HIGHLIGHTS बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव: छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान संपन्‍न, बारिश के बीच दिखा वोटरों का उत्‍साह

HIGHLIGHTS Bihar Panchayat Mukhiya Chunav बिहार में जिला पार्षद मुखिया पंचायत समिति सदस्‍य वार्ड सदस्‍य सरपंच व पंच के चुनाव का चौथे चरण का मतदान समाप्‍त हो चुका है। इस दौरान छिटपुट घटनाएं हुईं लेकिन मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा।

By Amit AlokEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 05:55 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 05:57 PM (IST)
HIGHLIGHTS बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव: छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान संपन्‍न, बारिश के बीच दिखा वोटरों का उत्‍साह
बारिश के बीच मतदान के लिए पहुंचते लोग व बूथ पर लगी कतार। तस्‍वीरें: जागरण।

पटना, जागरण टीम। बिहार में बुधवार को चौथे चरण के लिए हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत व ग्राम कचहरियों के चुनाव में 62 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला पार्षद, मुखिया, पंचायत समिति सदस्‍य, वार्ड सदस्‍य, सरपंच व पंच के पदों के लिए मतदान सुबह सात से आरंभ होकर शाम पांच बजे तक चला। इसमें 799 पंचायतों के लिए 88,137 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों और ईवीएम में बंद हो गया। जगह-जगह बारिश के कारण मतदाताओं को परेशानी हुई। बगहा के एक बूथ पर वोटर की मौत हो गई तो पटना में एक मतदाता शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया। हाजीपुर के एक बूथ पर गोलीबारी में एक व्‍यक्ति के घायल हो जाने की भी सूचना मिली है। छपरा के एक बूथ पर बिजली की व्‍यवस्‍था नहीं रहने के कारण टार्च की रोशनी में मतदान कराया जाता देखा गया।

Bihar Panchayat, Mukhiya Chunav Voting HIGHLIGHTS

05:00 PM- छिटपुट घटनाओं के साथ पंचायत चुनाव के चौथे चरण का मतदान संपन्‍न। 799 पंचायतों के लिए 88,137 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों व ईवीएम में बंद। अब मतगणना शुक्रवार को होगी।

04:14 PM- मतदान के अंतिम दौर में वैशाली के हाजीपुर बूथ संख्‍या 196 एवं 197 पर गोली चली है। गोलीबारी में पंकज कुमार नामक एक व्यक्ति के घायल होने की बात सामने आई है। घायल को हाजीपुर सदर अस्पताल इलाज के लिए लाया गया है। हालांकि वैशाली के एसपी मनीष का कहना है कि गोली लगने से घायल होने की बात बिल्कुल अफवाह है।

03: 45 PM- मतदान में अब सवा घंटा शेष बचा है। बूथों पर अभी भी कतारें लंबी दिख रहीं हैं। अपराह्न काल में मतदान की रफ्तार भी बढ़ी है। मुजफ्फरपुर में अपराह्न तीन बजे तक 55 फीसद मतदान हो चुका था।

03:15 PM- सिवान के मैरवा प्रखंड में चौथे चरण के मतदान की पूर्व रात्रि भारी बारिश के कारण कई बूथों पर जल-जमाव हो गया। इस कारण बड़गांव पंचायत के दो मतदान केंद्रों को अन्‍यत्र शिफ्ट करना पड़ा। मतदान केंद्र स्थानांतरित किए जाने के कारण मतदान विलंब से शुरू हुआ।

02: 45 PM- मधुबनी में बारिश पर भारी पड़ा मतदान का जज्बा। पुरुषों से आगे चल रहीं महिलाएं। राजनगर व खजौली में करीब 35 फीसद मतदान हो चुका है। इनमें महिलाओं की संख्‍या ज्‍यादा है। बारिश के बीच छाता लिए मतदाताओं की कतार लगी हुई है।

02:15 PM- पश्चिम चंपारण के बगहा स्थित सिंगाडी पिपरिया के बूथ 63 पर वोटिंग के दौरान एक वोटर ढोंढा साह की मौत हार्ट अटैक से हो गई। मृतक रिटायर्ड होमगार्ड जवान था। अररिया के बूथ 228 पर एक महिला वोटर फूलो देवी ने जमकर हंगामा किया। उसका आरोप था कि मतदानकर्मी ने ईवीएम का बटन दबा दिया। उधर, सीतामढ़ी के डुमरा प्रखंड कार्यालय पर ईवीएम में तीन पंचायत समिति प्रत्‍याशियों के नाम नहीं रहने के कारण हंगामा हुआ।

01:45 PM- पंचायत चुनाव का मतदान अभी तक शांतिपूर्ण है। कहीं से किसी अप्रिय वारदात की सूचना नहीं मिली है। इस बीच बारिश के कारण मतदान जरूर प्रभावित हुआ है।

01:15 PM- सहरसा के प्रियवर्त उच्च विद्यालय पंचगछिया स्थित मतदान केंद्र बारिश के कारण तालाब में तब्दील दिख रहा है। कई और बूथों का भी यही हाल है। इसके बावजूद मतदान का उत्‍साह कम नहीं हुआ है।

12:45 PM- खगड़िया की 13 पंचायतों के 174 बूथों पर बारिश के बीच करीब 25 फीसद मतदान हो चुका है। अररिया के नरपतगंज की पोसदाहा पंचायत में महिलाएं ट्रैक्‍टर से आठ किलोमीटर दूरी तय कर बूथ संख्या 135 पर मतदान करने पहुंचीं।

12:22 PM- पटना जिले के बिहटा प्रखंड में देकुली मतदान केंद्र पर शराब पीकर मतदान करने पहुंचे एक मतदाता को बिहटा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शराबी मतदाता की पहचान देवकुली निवासी सुजीत कुमार के रूप में की जा रही है। आपको बता दें कि पटना जिले के दो प्रखंडों में आज मतदान हो रहा है।

12:00 PM- मोतिहारी के ढाका के बूथ संख्या 179 पर पंचायत सदस्य के मतपत्र का त्रुटिपूर्ण प्रकाशन। इसे लेकर इस पद के लिए मतदान नहीं हो रहा है। शेष पदों पर मतदान चल रहा है। इस बूथ पर वार्ड सदस्य के लिए पुनर्मतदान के लिए चुनाव आयोग को अनुशंसा की जा रही है।

11:30 AM- मतदान के लिए लोगों का घरों से निकलना तेज होता दिख रहा है। वैशाली के लालगंज प्रखंड में रिमझिम बारिश के बीच बुजुर्ग मतदाता को गोद में उठा मतदान कराकर एक युवा घर लौटता दिखा। वैशाली जिले के लालगंज प्रखंड अंतर्गत आदर्श मतदान केंद्र घटारो पर दादी को गोद में उठाकर मतदान कराने पोता पहुंचा। उधर, जमुई की सोनो पंचायत में दादी को वोट दिलाने ले जाता पोता दिखा।

11:00 AM- छपरा के मशरख प्रखंड के दुगौली गांव के दुमदुमा के बूथ पर रोशनी की व्‍यवस्‍था नहीं है। इस कारण वहां टार्च क रोशनी में मतदान कराया जा रहा है। सिवान के मैरवा प्रखंड में मतदान की गति धीरे-धीरे बढ़ रही है। वैशाली के लालगंज प्रखंड में रिमझिम बारिश के बीच मतदान चल रहा है। गोपालगंज के पंचदेवरी प्रखंड के भगवानपुर मतदान केंद्र पर ईवीएम में आई खराबी को ठीक किया जा रहा है। वहां मतदान बाधित है।

10:30 AM- कई जगह अभी भी ईवीएम में खराबी के कारण मतदान बाधित है। नवादा के अकबरपुर प्रखंड के मलिकपुर स्थित बूथ संख्या 163 पर ईवीएम खराब है। जिला परिषद के 28 वोट पड़ने के बाद ईवीएम खराब हो गया। इस कारण मतदान अभी बंद है।

10:00 AM- वैशाली जिले के लालगंज प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 193 पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में वोटिंग हो रही है। वैशाली के दो प्रखंडों लालगंज एवं चेहरा कला में व्यापक प्रशासनिक बंदोबस्त के बीच शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है।

09:30 AM- नालंदा के डुमरी गांव के बूथ संख्‍या दो पर 35 मिनट विलंब से मतदान शुरू हुआ। मुंगेर के असरगंज प्रखंड में तेज बारिश के बीच मतदाता छाता लेकर मतदान केंद्र पहुंचे हैं। कटिहार के मनषय प्रखंड के बूथ संख्या नौ पर बारिश के बीच मतदान के मतदाता पहुंच रहे हैं। किशनगंज प्रखंड की 10 पंचायतों में भी बारिश के बीच मतदान जारी है। खगड़िया के गोगरी प्रखंड के दो जिप क्षेत्र 13 एवं 14 अंतर्गत 13 पंचायतों के 174 बूथों पर बारिश के बावजूद मतदान का उत्‍साह दिख रहा है। सहरसा के सत्तर कटैया प्रखंड में भी बारिश के बीच वोटिंग जारी है।

09:00 AM- बिहटा प्रखंड में कुल 22 पंचायतों में जिला परिषद- तीन, मुखिया- 22, पंचायत समिति सदस्‍य-29, कचहरी सरपंच-22 , पंचायत सदस्य-293 एवं कचहरी पंच-293 सहित कुल 662 पदों के लिए चुनाव हो रहा है। इसके लिए जिला परिषद पद से 38 महिला उम्मीदवार, मुखिया पद से 176 (पुरुष 95-महिला 81), पंचायत समिति सदस्य के लिए 181 (पुरुष 78-महिला 103), सरपंच के लिए 120 (पुरुष 61-महिला 59), वार्ड सदस्य के लिए 1209 (पुरुष 574-महिला 635) और पंच के लिए 300 (पुरुष 146-महिला 154) कुल 2024 प्रत्याशियों ने अपना अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इसका फैसला 69835 महिला एवं 78703 पुरुष कुल 148542 मतदाता अपने अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं।

08:30 AM- लखीसराय के रामगढ़ चौक की औरे पंचायत के प्राथमिक विद्यालय बेलदरिया मतदान संख्या 14 पर बारिश के बीच मतदाता लाइन में लगे हैं। उधर, रामगढ चौक प्रखंड की शर्मा पंचायत के रामगढ़ गांव में मतदान केंद्र संख्या 60 पर अभी मतदान शुरू नहीं हुआ है। वहां ईवीएम में खराबी की खबर मिल रही है।

08:00 AM- बांका के बौसी में धहुआ पंचायत के मतदान केंद्र 99 पर जिला परिषद और मुखिया के ईवीएम में खराबी के कारण मतदान बाधित है। बारिश के बीच मतदाता कतार लगाए खड़े हैं। 

07:48 AM- बारिश के बीच बांका के बौसी प्रखंड में मतदान शुरू हो गया है। बारिश के कारण वोटर कम आ रहे हैं। बांका के बौंंसी प्रखंड में 436 पदों के लिए 1349 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 1.11 लाख से अधिक वोटर कर रहे हैं। यहां अपराह्न तीन बजे तक हीं मतदान होगा।

07:38 AM- जमुई के सोनो पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 13 पर ईवीएम खराब होने की सूचना मिली है। वहां मतदान नहीं हो पा रहा है। मतदाता कतार में लगे हैं। कई और जगह भी ईवीएम खराब मिले हैं।

07:28 AM- बारिश के बीच मुंगेर के असरगंज प्रखंड में शुरू हुआ मतदान। लखीसराय में बारिश के कारण मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ नहीं है। कई अन्‍य जिलों में भी यही हाल है। बिहार में रात से हीं जगह-जगह हो रही बारिश के कारण अभी तक बूथों पर कम लोग हीं पहुंचे हैं। मतदान में अभी तेजी नहीं आ सकी है।

07:00 AM- चौथे चरण का मतदान सात बजे आरंभ हो गया है। हालांकि, कई जगह अभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहां भी मतदान जल्‍द हीं शुरू हो जाएगा। मतदान के लिए बूथों पर मतदाता पहुंचने लगे हैं। कतारें लंबी हो रहीं हैं।

06:55 AM- चौथे चरण के मतदान के पहले हीं 3220 प्रत्याशी निर्विरोध विजेता घोषित किए जा चुके हैं। एक मुखिया के अलावा 115 वार्ड सदस्य और 3104 पंच निर्विरोध विजयी रहे हैं। । 147 पदों के लिए किसी ने पर्चा ही नहीं भरा, जिनमें सात पद ग्राम पंचायत सदस्य, एवं 140 पद ग्राम कचहरी पंच के पद शामिल हैं।

06:30 AM- राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव सभी संबंधित तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्वच्‍छ एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए मुकम्मल इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। बोगस वोटिंग रोकने के लिए आयोग की ओर से मतदाताओं के बायोमीट्रिक अटेंडेंस,  लाइव वेबकास्टिंग के जरिए प्रखंड, जिला और प्रदेश स्तर पर मानीटरिंग होगी।

06:00 AM- 24,586 पदों पर हो रहा चुनाव

चौथे चरण में 11,318 मतदान केंद्रों पर 24,586 जन-प्रतिनिधियों को चुनने के लिए वोट डालेंगे। कुल 88,137 प्रत्याशियों में 41,410 पुरुष और 46,727 महिलाएं हैं। इससे पहले 3220 प्रत्याशी निर्विरोध विजेता घोषित किए जा चुके हैं। इनमें एक मुखिया के अलावा 115 वार्ड सदस्य और 3104 पंच निर्विरोध विजयी रहे।

chat bot
आपका साथी