22 को नहीं, अब 28 को होगा विशेष टीकाकरण अभियान, अब तक 6.33 करोड़ लोगों को लगी वैक्‍सीन

Vaccination Campaign in Bihar प्रदेश के वैसे लोग जिन्होंने अब तक कोविड टीकाकरण नहीं कराया है उनके लिए टीकाकरण का विशेष अभियान अब 22 के बजाय 28 अक्टूबर को होगा। स्वास्थ्य विभाग ने विशेष टीकाकरण अभियान की तिथि में किए गए बदलाव से सभी जिलों को अवगत करा दिया है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 11:17 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 12:28 PM (IST)
22 को नहीं, अब 28 को होगा विशेष टीकाकरण अभियान, अब तक 6.33 करोड़ लोगों को लगी वैक्‍सीन
Vaccination in Bihar: बिहार में 28 अक्‍टूबर को विशेष टीकाकरण अभियान। सांकेतिक तस्‍वीर

पटना, राज्य ब्यूरो। प्रदेश के वैसे लोग जिन्होंने अब तक कोविड टीकाकरण नहीं कराया है, उनके लिए टीकाकरण का विशेष अभियान अब 22 के बजाय 28 अक्टूबर को होगा। स्वास्थ्य विभाग ने विशेष टीकाकरण अभियान की तिथि में किए गए बदलाव से सभी जिलों को अवगत करा दिया है। प्रदेश में अब तक 6.33 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया गया है। लक्ष्य 7.33 करोड़ लोगों के टीकाकरण का है। कोविन पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार 6.33 करोड़ लोगों में से 4.78 करोड़ लोगों को वैक्सीन की पहली और 1.54 करोड़ लोगों ने दूसरी डोज ली है। स्वास्थ्य विभाग की एक चिंता डबल डोज को लेकर भी है। अधिक से अधिक लोग पहली के साथ वैक्सीन की दूसरी डोज भी ले इसके लिए विभाग के स्तर पर प्रत्येक दिन कवायद चल रही है। इसी कड़ी में पिछले दिनों ये फैसला भी हुआ था टीकाकरण प्रारंभ होने के बाद से अब तक जिन लोगों का टीकाकरण नहीं हुआ है उनकी पहचान कर उनका टीकाकरण किया जाए। 

छूटे लोगाें की पहचान का कार्य नहीं हो सका पूरा  

विभाग के मंत्री और अपर मुख्य सचिव के साथ राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक के स्तर पर लिए गए फैसले के तहत छूटे हुए लोगों की पंचायतवार पहचान का जिम्मा आशा और आंगनबाड़ी सेविकाओं को सौंपा गया था। इस कार्य को 21 अक्टूबर तक खत्म करने की मियाद थी। परंतु सभी छूटे हुए लोगों की पहचान का कार्य पूरा नहीं हो सका। लिहाजा स्वास्थ्य विभाग ने विशेष टीकाकरण की तिथि को 22 से बढ़ाकर 28 अक्टूबर का दिया है। उस दिन सभी केंद्रों पर वैसे लोगों को प्राथमिकता में कोविड के टीके लगाए जाएंगे, जिन्होंने अब तक वैक्सीन की एक डोज भी नहीं ली है। 

2.61 लाख को लगे कोविड के टीके

प्रदेश में बुधवार को कोरोना से बचाव के लिए 2.61 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही राज्य में टीकाकरण का आंकड़ा 6.33 करोड़ के पार पहुंच गया। कोविन पोर्टल से रात साढ़े नौ बजे तक अपलोड आंकड़ों के अनुसार राज्य में आज टीकाकरण के लिए 8015 केंद्र सक्रिय किए गए। जिनमें नौ केंद्र निजी अस्पतालों में थे। जहां कुल 261953 लोगों का टीकाकरण किया गया। पटना में आज 21774, मुजफ्फरपुर में 9512, गया में 8422, पूर्णिया में 6284 और भगलपुर में 4776 लोगों को कोविड के टीके दिए गए। बीते 10 महीने से चल रहे टीकाकरण के तहत अब तक 6.33 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया गया है। 4.78 करोड़ लोगों ने अब तक वैक्सीन की पहली और 1.54 करोड़ लोगों ने दोनों डोज ली है। 

chat bot
आपका साथी