चिराग पासवान ने की बिहार के CM नीतीश कुमार की शिकायत, लालू यादव को बताया अभिभावक

लोजपा में टूट के बाद लगातार चिराग पासवान बिहार में जनता का समर्थन पाने के लिए आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। मंगलवार को बिहार की कानून व्यवस्था व अन्य मसलों को लेकर बिहार के राज्यपाल से चिराग पासवान ने मुलाकात की।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 03:26 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 05:29 PM (IST)
चिराग पासवान ने की बिहार के CM नीतीश कुमार की शिकायत, लालू यादव को बताया अभिभावक
बिहार के राज्यपाल से मिलते लोजपा नेता चिराग पासवान व अन्य। साभारः ट्विटर।

जागरण टीम, पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) में टूट के बाद लगातार चिराग पासवान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर हैं। जमुई सांसद सांसद नीतीश कुमार की योजनाओं को भ्रष्टाचार का जरिया बता रहे हैं। अब चिराग ने बिहार के सीएम की शिकायत की है। लोजपा प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को बिहार के राज्यपाल फागू चौहान से मिला। लोजपा प्रतिनिधि मंडल में पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान के अलावा प्रधान महासचिव संजय पासवान, इंदु कश्यप, प्रदेश प्रमुख राजू तिवारी और हुलास पाण्डेय शामिल थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने लालू प्रसाद यादव को अपना अभिभावक बताया। 

पार्टी प्रवक्ता राजेश भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों की हत्या होने पर पीड़ित परिवारों में से एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गई थी, जो अब तक लागू नहीं हुई। इससे वह वर्ग ठगा महसूस कर रहे हैं। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान चिराग पासवान ने राज्य में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति से उन्हें अवगत कराया और विधि व्यवस्था में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश राज्य सरकार को देने का अनुरोध किया। 

लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि बिहार में जिस तरह से दलितों के खिलाफ अत्याचार हो रहा है, उससे यह प्रतीत होता है कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं रह गई है। भ्रष्टाचार चरम पर है। ऐसे में लोजपा का प्रतिनिधिमंडल जमुई के सांसद चिराग पासवान के नेतृत्व में मंगलवार की शाम बिहार के राज्यपाल फागू चौहान से मिला। इस दौरान गवर्नर को राज्य की स्थिति से अवगत कराया गया।

अतिरिक्त सुरक्षा की कर चुके हैं मांग

बता दें कि हाल ही में कटिहार के मेयर (महापौर) शिवराज पासवान की हत्या कर दी गई थी। पंचायती के बाद लौटते समय कटिहार के संतोषी चौक पर तीन गोली मारकर उनकी अपराधियों ने जान ले ली थी। मेयर की हत्या के बाद से ही चिराग दलित और पासवान समाज के लोगों को बिहार में खतरा होने की बात कह रहे हैं। दो दिन पहले ही चिराग पासवान ने खुद की जान को खतरा बताकर अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है।

लोजपा में टूट के बाद निकाल रहे आशीर्वाद यात्रा

लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) में टूट के बाद से जमुई सांसद जनता का समर्थन पाने के लिए आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। इस दौरान चिराग पासवान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोल रहे हैं। साथ ही चिराग दावा कर रहे हैं कि बिहार की सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। राज्य में मध्यावधि चुनाव होंगे, जिसमें पूरा बिहार लोजपामय हो जाएगा। 

chat bot
आपका साथी