नीतीश कुमार के 'घर' में चिराग पासवान ने फिर किया इशारा, बिहार के सत्ताधारी दल के नेताओं को किया आगाह

लोजपा सांसद चिराग पासवान ने कहा है कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना बिहार के इतिहास में भ्रष्टाचार की सबसे बड़ी योजना है। गांव-पंचायत के घर-घर में नल-जल योजना पूरी तरह से फ्लाप है। इस योजना में सिर्फ और सिर्फ घोटाला ही हुआ है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 08:10 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 08:10 PM (IST)
नीतीश कुमार के 'घर' में चिराग पासवान ने फिर किया इशारा, बिहार के सत्ताधारी दल के नेताओं को किया आगाह
आशीर्वाद यात्रा के दौरान राजगीर के शीतल कुंड गुरुद्वारा में मत्था टेकते चिराग पासवान।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना बिहार के इतिहास में भ्रष्टाचार की सबसे बड़ी योजना है। गांव-पंचायत के घर-घर में नल-जल योजना पूरी तरह से फ्लाप है। इस योजना में सिर्फ और सिर्फ घोटाला ही हुआ है। रविवार को आशीर्वाद यात्रा पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले (नालंदा) बिहारशरीफ पहुंचे लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमुई सांसद चिराग पासवान ने परिसदन में प्रेस वार्ता के दौरान यह बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूरे सूबे में आशीर्वाद यात्रा में मिल रहा जनसमर्थन बदलाव का संकेत है।

उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के नेताओं को आगाह करना चाहता हूं कि आने वाले समय में पूरा बिहार लोजपामय होगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार इस कदर हावी है कि कोई भी सरकारी कार्य बिना रिश्वत दिए नहीं होता है। इंसाफ मांगने वाले शिक्षकों व छात्रों पर लाठियां बरसाईं जा रही हैं। नीतीश जी हवाई सर्वें करते हैं, कभी सड़क से यात्रा करें तो उन्हें विकास की हकीकत दिखेंगी। हाल के दिनों में नालंदा जिले में जितनी हत्याएं हुई हैं, उनमें एक भी जगह ऐसी नहीं है, जहां नीतीश कुमार ने पहुंच कर मृतकों के स्वजन को सांत्वना दी हो। इस मौके पर लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, संसदीय बोर्ड अध्यक्ष हुलास पांडेय, संगठन मंत्री संजय सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजेश भट्ट, अशरफ अंसारी, राकेश रोशन, इंदू कश्यप, गजाली इमाम, संजय रविदास, ममता देवी, अरविंद सिंह,  जिलाध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट, रामकेश्वर प्रसाद उर्फ पप्पू, नरेश प्रसाद,  अजय कुशवाहा, मंजू देवी, रमेश कुमार, शाहनवाज सौरभ कुमार, अरुण पासवान, सत्येन्द्र पासवान आदि उपस्थित थे।

कार्यकर्ताओं में जोश देख गदगद हुए चिराग

आर्शीवाद यात्रा के दौरान बिहारशरीफ आए चिराग पासवान का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके काफिले पर लोगों ने जमकर फूल बरसाए और जयघोष किया। भीड़ के कारण रांची रोड, अस्पताल रोड तकरीबन दो घंटे तक जाम रहा। कार्यकर्ताओं का जोश देख चिराग पासवान गदगद दिखे। उनके आने के पहले बिहारशरीफ के चोराबगीचा में कार्यकर्ता ढोलक की थाप पर झूमते दिखे। स्वागत कई लोग घोड़े से आए थे। पूरा शहर लोजपा के बैनर, पोस्टर व पार्टी की टोपी और गमछा पहने लोगों से पटा दिखा।

राजगीर के शीतल कुंड गुरुद्वारा में नमन कर शुरू की यात्रा

संवाद सहयोगी, राजगीर : लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान ने जिले में यात्रा का शुभारंभ देव भूमि राजगीर से किया। सबसे पहले वे गुरु नानकदेव शीतल कुंड गुरुद्वारे में शीश नवाने पहुंचे। कहा, गुरु से पूरे सूबे की सुख-समृद्धि की दुआ मांगी है। गुरुद्वारा इंचार्ज हरजीत सिंह ने चिराग को पवित्र अंगवस्त्र भेंट देकर  सम्मानित किया। उन्होंने आशीर्वाद यात्रा की सफलता के लिए चिराग पासवान को शुभकामनाएं दी। इसके बाद राजगीर में सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद चिराग पासवान का काफिला सिलाव होते हुए बिहारशरीफ पहुंचा। यहां उन्होंने बाबा साहेब अम्बेडकर और गुरु सहाय लाल की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाए। खंदक पर स्थित अनुसूचित जाति हास्टल जाकर छात्रों से मिले। यहां से अस्थावां व बेनार मोड़ होते सरमेरा निकल गए। 

chat bot
आपका साथी