बिहारः बेटे की 'गलती' पर मां को मिली बड़ी सजा, हाथ जोड़कर रोती-चीखती रही पर नहीं माने दबंग

महिला का बाल काटकर दबंगों ने गांव में घुमाया। नौ घंटे तक बंधक बनाकर रखा। आरोप था कि महिला के बेटे के साथ युवती फरार हो गई है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दबंगों के चंगुल से महिला को मुक्त कराया। घटना बिहार के नालंदा जिले की है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 04 Jun 2021 06:37 AM (IST) Updated:Fri, 04 Jun 2021 06:37 AM (IST)
बिहारः बेटे की 'गलती' पर मां को मिली बड़ी सजा, हाथ जोड़कर रोती-चीखती रही पर नहीं माने दबंग
नालंदा में दबंगों के चंगुल से छुड़ाकर महिला को ले जाती पुलिस।

संवाद सूत्र, अस्थावां (बिहारशरीफ) : बिहार के नालंदा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में महिला का बाल काटकर दबंगों ने गांव में घुमाया। नौ घंटे तक बंधक बनाकर रखा। आरोप था कि महिला के बेटे के साथ युवती फरार हो गई है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दबंगों के चंगुल से महिला को मुक्त कराया। युवती की बरामदगी तक लोग महिला को मुक्त करने को तैयार नहीं थे।

जिला मुख्यालय से फोर्स बुलाई गई। इसके बाद महिला को मुक्त कराया गया। पुलिस की निगरानी में महिला सुरक्षित है। गांव में तनाव है। पुलिस कैंप कर रही है। डीएसपी शिब्ली नोमानी ने कहा कि किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती। पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। 

क्या है मामला

शेरपुर गांव के ही  युवक और युवती के बीच काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन घर वालों का रवैया देख बुधवार को घर से फरार हो गए। शेरपुर गांव में यह बात फैल गई। घटना के बाद लड़की के घर वालों ने युवक की मां को दबोच लिया और बंधक बनाकर प्रताड़ित करने लगे। महिला ने जब जानकारी होने से इनकार किया तो दबंगों ने उसका बाल काटकर गांव की गलियों में घुमाया। अस्थावां पुलिस को जानकारी मिली। पुलिस लड़की के घर पहुंची और महिला को मुक्त करने को कहा। दबंग अड़े रहे किजब तक लड़की घर नहीं लौटेगी, तब तक नहीं छोड़ा जाएगा। अस्थावां थानाध्यक्ष ने जिला मुख्यालय से संपर्क कर पुलिस बल बुलाया। महिला को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराने में नौ घंटे लग गए। थानाध्यक्ष ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का है। घर से भागे युवक व युवती की लोकेशन पता किया जा रहा है। जल्द ही दोनों को बरामद कर मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा। महिला के साथ दुर्व्यहार करने वालों लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी