Agriculture Bill 2020: नया कृषि कानून किसानों के हित में, राज्यसभा में हंगामा करना गलत: नीतीश

Agriculture Bill 2020 बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि कृषि को लेकर केंद्र सरकार ने जो नया कानून लाया है वह किसानों और गांवों के हित में है। इससे किसानों की आमदनी और बढ़ेगी।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 21 Sep 2020 02:10 PM (IST) Updated:Mon, 21 Sep 2020 06:29 PM (IST)
Agriculture Bill 2020: नया कृषि कानून किसानों के हित में, राज्यसभा में हंगामा करना गलत: नीतीश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। जागरण आर्काइव।

पटना, जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar)  ने सोमवार को कहा कि कृषि को ले केंद्र सरकार ने जो नया कानून लाया है वह किसानों और गांवों के हित में है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी। इसे लेकर रविवार को राज्यसभा में जो हुआ वह बहुत गलत हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi ) द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 14260 करोड़ रुपये की सड़क व पुल योजनाओं के शिलान्यास, व गांव तक फाइबर योजना के आरंभ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह बातें कहीं।

अब किसान जहां चाहें अपना उत्पाद बेच सकते हैं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2006 में ही बिहार ने एपीएमसी एक्ट (Agriculture Produce Market Committee) को समाप्त कर दिया था। हमलोग सदन में अपनी बात कर रहे थे तो राजद के लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा था। हमलोगों ने उन्हें सुनने का आग्रह किया पर वे भाग गए। राजभवन मार्च भी किया। पर आज सब कुछ बेहतर है। कितना बड़ा लाभ हुआ है इसका। अब किसान जहां चाहे अपना उत्पाद बेच सकते हैं। एपीएमसी के कारण किसानों को संकट होता था। काफी बुरा हाल था। मैंने खुद देखा है कि हाजीपुर में एक किसान बाहर जाकर केला बेचने निकला तो उसे किस तरह से परेशान किया गया। अब खुशी की बात यह है कि इस तरह कानून पूरे देश में खत्म हो रहा है। दरअसल यह कुछ लोगों का कारोबार था। इस वजह से यह लोगों को खराब लग रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने तो स्पष्ट रूप से यह कह दिया है कि हर प्रकार से अनाज की खरीद होगी। कांट्रैक्ट फार्मिंग से काफी लाभ होता है। बाजार की कीमत मिलती है।

अनाप-शनाप बोलने का कोई इंपैक्ट नहीं होगा, जनता काम देख रही

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग अनाप-शनाप बोलते रहते हैं, इसका कोई इंपैक्ट नहीं होगा। जनता सीधे-सीधे काम देख रही है। लोगों को भरोसा है कि उनका भविष्य ठीक होगा।

chat bot
आपका साथी