मुंगेर के हथियार तस्‍करों के बेगूसराय से जुड़े तार, पांच देसी पिस्‍टल के साथ एक अपराधी गिरफ्तार

बिहार एसटीएफ के हत्‍थे चढ़े मुंगेर के हथियार तस्‍करों की निशानदेही पर बेगूसराय पुलिस ने एक युवक को पांच देसी पिस्‍तौल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक अन्‍य जगह पर छापेमारी कर 50 किलो गांजा के साथ तस्‍कर को पकड़ा है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 03:14 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 03:14 PM (IST)
मुंगेर के हथियार तस्‍करों के बेगूसराय से जुड़े तार, पांच देसी पिस्‍टल के साथ एक अपराधी गिरफ्तार
बरामद हथियार एवं हथियार तस्‍करों के संबंध में जानकारी देतीं डीएसपी नीशीत प्रिया। जागरण

बेगूसराय, जागरण संवाददाता। बेगूसराय पुलिस टीम ने बीते बुधवार को बदलपुरा चौक से गिरफ्तार हथियार तस्करों की निशानदेही पर तस्करों के लोकल नेटवर्क तक पहुंचने में सफलता हासिल की है। तस्करों की निशानदेही पर हथियार के खरीदार लोहियानगर निवासी रामबालक सहनी के पुत्र राजेश कुमार सहनी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ के आधार पर अन्य हथियार तस्करों की तलाश में लगी है। यह जानकारी शुक्रवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यालय डीएसपी निशीत प्रिया ने दी। 

मुंगेर से पकड़ाए तस्‍करों से पूछताछ में सामने आया नाम 

डीएसपी ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान मटिहानी थाना क्षेत्र के बदलपुरा चौक के समीप हथियारों की खरीद फरोख्त की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन व कार्रवाई के लिए सदर डीएसपी अमित कुमार, पटना एसटीएफ के एएसआइ विकास कुमार, मटिहानी थानाध्यक्ष विवेक भारती समेत सशस्त्र पुलिस बल की टीम गठित की गई। टीम ने बुधवार को मुंगेर जिला के टीकारामपुर निवासी विजय यादव के पुत्र चंदन कुमार व खगड़िया जिला के ठठ्ठा निवासी घोघी यादव के पुत्र अमरजीत कुमार को पांच देशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में स्थानीय खरीदार के नाम का पर्दाफाश किया, इसके बाद राजेश सहनी की गिरफ्तारी हुई। राजेश के खिलाफ पूर्व से फुलवरिया व लोहियानगर में आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ मटिहानी थाना में भादिव की धारा 25 (1-बी)ए/26/35 शस्त्र अधिनियम के तहत कांड संख्या 132/21 दर्ज की गई है। उन्‍हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

छितरौर से 50 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार

बेगूसराय के मटिहानी थाना क्षेत्र के चाक छितरौर गांव में सदर डीएसपी अमित कुमार ने नेतृत्व में गठित टीम ने 50 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान छितरौर निवासी प्रमोद यादव के पुत्र बादल कुमार के रूप में हुई है। मुख्यालय डीएसपी निशीत प्रिया ने बताया कि गांजा छिपाए जाने की जगह चि‍ह्नित कर की गई छापेमारी में बादल कुमार के घर के पीछे चार सीलबंद पैकेट बरामद किया गया। छापेमारी टीम में मटिहानी थानाध्यक्ष विवेक भारती, पुअनि दिनेश कुमार यादव, सअनि जितेन्द्र कुमार व सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस गिरफ्तार गांजा तस्कर से पूछताछ कर रही है। बुधवार को मटिहानी पुलिस ने मटिहानी गांव में शराब तस्करी की सूचना पर सूमो विक्टा जब्त की थी।  

chat bot
आपका साथी