पटनाः अपराधी सामने पर पकड़ने से बच रही पुलिस, गिरफ्तार किया तो कैसे जाएंगे घर

Patna CoronaVirus News पटना के बुद्धा कॉलोनी और महिला थाना पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपितों को पुलिस अभिरक्षा में क्वारंटाइन किया गया है। वाहन चोर को पकड़ने वाले दोनों जवानों को होम आइसोलेट किया गया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 03:42 PM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 03:42 PM (IST)
पटनाः अपराधी सामने पर पकड़ने से बच रही पुलिस, गिरफ्तार किया तो कैसे जाएंगे घर
पटना पुलिस इन दिनों अपराधियों को गिरफ्तार करने से हिचक रही है। प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, पटना: कोरोना वायरस का असर अब थानों में भी देखने को मिल रहा है। पुलिस के लिए आरोपित को पकडऩा उतना मुश्किल नहीं, जितना की उन्हें कोविड टेस्ट के लिए ले जाने में डर है। पकड़े गए आरोपित लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे है। गुरुवार को महिला थाना व बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपित भी कोरोना संक्रमित मिले। इससे दोनों थानों में हड़कंप मच गया। महिला थाने की पुलिस ने यौन उत्पीडऩ के आरोपित में गिरफ्तार किया तो वहीं बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस बाइक चोरी के मामले में एक को गिरफ्तार किया। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में क्वारंटाइन किया गया है। साथ ही बाइक चोर को दबोचे वाले दोनों जवानों को होम आइसोलेट कर दिया गया है।

जनवरी माह में युवती की शिकायत पर महिला थाने की पुलिस ने बोरिंग रोड निवासी एक युवक के खिलाफ यौन उत्पीडऩ का केस दर्ज किया था। इसके बाद से पुलिस उसे तलाश रही थी। बुधवार को आरोपित को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। जेल भेजने के पूर्व उसे कोर्ट में प्रस्तुत कराना था। इस दौरान कोरोना जांच के लिए उसे तीन जवान लेकर गए। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे गिरफ्तार करने वाले तीन जवान भी परेशान हो गए। हालांकि थाने में अभी तक किसी जवान या होमगार्ड सहित पदाधिकारी के संक्रमित होने की सूचना नहीं है। वहीं बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस चकारम से बाइक चोरी के आरोपित को गिरफ्तार कर थाना लेकर आई। कोर्ट में प्रस्तुत करने से पहले कोरोना जांच हुआ। रिपोर्ट पॉजिटिव आया। इसके बाद उसे पकडऩे वाले दोनों जवान परेशान हो गए। थाने में हड़कंप मच गया। थाने को सैनिटाइज कराया गया।

एक बोतल पानी के लिए भटक रही थी पुलिस

आरोपित को इनकम टैक्स गोलंबर के पास स्थित होटल में क्वारंटाइन किया गया है। उसके साथ तीन पुलिसकर्मी हैं, जो होटल के बाहर तैनात हैं। गुरुवार दोपहर में तीनों जवान पानी की बोतल लेकर घूम रहे थे। उनका कहना है कि होटल के बाहर तैनात कर्मियों से पानी की मांग की गई तो उसने बताया कि यहां सिर्फ क्वारंटाइन हुए लोगों के लिए ही पानी उपलब्ध है।

दो अन्य थानों में तीन आरोपित मिले कोरोना संक्रमित

इससे पहले शास्त्रीनगर थाने में दो आरोपित कोरोना पॉजिटिव निकल चुके हैं। इसमें प्रेम-प्रसंग में लड़की के साथ फरार युवक और दूसरा शराब मामले में गिरफ्तार आरोपित। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में क्वारंटाइन किया गया है। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद इन्हें जेल भेजा जाएगा। सूत्रों की मानें तो बुद्धा कॉलोनी थाने में भी एक आरोपित कोरोना पॉजिटिव मिला है। पुलिस ने उसे बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था।

chat bot
आपका साथी