HIGHLIGHTS Bihar Panchayat Chunav: मुंगेर में पुलिस पर हमला, औरंगाबाद में बूथ लूटने की कोशिश में फायरिंग

HIGHLIGHTS Bihar Panchayat Chunav पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान में मतदाता ग्राम पंचायत सदस्य पंच मुखिया सरपंच पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्‍य के लिए वोट डाल रहे हैं। इस दौरान मुंगेर गया नवादा व औरंगाबद में हिंसक झड़पें हुईं हैं।

By Amit AlokEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 06:01 AM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 05:25 PM (IST)
HIGHLIGHTS Bihar Panchayat Chunav: मुंगेर में पुलिस पर हमला, औरंगाबाद में बूथ लूटने की कोशिश में फायरिंग
पहले चरण के बिहार पंचायत चुनाव में बूथों पर लगी कतारें। तस्‍वीर: जागरण।

पटना, जागरण टीम। Bihar Panchayat Chunav 1st Phase Voting Update बिहार में पंचायत चुनाव (Bihar Panchayat Election 2021) के पहले चरण में शुक्रवार को ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम कचहरी पंच, मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद के पदों के लिए मतदान (Bihar Panchayat Election First Phase Voting) हुआ। इस दौरान मुंगेर में पुलिस पर हमला कर पुलिस गाड़ी को क्षतिग्रस्‍त कर दिया गया। गया, नवादा व औरंगाबाद में भी हिंसक झड़पों की सूचना मिली। पहले चरण में कई जगह मतदान विलंब से शुरू हुआ। मुंगेर के तारापुर के दो बूथों पर ईवीएम बार-बार खराब हो जा रहे थे। पहले चरण में 10 जिलों के 12 प्रखंडों में 15,328 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया था, जिनमें से 858 पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध विजयी रहे, जबकि 72 पदों पर किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।

Bihar Panchayat Chunav 1st Phase Voting HIGHLIGHTS 

05:00 PM- 10 जिलों के 12 प्रखंडों में पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान समाप्‍त हो गया। हां, अभी तक लाइन में लगे मतदाताओं को मतदान का मौका दिया जा रहा है।

04:00 PM- जमुई में जिला परिवहन पदाधिकारी की मतदाताओं व मतदान अभिकर्ताओं से झड़प हुई। गोखुला फतेहपुर पंचायत अंतर्गत चौधरी टोला सामुदायिक भवन मतदान केंद्र संख्या 48 के मतदाताओं ने डीटीओ पर दादागिरी का आरोप लगाया है। आरोप है कि उन्‍होंने मतदान के लिए कतारबद्ध मतदाताओं के साथ मारपीट की तथा मतदान अभिकर्ता को हिरासत में ले लिया। उन्‍होंने अभिकर्ताओं व मतदाताओं के मोबाइल पानी में डुबो दिए, फिर साथ लेते गए। इस बाबत डीटीओ अनुज ने आरोपों को निराधार बताया है।

03:40 PM- नवादा में आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में मुखिया प्रत्याशी गिरफ्तार। गोविंदपुर प्रखंड के माधोपुर पंचायत के मुखिया प्रत्याशी  प्रिंस कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उनपर मतदानकर्मियों से उलझने तथा मतदान में व्यवधान डालने का आरोप है।

03:00 PM- जमुई के सिकंदरा में ईवीएम में आई खराबी के दौरान धूप से बचने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। राहत के लिए मतदाताओं ने लाइन में ही शरबत का इंतजाम किया। अब इसके लिए किसने चीनी दी, यह तो पता नहीं चला, लेकिन पानी और बाल्टी का इंतजाम मतदाताओं ने खुद किया।

02:22 PM- जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड के ईंटासागर पंचायत के धधौर हाई स्कूल मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है। मतदान शांतिपूर्ण है।

02:00 PM- पंचायत चुनाव में अगर हार-जीत का फासला एक अंक में रहेगा, तब दोबारा मतगणना कराई जाएगी। यदि फासला दो अंकों में रहा, तब प्रत्‍याशी उम्मीदवार की आपत्ति की मेरिट देखी जाएगी और उसके आधार पर दोबारा मतगणना का आवेदन स्वीकार किया जाएगा।

01:30 PM- गया जिले के बेलागंज प्रखंड के कोरमथु गांव के मध्य विद्यालय स्थित बूथ पर वोटिंग शुरू होने के आधे घंटे बाद स्थित तनावपूर्ण हो गई। वर्तमान मुखिया और मुखिया प्रत्याशी कौशल शर्मा के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई। स्थिति अनियंत्रित होने पर पारा मिलिट्री फोर्स को सुरक्षा व्यवस्था संभालना पड़ा।

01:00 PM- औरंगाबाद सदर प्रखंड की नवगढ़ पंचायत में दो बूथों पर हिंसक झड़प की सूचना है। प्रखंड के नौगढ़ पंचायत के बिसौनी बूथ पर पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान मुखिया प्रत्याशी संध्या देवी के पति पंकज यादव ने बूथ लूटने की कोशिश की। उन्‍होंने हवाई फायरिंग करते हुए पुलिस पर भी समर्थकों के साथ पथराव किया। पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की। बूथ पर मतदान जारी है।

12:30 PM- सिवान के आंदर थाना के भरौली गांव में एक युवक को गोली मारे जाने के मामले में मुखिया प्रत्‍याशी का नाम आ रहा है। भरौली गांव निवासी शंकर तिवारी का पुत्र रितेश कुमार तिवारी को गुरुवार की देर रात बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। युवक को सदर अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया। इस युवक पर दो वर्ष पहले भी जानलेवा हमला किया गया था।

12:00 PM- औरंगाबाद सदर प्रखंड के नौगढ़ पंचायत के बिसौनी गांव में बूथ संख्या 144 और  145 पर असामाजिक तत्वों ने की बूथ लूटने का प्रयास। पुलिस पर किया पथराव। घटना की सूचना मिलते ही डीएम सौरभ जोरवाल और एसपी कांतेश कुमार मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

11:35 AM- नवादा जिले की माधोपुर पंचायत के मुखिया प्रत्‍याशी आनंदी यादव को पुलिस ने एकतारा गांव से हिरासत में लिया है। एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने दावा किया कि प्रिंस कुमार उर्फ आनंदी यादव बूथ पर मतदान प्रक्रिया में बाधा पहुंचा रहे थे। नवादा जिले में 9.30 बजे तक 10 फीसद मतदान हुआ है।

11:15 AM- रोहतास के बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र के दावथ और संझौली प्रखंड में मतदाताओं में काफी उत्साह दिख रहा है। कुछ मतदान केंद्रों पर दिखी ईवीएम गड़बड़ी की को जल्‍दी ही ठीक कर दिया गया। मतदान शांतिपूर्ण है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम हैं।

10:30 AM- पहली बार मतदान करने वाले युवा वोटरों में भी उत्‍साह देखा जा रहा है। मुंगेर के तारापुर में पहली बार मतदान करने पहुंची नंदनी कुमारी व पूजा कुमारी ने कहा कि इसके पहले उन्‍होंने वोट के बारे में केवल सुना था। आज पहली बार वोट देकर अच्‍छा लगा।

10:00 AM- मतदान केंद्रों पर वृद्ध वोटर स्‍वजनों के सहारे पहुंच रहे हैं। सुंदरी देवी की ही तरह जमुई के सिकंदरा प्रखंड के मिर्जा पाठक चक बूथ संख्या 188 पर वृद्ध सूरदास गाजो प्रसाद को वोट देने ले आसपास के लोग ले गए।

09:30 AM- जमुई के सिकंदरा प्रखंड के कुमार पंचायत के वार्ड नंबर आठ में 95 साल की सुंदरी देवी वोट देने बूथ पर पहुंचीं। वे अपने पोते के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर मतदान केंद्र गईं।

09:15 AM- बांका जिले के मध्य विद्यालय लौगाय, प्रोनन्त मध्य विद्यालय पड़रिया व बूथ मध्य विद्यालय कुरमा में जिला परिषद सदस्‍य, बूथ पंचायत भवन चंदाडीह में पंचायत समिति सदस्‍य, बूथ मध्य विद्यालय रणगांव में वार्ड सदस्य तथा बूथ प्राथमिक विद्यालय सीताचक में मुखिया के सीयू बदले गए। बूथ 172  पर जिला परिषद सदस्‍य और पंचायत समिति सदस्‍य, दोनों के सीयू बदले गए।

09:00 AM- मुंगेर के तारापुर में दो बूथों 132 व 133 पर पर ईवीएम हर 10 मिनट पर धोखा दे रहा है। तकनीकी गड़बड़ी के कारण यह बंद हो जा रहा है। इसका मतदान पर असर दिख रहा है। तारापुर के बूथ संख्या ईवीएम में खराबी के कारण मतदान सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। सुबह के  8:45 बजे तक बूथ संख्या 132 पर महज छह वोट तो 133 पर 26 वोट पड़े थे।

Bihar Panchayat Chunav : ग्राउंड से आ रहीं दिलचस्प Photos, मुंगेर में अपना कीमती वोट कास्ट करने पहुंची दादी

08:45 AM: जमुई के सिकंदरा प्रखंड के मिर्चा पाठकचक बूथ नं 184 पर ईवीएम में खराबी से मतदान बाधित है। राज्‍य के कई अन्‍य बूथों पर बाधित मतदान धीरे-धीरे आरंभ हो चुके हैं।

08:30 AM- मुंगेर के तारापुर में अपनी दादी को मतदान केंद्र तक हाथ पकड़ कर ले आती नन्‍हीं बच्ची आकषर्ण का केंद्र बनी। तारापुर में मतदान के लिए वोटरों की लंबी कतार लगी हुई है।

08:25 AM- जहानाबाद के काको प्रखंड के नोन्ही मठ मतदान केंद्र पर वोटर मास्क पहन कर इंतजार कर रहे हैं। काको में ही अनुमंडल कार्यालयल के नियंत्रण कक्ष में प्रशासन मतदान से संबंधित केंद्रों से उत्पन्न समस्याओं के समाधान में जुटा है।

08:20 AM- सभी मतदान केंद्रों पर ग्रामीण मतदाताओं की कतारें लंबी होती जा रहीं हैं। दिन चढ़ने के साथ मतदान का फीसद भी बढ़ता दिख रहा है। 80-90 साल के बुजुर्ग हो या 18-19 साल के युवा, हर उम्र के मतदाता वोट डाल रहे हैं।

08:15 AM- पहले चरण के पंचायत चुनाव के दौरान अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली है। नक्‍सल प्रभावित इलाकों में भी मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। बूथों पर कतारें लंबी हो रहीं हैं।

08:10 AM- मुंगेर-तारापुर पंचायत चुनाव में कई जगहों पर बायोमीट्रिक सिस्टम में गड़ब़ड़ी के करण वोटिंग विलंब से शुरू हुआ। तारापुर प्रखंड के बूथ संख्या 121 खानपुर देवगांव में 7:30 में मतदान शुरू हुआ। अभी भी बायोमीट्रिक काम नहीं कर कर रहा है। बेलाडीह पंचायत के मध्य विद्यालय माधोडीह, गनैली के मतदान केंद्र संख्या 128,129 पर 7:40 बजे पहला वोट पड़ा। बूथ 128, 120, 95 पर भी बायोमीट्रिक सिस्‍टम में खराबी के कारण मतदान शुरू होने में विलंब हुआ।

08:05 AM- मुंगेर-तारापुर पंचायत चुनाव-

मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड में पहले चरण में 10 पंचायतों में मतदान जारी है। इस बार नारी शक्ति मतदान केंद्र बनाया गया है। महिलाएं सब काम छोड़कर मतदान करने पहुंचीं हैं।

08:00 AM- अरवल जिले के बंसी प्रखंड के जिंदापुर मतदान केंद्र पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है। वहां खड़ासीन मतदान केंद्र पर मतदाता अपनी बारी के इंतजार में बैठकर कतार लगाए हुए हैं।

07:55 AM- औरंगाबाद में पहले चरण के पंचायत चुनाव को लेकर मतदान के लिए महिला वोटरों का उत्‍साह देखते बन रहा है। उधर, भभुआ के कुदरा के बूथ संख्या 165 समेत कुछ जगहों पर बायोमीट्रिक सिस्टम काम नहीं करने के चलते मतदान प्रक्रिया में बाधा पहुंची है।

07:49 AM- नवादा के गोविंदपुर के बूथ नंबर एक पर अंगूठा नही लगने के कारण मतदान बंद है। उधर, बूथ संख्‍या 99 पर बंद पड़ा मतदान फिर शुरू हो चुका है।

07:43 AM- कैमूर के मध्य विद्यालय सकरी के मतदान केंद्र के पास कीचड़ पसरा है। मध्य विद्यालय सकरी के मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की भीड़ लगी है। बारिश के चलते कीचड़ हो जाने के कारण उन्‍हें परेशानी हो रही है।

07:38 AM- नवादा के राम जानकी बालिका उच्च विद्यालय सकरी के बूथ संख्या 13 पर मतदान के लिए कतार लगी हुई है। सकरी गांव के 70 वर्षीय बुचुन सिंह मतदान के समय से पहले ही राम जानकी बालिका उच्च विद्यालय सकरी के मतदान केंद्र पर पहुंच गए थे।

07:30 AM- कोरोना संक्रमण को देखते हुए नवादा के गोविंदपुर के बूथों पर कोविड गाइडलाइन के तहत बगैर मास्क प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। सैनिटाइजर का उपयोग किया जा रहा है तथा शारीरिक दूरी का पालन कराया जा रहा है। बूथों के प्रवेश एवं निकास द्वारों पर साबुन-पानी की व्यवस्था की गई है। सभी बूथों पर कोरोना टीकाकरण की व्यवस्था भी की गई है।

07:22 AM- नवादा में तीन स्थानों पर चेकपोस्ट बना एग हैं तथा सीमाएं सील कर दी गईं हैं। गोविंदपुर प्रखंड के दर्शन, खैरा खुर्द और लखपत बिगहा में चेकपोस्ट बनाए गए हैं।

07:15 AM- नवादा के नक्सल प्रभावित गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र में 129 बूथों पर शाम चार बजे तक मतदान होगा। वहां सभी बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई है। तीन स्थानों पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष सभी बूथों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।

07:08 AM- बांका के धोरैया के 298 बूथों पर मतदान शुरू।

पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में धोरैया प्रखंड में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। 298 मतदान केंद्रों पर मतदान को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां मुखिया व जिला परिषद सदस्‍य सहित विभिन्न पदों के 2375 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां 1.60 लाख से अधिक मतदाता हैं। जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रंजन चौधरी ने बताया कि सभी बूथों पर बायोमेट्रिक पद्धति से वोटरों की हाजिरी बनाई जा रही है। चुनाव को लेकर बिहार झारखंड की सीमा सील कर दी गई है। वाहनों की आवाजाही पर रोक लगी है।

07:00 AM- पंचायत चुनाव के पहले चरण की वोटिंग सात बजे से आरंभ है। मतदाता बूथों पर पहुंचने लगे हैं। धीरे-धीरे भीड़ बड़ने की उम्‍मीद है।

06:55 AM- पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस मुख्यालय के स्तर से भी सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। पहले चरण में 2119 मतदान केंद्रों में से 156 नक्सल प्रभावित इलाकों में हैं। वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

06:43- राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पहले चरण में 2300 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और 10 हजार से अधिक सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। इसमें जिला पुलिस बल के साथ गृह रक्षक बल, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस एवं सैप जवान शामिल हैं।

06:30 AM- पहले चरण में के लिए 15,328 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया था। उनमें 858 पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित रहे हैं। जबकि, 72 पदों पर किसी प्रत्याशी ने नामांकन ही नहीं किया।

06:20 AM- गया के खिजरसराय में आज मतदान के लिए बूथों पर तैयारी चल रही है। खिजरसराय में बूथ संख्या 157 पर मतदान कर्मी पहुच गए हैं। ईवीएम मशीन को मतदान के लिए तैयार किया जा रहा है।

06:00 AM- बिहार के 10 जिलों के 12 प्रखंडों में आज सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा मतदान। पहले चरण में सासाराम के दावथ, भभुआ के संझौली, गया के बेलागंज व खिजरसराय, नवादा के गोविंदपुर, औरंगाबाद के औरंगाबाद प्रखंड, जहानाबाद के काको, अरवल के सोनभद्र-बंशी-सूर्यपुर, मुंगेर के तारापुर, जमुई के जमुई व सिकंदरा तथा बांका के धोरैया में मतदान हो रहा है।

जानिए, किस पद के लिए कितने प्रत्‍याशी

पहले चरण में ग्राम पंचायत सदस्य के 22,33 पदों के लिए 8,611 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। जबकि, ग्राम कचहरी पंच के 2233 पदों के सापेक्ष 3225 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। मुखिया के 151 पद के लिए 1294 प्रत्‍याशी मैदान में हैं। सरपंच के 151 पदों के विरुद्ध 772 नामांकन हुए हैं। पंचायत समिति सदस्य के 195 पदों के लिए 1205 प्रत्‍याशी हैं तो जिला परिषद के 22 पदों के लिए 221 प्रत्याशी हैं।

बूथों पर छह-छह मतदान कर्मियों की तैनाती

आयोग की ओर से प्रत्येक मतदान केंद्र पर छह-छह मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है।  इस प्रकार कुल 14,000 कर्मियों के प्रतिनियुक्ति हुई है। मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क खोले गए हैं।

पहले चरण में यहां हो रहा मतदान

जिला (प्रखंड) सासाराम (दावथ) भभुआ (संझौली) गया (बेलागंज, खिजरसराय) नवादा (गोविंदपुर) औरंगाबाद (औरंगाबाद) जहानाबाद  (काको अरवल (सोनभद्र-बंशी-सूर्यपुर) मुंगेर (तारापुर) जमुई (सिकंदरा) बांका (धोरैया)

chat bot
आपका साथी