पंचायत समिति की बैठक में आपस में भिड़े प्रमुख व मुखिया

पंचायत समिति की बैठक में मुखिया और प्रमुख भिड़े।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Jan 2020 02:04 AM (IST) Updated:Wed, 29 Jan 2020 06:06 AM (IST)
पंचायत समिति की बैठक में आपस में भिड़े प्रमुख व मुखिया
पंचायत समिति की बैठक में आपस में भिड़े प्रमुख व मुखिया

पटना( दानापुर)। प्रखंड कार्यालय के सभागार में मंगलवार को आयोजित पंचायत समिति की साधारण बैठक में जमकर हंगामा हुआ। इस बीच मुखिया व प्रमुख के बीच विवाद काफी बढ़ गया और देखते ही दखते दोनों एक-दूसरे से भिड़ गए। बाद में मुखिया व प्रमुख को प्रखंड विकास पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधियों ने शात कराया। हालांकि हंगामे को देखते हुए पुलिस को बुलाना पड़ा। मंगलवार को पंचायत की बैठक प्रखंड प्रमुख सुनील राय की अध्यक्षता में शुरू हुई। इस दौरान मुखिया ने दियारा पंचायत भवन में कर्मचारी के नहीं बैठने की बात कही। अन्य लोगों ने भी कहा कि दियारा के कर्मचारी शहर में बैठते हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। इस पर सीओ महेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि दियारा में कर्मचारी की व्यवस्था कराई जाएगी। मुखिया दिनेश राय ने पंचायत में शौचालय, वृद्धा पेंशन, आगनबाड़ी व कन्या विवाह योजना आदि के लाभुकों को लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। साथ ही सूची देने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने कर्मचारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बैठक में निर्णय लेने के बाद भी कोई काम नहीं होता है। इसी क्रम में स्कूल के निरीक्षण की बात शुरू हुई, जिसमें दिनेश राय ने प्रमुख पर कासिमचक के स्कूलों का निरीक्षण दुर्भावना से प्रेरित होकर करने का आरोप लगाया। मुखिया के आरोप पर प्रमुख सुनील राय ने कहा कि सभी पंचायतों का निरीक्षण किया गया। इसको लेकर एक दूसरे में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। मुखिया व प्रमुख में विवाद काफी बढ़ गया। इसके बाद दोनों हाथापाई को उतारू हो गए। फिर एक-दूसरे पर जूता व कुर्सी उठाने लगे। मगर बीडीओ व अन्य जनप्रतिनिधियों ने बीच-बचाव कर दोनों को शात कराया। इसके बाद प्रमुख ने मुखिया को सस्पेंड करने की शिकायत बीडीओ देवेंद्र कुमार से की। प्रमुख व मुखिया के बीच हंगामे को देखते हुए दानापुर थाने को बुला लिया गया। बैठक में उपप्रमुख नुरेसा बेगम, सीओ महेंद्र प्रसाद गुप्ता, सीडीपीओ कुमारी प्रगति, मुखिया दिनेश राय, सुभाष यादव, राजेंद्र बेलदार, रविंद्र सिंह योगेंद्र सिंह व पंचायत समिति सदस्य उमेश कुमार आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी