पटना में विवाहिता से सात दिन तक सामूहिक दुष्कर्म, पति से झगड़कर घर से निकलना पड़ा महंगा

पति से झगड़ा कर महिला घर से भागकर ट्रेन पकड़ने पटना जंक्शन पहुंची थी। वहां स्थानीय होटल मालिक ने दोस्तों के साथ महिला को बहला-फुसला कर झांसे में ले लिया। एक आटो चालक के कमरे पर पीड़िता के रहने की व्यवस्था कर दी।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 09:51 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 09:51 PM (IST)
पटना में विवाहिता से सात दिन तक सामूहिक दुष्कर्म, पति से झगड़कर घर से निकलना पड़ा महंगा
पटना में महिला के साथ सात दिन तक सामूहिक दुष्कर्म किया गया। सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, पटना : जक्कनपुर थाना क्षेत्र में 25 वर्षीया विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पति से झगड़ा कर महिला घर से भागकर ट्रेन पकड़ने पटना जंक्शन पहुंची थी। वहां स्थानीय होटल मालिक ने दोस्तों के साथ महिला को बहला-फुसला कर झांसे में ले लिया। एक आटो चालक के कमरे पर पीड़िता के रहने की व्यवस्था कर दी। महिला का आरोप है कि वहां पांच लोगों ने सात दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। जक्कनपुर थाने की पुलिस ने पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। 

पटना निवासी महिला की शादी पांच वर्ष पहले खुसरूपुर के रहने वाले युवक से हुई थी। वर्तमान में महिला पति के साथ बंगाली टोला इलाके में रह रही थी। पति प्राइवेट नौकरी करता है और दो बच्चे हैं। छोटी-मोटी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। 10 अक्टूबर को झगड़े के बाद महिला घर छोड़कर चली गई थी। पति की शिकायत पर थाने में महिला की गुमशुदगी का मुकदमा भी दर्ज किया गया था। घर से भागकर महिला बख्तियारपुर निवासी चाचा के पास जाने के लिए पटना जंक्शन पहुंची थीं। वह पटना जंक्शन के करबिगहिया साइड में रो रही थी। 

होटल मालिक ने हमदर्दी दिखा दिया झांसा

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान वहां गोपाल होटल का मालिक गोपाल और उसका साथी कृष्ण कुमार आया और हमदर्दी दिखाई। दोनों ने महिला के पटना में रहने की व्यवस्था करने की बात कही। पीड़िता उनके झांसे में आ गई। बाद में दोनों महिला को आटो चालक अजय खत्री के करबिगहिया स्थित कमरे में ले गए। महिला का आरोप है कि वहां बंधक बनाकर गोपाल, कृष्ण कुमार, आटो चालक अजय खत्री, उसका साथी गोलू और आटो मालिक अरुण ने सात दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया। 

पुलिस ने कराया मुक्त 

जक्कनपुर थाना प्रभारी कमलेश शर्मा ने बताया कि इस बात की जानकारी महिला ने फोन से अपने ननदोई को दी। महिला ने उन्हें बताया कि उसे कुछ लोगों ने पश्चिम बंगाल में बंधक बनाकर रखा हुआ है। वे नशा देकर उनके साथ गलत काम कर रहे हैं। ननदोई ने यह बात जक्कनपुर थाने की पुलिस से साझा की। उसके बाद पुलिस ने महिला के मोबाइल लोकेशन की जांच की तो वह पटना का मिला। पुलिस ने रविवार की रात करबिगहिया में छापा मारकर वहां से महिला को मुक्त कराया। वहीं, उसके बयान के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपित गोपाल, कृष्ण कुमार, अजय खत्री, गोलू और अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। महिला की मेडिकल जांच कराई गई है। रिपोर्ट का इंतजार है।

chat bot
आपका साथी