संपतचक प्रखंड के सभी गांवों में पहुंचा ऑप्टिकल फाइबर

भारत नेट ऑप्टिकल फाइबर द्वारा इंटरनेट सुविधा का शुभारंभ शनिवार को केंद्रीय मंत्री ने किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 21 Feb 2021 01:27 AM (IST) Updated:Sun, 21 Feb 2021 01:27 AM (IST)
संपतचक प्रखंड के सभी गांवों में पहुंचा ऑप्टिकल फाइबर
संपतचक प्रखंड के सभी गांवों में पहुंचा ऑप्टिकल फाइबर

फुलवारीशरीफ : भारत नेट ऑप्टिकल फाइबर द्वारा इंटरनेट सुविधा का शुभारंभ शनिवार को संपतचक के कनौजी स्थित शाहपुर में केंद्रीय न्याय व विधि, संचार एव इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने किया। उद्घाटन के मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी)के सदस्य डिजीटल इंडिया के हनुमान हैं और महिलाएं झांसी की रानी। इस दौरान आयुष्मान भारत के लाभार्थियों के बीच गोल्डन कार्ड का वितरण भी किया गया।

शीघ्र ही सीएससी पर उपलब्ध होगी आरटीपीएस सेवा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब आरटीपीएस की सेवा भी सीएससी के द्वारा शुरू की जाने वाली है। कोरोना काल में सीएससी की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण रही और लोगों ने समाज के लिए कई कार्य किए। इस पूरे प्रोजेक्ट को कॉमन सर्विस सेंटर के द्वारा क्रियान्वित किया गया। देश में लगभग चार लाख कॉमन सर्विस सेंटर हैं जो डिजिटल साक्षरता, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान मान धन जैसी कई सेवाओं का निष्पादन डिजिटल माध्यम से करते हैं। इन्होंने देश भर में लाखों ग्राम पंचायतों में वाइ-फाइ भी लगाया है। बिहार में 34,821 सीएससी केंद्र हैं।

भारत नेट योजना के अंतर्गत देश के 2.50 लाख ग्राम पंचायतों में ऑप्टिकल फाइबर पहुंचाने की योजना है। बिहार के सभी ग्राम पंचायतों में नेट की सुविधा पहुंचाई गई है। अब ग्राम पंचायत बाद 8,386 गांवों में ऑप्टिकल फाइबर पहुंचाया जाएगा तथा कई सार्वजनिक स्थानों पर वाई-फाई की भी सुविधा होगी। इसका लाभ आम जनता भी अपने घरों में प्राप्त कर सकेगी। यह एक बहुत बड़ी सूचना क्रांति है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, श्रम मंत्री और सूचना प्रौद्योगिकी जीवेश मिश्रा ने भी सीएससी के कार्यशैली की प्रशंसा की और इसे रोजगार सृजन का एक माध्यम बताया। इस मौके पर वरुण कुमार सिंह (प्रदेश संयोजक कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ), चिपुरा मुखिया सतीश सिंह, भेलवारा दरियापुर के रॉकी कुमार, कनौजी कछुआरा के मुखिया समेत हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी