नशे में धुत दो युवक को गिरफ्तार कर मुश्किल में पड़ गई पटना पुलिस, जान के भय से थाने में हडकंप रहा

शास्त्रीनगर थाने की पुलिस ने रविवार की रात दो नशेड़ी युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों नशे में धुत्त होकर वहां हल्ला हंगामा कर रहा था। सोमवार को दोनों को गिरफ्तार कर लाने वाले गश्ती दल के साथ साथ पूरे थाने में दिन भर हड़कंप मचा रहा। जानिए क्‍यों

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 05:59 PM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 07:48 AM (IST)
नशे में धुत दो युवक को गिरफ्तार कर मुश्किल में पड़ गई पटना पुलिस, जान के भय से थाने में हडकंप रहा
नशे में धुत्त दो युवकों को गिरफ्तार करना पुलिस को महंगा पड़ा, सांकेतिक तस्‍वीर ।

पटना, जागरण संवाददाता। नशे में धुत्त दो युवकों को गिरफ्तार कर थाना लाना पुलिस को महंगा पड़ गया। पटना के शास्त्रीनगर थाने की पुलिस रविवार की रात पुलिस रामेश उर्फ विक्की उर्फ विवेक रंजन और विकास दुबे को ब्रह्मस्थानी गली से गिरफ्तार की थी। दोनों नशे में धुत्त होकर वहां हल्ला हंगामा कर रहे थे। सोमवार को जब दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने से पहले कोविड की जांच करवाई गई तो रमेश उर्फ विक्की कोरोना पॉजिटिव निकल गया। अभियुक्त के पॉजिटिव होते ही थाने में हड़कंप मच गया। इधर, पुलिस रमेश उर्फ विक्की को क्‍वारंटाइन सेंटर और विकास को न्यायिक हिरासत में भेज दी।

पूरी टीम की हुई जांच 

दो नशेड़ियों को गिरफ्तार कर लाने वाले गश्ती दल के साथ साथ पूरे थाने में सोमवार को दिन भर हड़कंप मचा रहा। बाद में दोनों नशेड़ियों को पकड़ने वाली पूरी टीम की कोरोना जांच करवाई गई। सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। इसके बाद पूरे थाने को सेनेटाइज करवाया गया।

इसके पूर्व भी दो‍ दिन पहले ही शास्त्रीनगर में एक प्रेमी युगल को पकड़ा गया था। प्रेम प्रसंग में दोनों दिल्‍ली भाग गए थे। वापस लौटते ही पुलिस को भनक लग गई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में प्रस्तुत करने के पहले दोनों की जांच कराई गई। इसमें लड़का कोरोना पॉजिटिव निकला, जबकि लड़की नेगेटिव थी। उन्‍हें पकड़नेवाले पुलिसवालों की भी जांच कराई गई। हालांकि पुलिस वाले भी नेगेटिव निकले।

chat bot
आपका साथी