शन, राजेन्द्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र व दानापुर समेत बख्तियारपुर, मोकामा, किउल, जहानाबाद, आरा, बक्सर समेत सभी प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की गई है। पटना जंक्शन पर स्टेशन निदेशक डॉ. नीलेश कुमार की देखरेख में पूरी व्यवस्था की गई है।

स्वयं मंडल रेल प्रबंधक रंजन प्रकाश ठाकुर लगातार इन चारों स्टेशनों पर नजर बनाए हुए हैं। पटना जंक्शन, राजेन्द्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र एवं दानापुर स्टेशनों पर यात्रियों को बैठने के लिए स्टेशन परिसरों में पंडाल लगाकर विशेष व्यवस्था की गई है।

भीड़ को देखते हुए सुरक्षा का अतिरिक्त इंतजाम किया गया है। साफ-सफाई के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इन स्टेशनों पर अतिरिक्त संख्या में सफाई कर्मियों को लगाया गया है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रबंधन ने पटना जंक्शन पर 30 काउंटर खोलने का निर्देश दिया है।

जंक्शन समेत सभी स्टेशनों पर तत्काल टिकट के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। रेल प्रबंधन की ओर से तत्काल टिकट के लिए अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं। यात्रियों के बैठने के लिए स्टेशन परिसर में बड़े-बड़े पंडाल बनाए गए हैं। इन पंडालों में यात्रियों की भीड़ उमडऩे लगी है।

यात्रियों की भीड़ को देखते हुए डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर ने आरक्षण परिसर में भी यात्रियों के बैठने की विशेष व्यवस्था करने को कहा है। 

chat bot
आपका साथी