छठ में बदल गई पटना की तस्‍वीर, भक्ति गीतों से गुंजायमान हुई राजधानी

पटना में गंगा घाटों पर दिख रहा है अद्भुत नजारा। लोक आस्था के पर्व छठ की तैयारियों से बदली पटना की तस्वीर। गंगा के घाटों से लेकर शहर के सभी हिस्सों में दिखाई दे रही है स्वच्छता।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 13 Nov 2018 11:06 AM (IST) Updated:Tue, 13 Nov 2018 06:57 PM (IST)
छठ में बदल गई पटना की तस्‍वीर, भक्ति गीतों से गुंजायमान हुई राजधानी
छठ में बदल गई पटना की तस्‍वीर, भक्ति गीतों से गुंजायमान हुई राजधानी

पटना [मृत्युंजय मानी]। छठ की ऐसी छटा राजधानी पटना पर पड़ी कि नजारा ही बदल गया। हर ओर भक्ति भाव, घाट की ओर निकलते कदम और अद्भुत नजारा। शहर की इतनी खूबसूरत तस्वीर देख किसी के मन में भी यह ख्याल जरूर आएगा कि आखिर हमारा शहर हमेशा ऐसा क्यों नहीं रह सकता?
आज गंदगी दूर-दूर तक नहीं दिखाई दे रही है। गंगा के घाट से लेकर शहर के सभी भागों में स्वच्छता दिखाई दे रही है। शहरवासी भी इस स्वच्छता को बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। नगर आयुक्त अनुपम कुमार सुमन कहते हैं कि पटना शहर गंदगी और प्रदूषण के मामले में बदनाम है। छठ महापर्व के बाद सफाई व्यवस्था इस तरह आगे भी जारी रखवाएंगे। शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बना देना है।

अद्भुत रोशनी से नहाया रिवर फ्रंट
जिलाधिकारी कुमार रवि कहते हैं कि शहरवासी जागरूक हो जाएं तो पटना हमेशा अलग दिखेगा। बदलाव से शहरवासियों को ही लाभ है। प्रशासन के भरोसे सबकुछ न छोड़ें। प्रशासन अपना काम करता रहेगा। राज्य प्राणी सर्वेक्षण के बिहार प्रभारी डॉ. गोपाल शर्मा का कहना है कि गंगा इस तरह से हमेशा स्वच्छ रहें, तो जलीय जीव को भी लाभ मिलेगा। लोग करोड़ों रुपये की आगत से बने रिवर फ्रंट पर सुबह-शाम बेफिक्र होकर भ्रमण भी करने लगेंगे। ये अद्भुत रोशनी से नहा रहा है।

चमचमा रहीं शहर की सभी गलियां
हाल के दिनों में पटना नगर निगम ने शहर की लगभग हर गली में स्ट्रीट लाइट लगा दी है। शहर जगमग कर रहा है। ऐसा ही दृश्य रहे तो लोग अंधेरे में भी अपने घर आराम से आ जा सकेंगे। शहर का नजारा ही बदल गया है। पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी बदलाव आया है। सफाई के बाद सड़कों पर पानी का छिड़काव होने से स्थिति में बदलाव आ गया है।
बिहार राज्य प्रदूषण पर्षद के प्रवक्ता बीरेंद्र कुमार का कहना है कि धूलकण की मात्रा में भी कमी आ गई है। छठ महापर्व जैसे हमेशा स्थिति बनी रहे तो अपना पटना हर क्षेत्र में अग्रणी बन जाएगा। इस महापर्व में सभी लोग अपने-अपने घर के सामने की भी सफाई करते हैं।

chat bot
आपका साथी