लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान कोरोना पॉजिटिव, दिल्ली में खुद को किया होम क्वारंटीन

लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान कोरोना संक्रमित हो गए हैं। आरटी पीसीआर की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाते ही चिराग ने खुद को दिल्ली स्थित आवास पर आइसोलेट कर लिया और होम क्वारंटीन में ही उनका इलाज चल रहा है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 08:13 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 08:13 PM (IST)
लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान कोरोना पॉजिटिव, दिल्ली में खुद को किया होम क्वारंटीन
कोरोना संक्रमित होने के बाद घर में इलाज कराते चिराग पासवान।

राज्य ब्यूरो, पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) अध्यक्ष चिराग पासवान कोरोना संक्रमित हो गए हैं। आरटी पीसीआर की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाते ही चिराग ने खुद को दिल्ली स्थित अपने आवास पर आइसोलेट कर लिया है। होम क्वारंटीन में ही चिराग का इलाज चल रहा है। बता दें कि चिराग बिहार की जमुई लोकसभा सीट से सांसद हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान के पुत्र हैं। 

तीन दिन पहले कराया था आरटी पीसीआर टेस्ट

लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान ने तीन दिन पहले कोरोना संक्रमण के लक्षण पर आरटी पीसीआर जांच करवाई थी। वह पिछले कई दिनों से बीमार थे। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी चिराग ने खुद दी है। इसके पहले चिराग ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा था कि कोरोना लक्षण जैसे बुखार और सिर में दर्द होने के कारण मैंने आरटी पीसीआर जांच करवाई है। इसके बाद अपने आपको होम आइसोलेट कर लिया है। 

कोरोना के लक्षण होने पर न करें नजरअंदाज

इसके साथ ही जमुई से सांसद चिराग ने आम लोगों से अपील की है कि कोरोना वायरस से जुड़े लक्षण आने पर नजरअंदाज न करें। तुरंत जांच करवाएं और उपचार शुरू करवाएं। चिराग ने लोगों को कोरोना संक्रमण को हराने का हौसला देते हुए लिखा है कि खुद को मजबूत रखें। रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रहने से कोरोना को आप हरा पाएंगे। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच रखें। आयुर्वेद और योग का सहारा लें। साथ ही चिकित्सकों से सलाह लेकर ही कोई दवाई खाएं। दिल्ली में चिराग पासवान के कोरोना संक्रमित होने की खबर मिलने से लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ता चिंतित हो गए हैं। लोजपा नेताओं ने चिराग पासवान के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। 

chat bot
आपका साथी