पटना में बारिश के साथ बर्फीली हवा से 6 डिग्री गिरा पारा

बिहार में शुक्रवार को बारिश के साथ 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवा चली।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 13 Dec 2019 07:36 PM (IST) Updated:Fri, 13 Dec 2019 07:36 PM (IST)
पटना में बारिश के साथ बर्फीली हवा से 6 डिग्री गिरा पारा
पटना में बारिश के साथ बर्फीली हवा से 6 डिग्री गिरा पारा

पटना। बिहार में शुक्रवार को बारिश के साथ 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली बर्फीली हवा के कारण अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बारिश का प्रभाव पटना, सिवान, जहानाबाद, नालंदा, रोहतास के आसपास अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी राज्य में बादल छाए रहेंगे। सुबह कोहरा रहेगा। तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण कनकनी का अहसास होगा।

पटना और आसपास के इलाके में शुक्रवार को तड़के गरज के साथ बारिश शुरू हुई। पूरे दिन बूंदाबांदी होती रही। पटना में तीन मिलीमीटर (एमएम) वर्षा रिकॉर्ड की गई। कैमूर में 4 एमएम, सिवान, जहानाबाद, एकंगरसराय, इस्लामपुर, नालंदा में 3 एमएम, साहेबगंज, बाढ़, बिहारशरीफ, जहानाबाद के मखदुमपुर, बक्सर, बिहटा सहित आसपास के इलाकों में 2-2 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर से आ रही चक्रवाती हवा का असर शनिवार को भी प्रदेश में रहेगा। आकाश में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर गरज के साथ बूंदाबांदी होगी।

पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री, गया में पांच डिग्री, भागलपुर में तीन और पूर्णिया में एक डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड की गई। पटना का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री और अधिकतम 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस के अंतर के कारण कनकनी महसूस की गई। गया का न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री और अधिकतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री और अधिकतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा।

- - - - - -

chat bot
आपका साथी