मसौढ़ी में गला दबाकर वृद्ध महिला को मार डाला

थाना क्षेत्र के चपौर मुसहरी में मंगलवार की रात 70 वर्षीया एक वृद्ध महिला की बदमाशों ने हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 08 Apr 2021 01:31 AM (IST) Updated:Thu, 08 Apr 2021 01:31 AM (IST)
मसौढ़ी में गला दबाकर वृद्ध महिला को मार डाला
मसौढ़ी में गला दबाकर वृद्ध महिला को मार डाला

मसौढ़ी : थाना क्षेत्र के चपौर मुसहरी में मंगलवार की रात 70 वर्षीया एक वृद्ध महिला की लहंगे की डोरी से गला दबाकर बदमाशों ने हत्या कर दी। महिला की पहचान रामध्यान सिंह की पत्नी गुलाबमणि देवी के रूप में हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। पुलिस गांव के एक युवक को हिरासत में ले पूछताछ कर रही थी।

जानकारी के मुताबिक, रामध्यान सिंह की तीन बेटियां हैं। बेटियों की शादी के बाद रामध्यान सिंह खुद धनरुआ थाना के दुभारा गांव में रहनेवाले अपने भतीजों के संग रहते हैं। उनकी पत्नी गुलाबमणी देवी अपने गांव चपौर स्थित अपने घर में अकेली रहती थी। मंगलवार की रात अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान घर में घुसकर बदमाशों ने लहंगे की डोरी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। बुधवार की देर सुबह तक दरवाजा नहीं खोलने पर पड़ोसियों ने घर में घुसकर देखा कि चारपाई पर उसका शव पड़ा था। घटनास्थल पर पुरुष का एक जोड़ा चप्पल बरामद हुआ। वहां पडे एक बक्से के कपडे़ बिखरे थे। जानकारी मिलने पर मुखिया ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

एक बक्शा बधार से बरामद

बुधवार को महिला का एक बक्शा चपौर व भलुआ के बीच स्थित बधार में मिला, जिसमें से कागज निकालकर फेंक दिया गया था। इससे इस आशंका को बल मिलता है कि बदमाश बक्शे में पडे़ किसी कागजात को ढूंढ निकालने के लिए अपने साथ चले गए थे। श्वान दस्ते की टीम ने की छानबीन :

घटना की जांच के लिए बाद में पटना से श्वान दस्ते की एक टीम पहुंची। घटनास्थल से होकर श्वान नदवां स्थित पुराने रेलवे केबिन तक गया और फिर वापस हो गया।

घटना का कारण जमीन विवाद तो नहीं

घटना के संबंध में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में विवाहिता के किसी स्वजन ने कोई आवेदन नहीं दिया है। छानबीन में यह पता चला है कि रामध्यान सिंह के पास डेढ कट्ठा जमीन थी, जिसे उसने कुछ दिनों पूर्व गांव के विनेश्वथर पासवान को रजिस्ट्री कर दी थी। जबकि उसी जमीन का एग्रीमेंट उसकी पत्नी गुलाबमणी देवी ने गांव के ही मन्नु पासवान के साथ की थी। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस सभी बिदुओं पर जांच कर रही है।

chat bot
आपका साथी