लोजपा को झटके पर झटका, इकलौती विधान पार्षद व मंत्री नीरज बबलू की पत्‍नी नूतन सिंह भाजपा में हुई शामिल

अब लोजपा अपनी एकमात्र विधान पार्षद नूतन सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद विधान परिषद में नेता विहीन हो गई है। नूतन सिंह दिवंगत एक्‍टर सुशांत सिंह राजपूत की भाभी भी हैं। आज पूर्व आइएएस अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Mon, 22 Feb 2021 06:29 PM (IST) Updated:Tue, 23 Feb 2021 02:29 PM (IST)
लोजपा को झटके पर झटका, इकलौती विधान पार्षद व मंत्री नीरज बबलू की पत्‍नी नूतन सिंह भाजपा में हुई शामिल
लोजपा नेत्री नूतन सिंह भाजपा में शामिल, उनके बाएं मंत्री नीरज सिंह व भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष संजय जायसवाल। जागरण फोटो

पटना, राज्य ब्यूरो । चिराग पासवान की लोजपा को झटके पर झटका लग रहा है। हाल ही में लोजपा के दो सौ से ज्‍यादा नेता जदयू में शामिल हुए हैं। भाजपा के रामेश्‍वर चौरसिया सरीखे कुछ नेता जो टिकट नहीं मिलने पर लोजपा में शामिल हुए थे, उन्‍होेंने भी लोजपा की सदस्‍यता से इस्‍तीफा दे दिया है। अब लोजपा की एकमात्र विधान पार्षद के भाजपा में शामिल होने से लोजपा बिहार विधान परिषद में नेता विहीन हो गई है। लोजपा नेत्री और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज सिंह बबलू की पत्नी नूतन सिंह ने सोमवार ( 22 फरवरी) को भाजपा का दामन थाम लिया। नीरज बबलू बॉलीवुड के दिवंगत एक्‍टर सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई  हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय के अटल सभागार में नूतन सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पूर्व आइएएस अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

नूतन के साथ दर्जनों नेता भाजपा में शामिल

भाजपा के मुख्यालय प्रभारी सुरेश रूंगटा ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। नूतन 2015 में स्थानीय प्राधिकार से एमएलसी चुनी गईं थी। वह सहरसा, मधेपुरा और सुपौल स्थानीय का नेतृत्व करती हैं। बिहार विधान परिषद में नूतन लोजपा की इकलौती नेत्री थी। नूतन के पाला बदलने के साथ विधान परिषद में लोजपा नेतृत्व विहीन दल हो गया। मई में नूतन सिंह का कार्यकाल विधान परिषद में समाप्त हो रहा है। नूतन के साथ दर्जनों लोजपा नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन भी उपस्थित थे।

मजबूत होगी पार्टी

उधर, पूर्व नौकरशाह उदय प्रताप सिंह और नूतन के भाजपा के सदस्यता ग्रहण करने पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि पार्टी को मजबूती मिलेगी। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रति लोगों में तेजी बढ़ रहे भरोसा को दर्शाता है। बता दें कि पहली बार भाजपा विधायक नीरज बबलू प्रदेश सरकार में मंत्री बनाए गए हैं। लोजपा के लिए यह बड़ा झटका है।

उल्‍लेखनीय है कि सुशांत सिंह की मौत के बाद नीरज बबलू व उनकी पत्‍नी पूरे समय उनके पिता व परिवार का संबल बनकर खड़े रहे।

chat bot
आपका साथी