बिहार में खुदकुशी से हुआ लव मैरिज का अंत, लड़कर शादी करने वाली लड़की की डायरी पढ़ चौंके मां-बाप

बिहार में लड़की ने लव मैरिज के बाद अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बेगूसराय में एक विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार की शाम की है। लड़की ने डायरी में ससुराल वालों की प्रताड़ना का जिक्र किया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 10:59 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 10:59 PM (IST)
बिहार में खुदकुशी से हुआ लव मैरिज का अंत, लड़कर शादी करने वाली लड़की की डायरी पढ़ चौंके मां-बाप
प्रेम विवाह के तीन साल बाद लड़की ने आत्महत्या कर ली। सांकेतिक तस्वीर.

संसू, बलिया (बेगूसराय) : बिहार के बेगूसराय में लड़की ने लव मैरिज करने के बाद अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर में एक विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार की शाम की है। मृत महिला भगतपुर वार्ड संख्या आठ निवासी अजय चौधरी की 23 वर्षीय पत्नी वर्षा देवी उर्फ निभा रानी है। घटना को लेकर पिता मटिहानी थाना क्षेत्र के सिरनिया विशनपुर निवासी अनिल राय ने दहेज को लेकर ससुराल पक्ष के द्वारा पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में एफआइआर दर्ज कराई है। प्राथमिकी में दामाद अजय चौधरी, सास विमला देवी, ससुर दशरथ चौधरी को नामजद किया गया है। लड़की ने अपनी डायरी में ससुराल की प्रताड़ना का जिक्र किया है।

दर्ज प्राथमिकी में बताया गया कि उनकी पुत्री वर्षा देवी उर्फ निभा रानी ने तीन वर्ष पूर्व परिवार की मर्जी के विरुद्ध  अजय चौधरी के साथ प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से पुत्री से बातचीत बंद थी। छह-सात महीने पूर्व से पुत्री से मां की फोन पर बातचीत होने लगी थी। इस दौरान दामाद, सास एवं ससुर के द्वारा दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने की बात बताई गई थी। बलिया पुलिस ने बताया कि महिला का पति अजय चौधरी हरियाणा में रहकर मजदूरी करता है। उसे एक सात माह की बच्ची भी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया। पुलिस मृतका के कमरे से एक डायरी एवं एक मोबाइल बरामद की है। उक्त डायरी में महिला ने तीन वर्ष पूर्व अपने मन से प्रेम विवाह करने की बात कही है। साथ ही ससुराल पक्ष के द्वारा लगातार दहेज की मांग करने एवं मारपीट करने का भी आरोप लगाया। इससे तंग आकर खुदकुशी करने की बात डायरी में लिखी है। पीडि़त पिता के आवेदन के आलोक में पुलिस ने ससुर दशरथ चौधरी एवं सास विमला देवी को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पहलू की जांच की जा रही है। दर्ज प्राथमिकी के आलोक में सास, ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 

chat bot
आपका साथी