बिहार, यूपी, झारखंड, बंगाल, ओडिशा व छत्तीसगढ़ की पुलिस होगी साथ, एक गिरोह ने कर दिया परेशान

बिहार यूपी झारखंड बंगाल ओडिशा व छत्तीसगढ़ की साइबर पुलिस संयुक्त रणनीति बनाएगी। इसके लिए 23 अक्टूबर को रायपुर में बैठक होगी। बिहार से भी शामिल दो पुलिस पदाधिकारी इसमें शामिल होंगे। साइबर अपराध के खिलाफ मिलकर छह राज्यों की पुलिस लड़ेगी।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 09:27 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 09:27 PM (IST)
बिहार, यूपी, झारखंड, बंगाल, ओडिशा व छत्तीसगढ़ की पुलिस होगी साथ, एक गिरोह ने कर दिया परेशान
छह राज्यों की पुलिस एक गिरोह को ध्वस्त करने के लिए एक होगी। सांकेतिक तस्वीर।

राज्य ब्यूरो, पटना: Bihar Crime News: बिहार के साथ उत्तर प्रदेश (यूपी), झारखंड, बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के साइबर टीम के पुलिस पदाधिकारी एक साथ होंगे। मामला साइबर अपराधियों, खासकर जामताड़ा गिरोह, के नेटवर्क को ध्वस्त करने करना है। नए सिरे से काम करेगी। इसके लिए 23 अक्टूबर यानी शनिवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बैठक व कार्यशाला का आयोजन किया गया है। साइबर अपराध के लिए बनी इस संयुक्त टीम में बिहार के नोडल पदाधिकारी नालंदा एसपी हरिप्रसाद एस हैं, मगर पंचायत चुनाव में व्यस्तता के कारण बैठक के लिए उनकी जगह बिहार सशस्त्र विशेष पुलिस-6, मुजफ्फरपुर के कमांडेंट विशाल वर्मा को नामित किया गया है। उनके साथ आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) के डीएसपी कुमार सागर भी रायपुर जाएंगे। 

बदलती शैली व वैज्ञानिक अनुसंधान पर जोर

संयुक्त टीम के पुलिस पदाधिकारी साइबर अपराधियों पर की गई कार्रवाई, साइबर अपराध की बदलती शैली आदि पर सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगे। इसके साथ ही साइबर पिट्रोलिंग व वैज्ञानिक अनुसंधान आदि के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। 

गृह मंत्रालय के निर्देश पर बनी टीम

ईओयू अधिकारियों के अनुसार, देश भर में हो रहे साइबर अपराध के अधिसंख्य मामलों के तार किसी न किसी तरह झारखंड के जामताड़ा गिरोह से ही जुड़े पाए गए हैं। जामताड़ा में इनका बड़ा नेटवर्क तो है ही, इसके अलावा इसी ट्रेंड पर आसपास के राज्यों में भी साइबर अपराध की घटनाएं हो रही हैं। इसी को देखते हुए गृह मंत्रालय के निर्देश पर राज्यों की संयुक्त टीम बनाई गई है। इसी का नतीजा है कि पिछले कुछ माह में विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में साइबर अपराधियों को पकड़ा गया है। संयुक्त टीम बनाए जाने से कार्रवाई में दूसरे राज्य का मामला आने पर भी गिरोह के सदस्यों तक पहुंचने में आसानी होती है।

नालंदा, शेखपुरा व पटना से भी गिरफ्तारी

कोरोना काल में भी इन साइबर अपराधियों ने देश भर में लोगों को मदद के नाम पर लाखों की चपत लगाई। बिहार व झारखंड के साइबर अपराधियों ने दिल्ली-मुंबई समेत कई राज्यों के लोगों को दवा व आक्सीजन के नाम पर ठगी की थी। इसमें बिहार की आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने संबंधित राज्यों की पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नालंदा, नवादा, शेखपुरा व पटना से दो दर्जन से अधिक साइबर अपराधियों को पकड़ा था।

chat bot
आपका साथी