लोकसभा चुनाव: पांच साल में तीन गुना बढ़ी मीसा की संपत्ति, रामकृपाल भी बढ़े आगे

पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से दो दिग्गज अपने भाग्य आजमा रहे हैं। रामकृपाल और मीसा की ओर से दायक हलफनामें के अनुसार दोनों की संपत्ति में इजाफा हुआ है। जानें किसके पास है क्या।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 26 Apr 2019 10:40 AM (IST) Updated:Fri, 26 Apr 2019 11:42 AM (IST)
लोकसभा चुनाव: पांच साल में तीन गुना बढ़ी मीसा की संपत्ति, रामकृपाल भी बढ़े आगे
लोकसभा चुनाव: पांच साल में तीन गुना बढ़ी मीसा की संपत्ति, रामकृपाल भी बढ़े आगे

पटना [जेेएनएन]। पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव और राजद की उम्मीदवार मीसा भारती ने शपथ-पत्र में अपनी संपत्ति एवं आपराधिक स्थिति की जानकारी दी है। शपथ-पत्र के अनुसार राजद प्रत्याशी मीसा भारती की चल संपत्ति में पांच वर्षों में लगभग तीन गुना बढ़ गई है। वहीं भाजपा के रामकृपाल की अचल संपत्ति के बाजार मूल्य में ढाई गुना से ज्यादा की वृद्धि हुई है।

मीसा फैमिली की अचल संपत्ति पचास लाख हुई कम
मीसा फैमिली की अचल संपत्ति में लगभग पचास लाख की कमी हुई है। 2014 और 2019 के शपथ-पत्रों का विश्लेषण के बाद यह तथ्य सामने आया है। शपथ-पत्र के अनुसार, रामकृपाल यादव दंपती की संपत्ति में कोई खास वृद्धि नहीं हुई है, बल्कि 2014 में रामकृपाल एवं उनकी पत्नी के पास 38 लाख 99 हजार 431 रुपये की चल संपत्ति थी, जो 2019 में घटकर 29 लाख 13 हजार 467 रुपये हो गई है। अलबत्ता अचल संपत्ति का बाजार मूल्य एक करोड़ से बढ़कर दो करोड़ 63 लाख हो गया है।

एक करोड़ 74 लाख 64 हजार 901 थे 2014 में
2014 में मीसा भारती के पास 83 लाख 92 हजार 956 रुपये, उनके पति शैलेश के पास 72 लाख 830 रुपये, पुत्री दुर्गा भारती के नाम 12 लाख 64 हजार 650 रुपये और गौरी भारती के नाम छह लाख छह हजार 465 रुपये की चल संपत्ति थी। इन संपत्तियों का कुल योग एक करोड़ 74 लाख 64 हजार 901 रुपये है।

पांच करोड़ एक लाख 13 हजार 265 रुपये हो गई अब
अब 2019 के शपथ-पत्र के अनुसार मीसा के पास एक करोड़ 18 लाख 34 हजार 736 रुपये, शैलेश के पास तीन करोड़ 49 लाख 76 हजार 259 रुपये, दुर्गा के नाम 22 लाख पांच हजार 426 रुपये और गौरी के नाम 10 लाख 96 हजार 844 रुपये की चल संपत्ति है। इन संपत्तियों का योग पांच करोड़ एक लाख 13 हजार 265 रुपये है।

मनी लांड्रिंग सहित दर्ज हैं कई मुकदमें
पांच सालों में मीसा फैमिली की अचल संपत्ति में लगभग पचास लाख की कमी हुई है। 2014 में मीसा के पास एक करोड़ 62 लाख, शैलेश के पास 52 लाख 20 हजार, दुर्गा के पास 65 लाख और गौरी के पास 22 लाख 50 हजार की अचल संपत्ति थी। अब 2019 में मीसा के पास एक करोड़ 10 लाख, शैलेश के पास 44 लाख, दुर्गा के पास 60 लाख और गौरी के पास 41 लाख की अचल संपत्ति है। मीसा ने अपने ऊपर दायर मनी लांड्रिंग सहित अन्य मुकदमों की जानकारी भी शपथ-पत्र में दी है।

chat bot
आपका साथी