भाई की शादी का कार्ड बांटने निकले युवक की गोली मारकर हत्‍या, दोस्‍त घायल, बेगूसराय की घटना

बेगूसराय जिले के मटिहानी थाना क्षेत्र के भावानंदपुर गांव में डिप्लोमा के एक छात्र की अपराधियों ने गोली मारकर हत्‍या कर दी। दूसरा युवक को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल है। मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय कुणाल कुमार के रूप में की गई है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 11:53 AM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 11:53 AM (IST)
भाई की शादी का कार्ड बांटने निकले युवक की गोली मारकर हत्‍या, दोस्‍त घायल, बेगूसराय की घटना
बेगूसराय में युवक की गोली मारकर हत्‍या। सांकेतिक तस्‍वीर

बेगूसराय, जागरण संवाददाता। मटिहानी थाना क्षेत्र के भावानंदपुर गांव में डिप्लोमा के एक छात्र की अपराधियों ने गोली मारकर हत्‍या कर दी। दूसरा युवक को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल है। मृतक युवक की पहचान नयागांव थाना क्षेत्र के सोनापुर के रहने वाले रिटायर फौजी विजय कुमार सिंह के 26 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार के रूप में की गई है। घायल युवक की पहचान चंद्र भूषण सिंह का 26 वर्षीय पुत्र मुरारी कुमार है। कुणाल अपने भाई की शादी का कार्ड बांटने निकला था। इसी दौरान यह घटना हुई। 

भाई की शादी का कार्ड बांटने दोस्‍त संग निकला था कुणाल 

विजय कुमार सिंह ने बताया कि 29 नवंबर को शाम करीब पांच बजे उनका पुत्र भाई की शादी का कार्ड बांटने अपने दोस्त के साथ बाजार आया हुआ था। इसी दौरान मुरारी को किसी ने कॉल कर मिलने के लिए बुलाया। मुरारी के कहने पर कुणाल भी उसके साथ भावानंदपुर चला गया। वहां पहुंचते ही सुनियोजित तरीके से उससे मारपीट शुरू कर दी गई। इसके बाद दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। कुणाल को सिर में गोली लग गई। जबकि मुरारी केे हाथ में गोली लगी। सिर में गोली लगने से कुणाल की उसी जगह मौत हो गई थी।

पंचायत चुनाव की रंजिश में हत्‍या की आशंका 

मुरारी गोली लगने के बाद भी किसी तरह भागने में सफल रहा। इसके बाद उसने मोबाइल से अपने स्‍वजनों को घटना की जानकारी दी। रिटायर फौजी विजय कुमार सिंह ने बताया कि गांव में वार्ड सदस्य का चुनाव हुआ था। इस चुनाव में कुणाल ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई थी। इसी चुनाव के रंजिश के कारण अपराधियों ने  हत्या कर दी। स्‍वजनों ने बताया कि 5 दिसंबर को कुणाल के बड़े भाई की शादी होनी थी। 3 दिसंबर को तिलक था। इस घटना के बाद घर में खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया।मिली जानकारी के अनुसार कुणाल कुमार डिप्लोमा कर चुका था। वह सबसे छोटा होने के कारण घर का लाडला था। उसकी मौत से स्‍वजन बदहवास हैं। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इस घटना के बाद मौके पर मटिहानी थाने की पुलिस पहुंचकर शव को  पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि घायल युवक से पूछताछ में घटना की पूरी जानकारी मिल सकेगी। 

chat bot
आपका साथी