आरा में 24 घंटे के अंदर दूसरा कत्‍ल, युवक को मुंह में मारी गोली; अस्‍पताल ले जाने के दौरान हुई मौत

विक्की कुमार शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे घर से गांव के मोड़ स्थित एक दुकान की ओर गया हुआ था। इसी दौरान हथियार बंद हमलावर आ धमके तथा उसे मुंह में सटाकर गोली मार दी और फरार हो गए।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 09:11 AM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 09:11 AM (IST)
आरा में 24 घंटे के अंदर दूसरा कत्‍ल, युवक को मुंह में मारी गोली; अस्‍पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
आरा में हत्‍या के बाद रोते स्‍वजन। जागरण

आरा, जागरण संवाददाता। Murder in Ara: भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरौली गांव में शुक्रवार की सुबह हथियार बंद बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। हमलावर आठ-दस की संख्या में थे। मृतक 23 वर्षीय विक्की कुमार मुफस्सिल थाना के बरौली गांव निवासी कृष्ण कुमार का पुत्र था। हत्या के मूल में पैसे व ट्रैक्टर परिचालन को लेकर उपजे विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस स्वजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। हत्या करने का आरोप सलेमपुर गांव के कुछ लोगों पर लगाया जा रहा है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

घर से दुकान की ओर गया था तभी मारी गोली

बताया जाता हैं कि बरौली गांव निवासी विक्की कुमार शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे घर से  गांव के मोड़ स्थित एक दुकान की ओर गया हुआ था। इसी दौरान हथियार बंद हमलावर आ धमके तथा उसे मुंह में सटाकर गोली मार दी और फरार हो गए। बाद में फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण जुटे तथा जख्मी युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा ला रहे थे, तभी रास्ते में दम तोड़ दिया। बाद में सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर अनील कुमार सिंह वहां पहुंच गए।

मारे गए युवक के चाचा के साथ हुआ था विवाद

बताया जाता है कि मारे गए युवक के चाचा का विवाद एक रोज पहले हमलावरों के साथ हुआ था। मारपीट भी हुई थी। मृतक के पिता कृष्ण कुमार ने बताया कि उनके भाई धनंजय ने सलेमपुर गांव के एक व्यक्ति को दस हजार रुपये दिए थे। इसी को लेकर झगड़ा हुआ था। उनके भाई के साथ मारपीट भी हुई थी। उनका  बेटा इलाज कराने सदर अस्पताल, आरा आया था।

रात में भी हुई थी एक हत्या, 24 घंटे में दो कत्ल

मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबहां ओपी के इजरी - पीपरा गांव में गुरुवार की रात भी हथियार बंद बदमाशों ने एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी और आराम से फरार हो गए थे। मृतक 42 वर्षीय धनंजय सिंह पीपरा गांव निवासी घुरा सिंह के पुत्र थे। मृतक के सीने के पास गोली के जख्म का निशान पाया गया था। हमलावर दो की संख्या में थे।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

इधर, भोजपुर एसपी राकेश कुमार दूबे ने बताया कि हत्या के मूल पैसे को लेकर उपजे विवाद की बात सामने आ रही है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बताया जाता है कि पीपरा गांव निवासी धनंजय सिंह गुरुवार की देर शाम छत पर बैठे थे, तभी दोनों हथियार बंद छत पर पीछे से चढ़ गए थे। इसके बाद किसान के सीने में गोली मार दी थी। दूसरी ओर मृतक की भावज सीमा देवी ने  बताया कि धनंजय सिंह ने एक व्यक्ति को चार लाख रुपए कर्ज दिए थे, जिसे मांगे जाने पर टाल-मटोल किया जा रहा था।

chat bot
आपका साथी