अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार किशोर को रौंदा, मां जख्मी

बुधवार की सुबह थाना क्षेत्र के मसौढ़ी-पिपलावां मुख्य मार्ग स्थित दरियापुर गांव के समीप दुर्घटना हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 08 Apr 2021 01:30 AM (IST) Updated:Thu, 08 Apr 2021 01:30 AM (IST)
अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार किशोर को रौंदा, मां जख्मी
अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार किशोर को रौंदा, मां जख्मी

नौबतपुर : बुधवार की सुबह थाना क्षेत्र के मसौढ़ी-पिपलावां मुख्य मार्ग स्थित दरियापुर गांव के समीप अनियंत्रित हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। किशोर की पहचान दुल्हिन बाजार थाना के सिंघाड़ा निवासी मो. सफीक के पुत्र मो. जीशान अंसारी (16 वर्ष) के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए फुलवारीशरीफ एम्स अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, पिपलावां स्थित ननिहाल से जीशान अपनी बाइक से मा के साथ मसौढ़ी बाजार जा रहा था। दरियापुर गांव के समीप सामने से रहे हाईवा ने ठोकर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही जीशान की मौत हो गई। दुर्घटना में जीशान की मां जख्मी हो गई। चालक हाईवा को लेकर भाग निकला। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। बताया जा रहा है कि जीशान चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। इस बाबत स्वजनों द्वारा अज्ञात वाहन के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया है। थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि मामला दर्ज कर हाईवा एवं चालक कि तलाश की जा रही है।

संसू, दुल्हिन बाजार : थाना क्षेत्र के सिघाड़ा गांव निवासी मो. सफीक के 16 वर्षीय पुत्र मो. जीशान की सड़क दुर्घटना में मौत से आक्रोशित ग्रामीण और स्वजनों ने सिघाड़ा चौक के समीप सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद भी जामस्थल पर देर बाद तक अंचलाधिकारी के नहीं पहुंचने से लोग आक्रोशित हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। दो घंटे बाद मौके पर राजस्व कर्मचारी मो.रिजवान पहुंचे तो लोगों ने बंधक बना लिया।

जामस्थल पर ही पूर्व मुखिया विजय प्रसाद गुप्ता ने बताया कि मुआवजा के लिए अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार को कई बार फोन लगाया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। ग्रामीण अंचलाधिकारी को स्थल पर बुलाने को मांग को पर अड़े थे। काफी मशक्कत कर पुलिसकर्मियों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर चार घंटे बाद जाम समाप्त कराया।

chat bot
आपका साथी