पटना में दहेज के लिए पति ने पत्नी और सात महीने के बेटे को जलाकर मारा, एक बच्चा गंभीर

सकसोहरा थाना क्षेत्र के दलोचक गांव में दहेज के लिए पति ने पत्नी और सात महीने के बेटे को जलाकर मार दिया। जबकि झुलसने से दो साल के बच्चे को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 04:34 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 04:34 PM (IST)
पटना में दहेज के लिए पति ने पत्नी और सात महीने के बेटे को जलाकर मारा, एक बच्चा गंभीर
बाढ़ में हुई घटना के बाद अस्पताल में भर्ती बच्चा व स्वजन।

संस, बाढ़: सकसोहरा थाना क्षेत्र के दललोचक गांव में दहेज के लिए पति ने पत्नी और सात माह के बेटे को जलाकर मार डाला, जबकि झुलसने से दो साल का एक बेटा जख्मी हो गया है। विवाहिता के पिता राजो चौधरी के बयान पर पुलिस ने आरोपित पति मौली चौधरी और सास कौशल्या देवी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, साह सलेमपुर गांव निवासी राजो चौधरी ने बताया कि तीन वर्ष पहले बेटी रानी देवी की शादी सकसोहरा थाना क्षेत्र के दल्लोचक गांव निवासी मौली चौधरी के साथ की थी। शादी के समय दहेज में नकदी और सामान भी दिए थे। इसके बाद भी ससुराल वाले हमेशा रुपये की मांग कर रहे थे। इस संबंध में बेटी ने फोन कर कई बार जानकारी भी दी थी। रुपये नहीं देने पर मौली चौधरी ने बेटी रानी देवी और उसके दोनों बच्चों को घर में बंद कर आग लगा दी, जिससे रानी देवी और सात माह के अंकुश कुमार की झुलसकर मौत हो गई। वहीं दो साल के विकास की हालत गंभीर बनी है। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपित मौली चौधरी और उसकी मां ने विवाहिता की शव को गायब कर दिया और घर से फरार हो गए।

खेत से बरामद किया शव

घटना की जानकारी मिलने पर विवाहिता के पिता ने मामले की जानकारी स्वजनों को दी। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष गांव पहुंचे और छानबीन करते हुए महिला का शव बरामद कर लिया। विवाहिता के पिता राजो चौधरी के बयान पर पति मौली चौधरी और सास कौशल्या देवी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस ने विवाहिता रानी देवी को राणाबीघा और शहरी गांव के बीच खेत से बरामद किया।

तीन साल पहले हुई थी शादी

विवाहिता रानी देवी के पिता ने बताया कि तीन साल पहले बेटी की शादी धूमधाम से सकसोहरा थाना क्षेत्र के दल्लोचक गांव निवासी मौली चौधरी के साथ की थी। कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक चला। एक साल बाद ही ससुराल वाले दहेज में नकदी की मांग करने लगे। रुपये देने में असमर्थता जताने पर ससुराल वालों ने जलाकर बेटी और उसके पुत्र को मार डाला। दूसरे बेटे विकास की हालत गंभीर बनी है, जिसका अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। विवाहिता रानी देवी की तीन बहन और दो भाई हैं। रानी देवी दूसरे नंबर पर थी।

ग्रामीणों ने बताया कि शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे और विवाहिता रानी देवी को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए बाढ़ ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस की डर से शव को बाढ़ थाना क्षेत्र के शहरी और राणा बिगहा के बीच खेत में फेंक कर स्वजन फरार हो गए। सकसोहरा थाना प्रभारी जितेंद्र राम ने बताया कि विवाहिता रानी देवी के पिता राजो चौधरी के बयान पर पति और सास के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। दोनों फरार हैं। गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी