पटना की फुलवारीशरीफ जेल के अंदर बड़ी वारदात, कैंची घोंपकर कैदी ने की बंदी की हत्या

पटना की फुलवारीशरीफ जेल के अंदर कैंची घोंपकर कैदी की हत्या कर दी गई। पुलिस की मौजूदगी में वारदात से सनसनी फैल गई। जेल परिसर में वारदात के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 04:28 PM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 09:32 PM (IST)
पटना की फुलवारीशरीफ जेल के अंदर बड़ी वारदात, कैंची घोंपकर कैदी ने की बंदी की हत्या
पटना की जेल में कैदी की हत्या कर दी गई। सांकेतिक तस्वीर।

जागरण टीम, पटना: फुलवारीशरीफ जेल में सोमवार को एक कैदी ने दूसरे कैदी पर कैंची से हमला कर दिया। इससे पटना सिटी निवासी कैदी टुनटुन कुमार (21) गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। टुनटुन को बचाने आया उसका एक अन्य साथी भी जख्मी हो गया। उसका जेल अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद जेल के सभी वार्डों की सघन तलाशी ली गई। मामले में जेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जेल आइजी मिथिलेश मिश्रा ने जांच करा दोषी अधिकारियों व कर्मियों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।  

जानकारी के अनुसार पटना सिटी के मीतन घाट झाउगंज निवासी टुनटुन कुमार और गया के बेलागंज का मोहम्मद मुन्ना फुलवारी शरीफ जेल के वार्ड संख्या-2 में बंद थे। बाथरूम में पानी को लेकर शनिवार की रात दोनों में झगड़ा हुआ था। अधिकारियों ने रविवार को दोनों को फटकार कर मामले को शांत कर दिया था। मुन्ना सोमवार को जेल स्थित सिलाई कारखाने से कैंची छुपाकर ले आया। वार्ड में आते ही सुबह नौ बजे उसने टुनटुन पर कैंची से वार कर उसे घायल कर दिया। सुरक्षाकर्मी टुनटुन को जेल अस्पताल ले गए। वहीं, जेल प्रशासन को पगली घंटी बजानी पड़ी। जेल में अफरातफरी मच गई और कैदी अपने-अपने वार्ड में चले गए। 

टुनटुन पर दर्ज था हत्या का मामला

उधर, घटना की सूचना पर जेल अधीक्षक व अन्य अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक जेल के अस्पताल में डाक्टर नहीं थे। बावजूद इसके टुनटुन को वहां भर्ती रखा गया। ज्यादा खून बह जाने से 12.30 बजे टुनटुन को पीएमसीएच ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। टुनटुन कुमार पर आलमगंज में दो और बहादुरपुर थाना क्षेत्र में हत्या और मोटरसाइकिल चोरी के तीन मामले दर्ज थे। जबकि हमला करने वाले बेलागंज के मोहम्मद मुन्ना पर ममेरे भाई की हत्या का आरोप है। 

पिता ने लगाया हत्या कराने आरोप

टुनटन के पिता तुक्कन ने जेल प्रशासन द्वारा इलाज में लापरवाही और जेल अधिकारियों पर बेटे की हत्या कराने का आरोप लगाया है। वहीं, इस घटना से जेल प्रशासन पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मुन्ना वार्ड से जेल के सिलाई कारखाने तक कैसे पहुंचा। कारखाने से लौटते वक्त सुरक्षा कर्मियों ने उसके पास छुपाई कैंची क्यों नहीं बरामद की। लड़ाई के दौरान कक्षपाल कहां थे। घटना के संबंध में जेल अधीक्षक लाल बाबू ङ्क्षसह ने बताया कि मुन्ना से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने टुनटुन के इलाज में लापरवाही की बात से इन्कार किया है। 

chat bot
आपका साथी