राजधानी में गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

अगले दो-तीन दिनों और बढ़ सकती है ठंड। रात को दिख रहा तापमान में गिरावट का असर

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 05:40 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 05:53 PM (IST)
राजधानी में गुलाबी ठंड ने दी दस्तक
राजधानी में गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

पटना। राजधानी में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। इसका अहसास लोगों को भी होने लगा है। रात आठ बजे के बाद तापमान में अचानक तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा रही है। उसके बाद तापमान लगातार गिरते जा रहा है। आजकल सुबह पांच बजे तो वातावरण में कोहरा भी दिखाई देने लगा है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि पिछले दो दिनों से तापमान गिर रहा है। उम्मीद है कि अगले एक सप्ताह में राजधानी का तापमान सामान्य के करीब आ जाएगा। पिछले 30 वर्षो के आंकड़ों पर गौर करें तो राजधानी का सामान्य तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास होना चाहिए। लेकिन फिलहाल यह 34 डिग्री के आसपास रह रहा है। शहर की हवा में पिछले दो दिनों से आर्द्रता भी बढ़ने लगी है। हवा में फिलहाल 70 से 80 फीसद आर्द्रता रह रही है, जो सामान्य के करीब है। पटना के अलावा गया, भागलपुर एवं पूर्णिया के तापमान में भी गिरावट आ रही है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बिहार से अब दक्षिण-पश्चिम मानसून लौट चुका है। इसकी घोषणा भी मौसम विज्ञान केंद्र कर चुका है। वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसे अगले 24 घंटे में और सशक्त होकर बांग्लादेश की ओर जाने की उम्मीद है। इसका आंशिक असर बिहार पर भी पड़ सकता है। यही कारण है कि राजधानी के आकाश में हल्के बादल दिखाई पड़ रहे हैं।

chat bot
आपका साथी