HIGHLIGHTS बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव रिजल्ट: जानिए, कहां से किसकी हुई जीत, क्या हैं अभी के रूझान
HIGHLIGHTS बिहार पंचायत मुखिया चुनाव रिजल्ट बिहार के 10 जिलों की 151 पंचायतों में मुखिया पंचायत समित सदस्य वार्ड सदस्य सरपंच पंच व जिला पार्षदों पहले चरण के मतदान की मतगणना जारी है। इसके नतीजे लगातार आ रहे हैं। कहां से कौन जीता और अभी के रूझान क्या हैं जानिए।
पटना, जागरण टीम। HIGHLIGHTS Bihar Panchayat Chunav 1st Phase Result बिहार में 11 चरणों में हो रहे पंचायत चुनाव के पहले चरण की मतगणना जारी है। इसके सोमवार तक पूरा होने की उम्मीद है। बीते शुक्रवार को मुखिया, पंचायत समित सदस्य, वार्ड सदस्य, सरपंच, पंच व जिला पार्षदों के हुए मतदान के बाद अब रविवार को संबंधित जिला मुख्यालयों में मतगणना चल रही है। परिणाम लगातार आ रहे हैं। पहले चरण में 10 जिलों में 12 प्रखंडों की 151 पंचायतों में मतदान हुआ था। इसमें करीब 60 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
Bihar Panchayat Chunav 1st Phase Result HIGHLIGHTS
05:00 PM- जमुई जिला अंतर्गत सिकंदरा प्रखंड के महादेव सिमरिया पंचायत से मुखिया प्रत्याशी विनोद यादव विजयी। उन्होंने राजीव रंजन को हराया।
04:45 PM- जमुई के सिकंदरा स्थित मंजोष पंचायत से भावना सिंह मुखिया निर्वाचित। ईंटासागर पंचायत से मुखिया बनीं मीरा देवी।
04:00 PM- औरंगाबाद से मुखिया संघ के जिला अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संतोष कुमार को 221 मतों से पराजित किया।
03:35 PM- सिकंदरा पश्चिमी जिला परिषद क्षेत्र से सुनील पासवान निर्वाचित हुए हैं। ईंटासागर पंचायत से 1354 मतों के अंतर से जीत हासिल कर मीरा देवी मुखिया बनीं हैं।
03:20 PM- जहानाबाद जिले के काको प्रखंड के नोन्ही पंचायत से मिलती देवी मुखिया बनीं। नवादा के गोविंदपुर जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्र 21 से पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी जीतीं।
03:00 PM- नवादा के गोविंदपुर प्रखंड के भवनपुर पंचायत से मनोज कुमार जीते। उन्होंने 50 वोट से कैलाश राम को हराया। पंचायत में कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे।
02:35 PM- मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड स्थित मानिकपुर पंचायत में वार्ड 12 में वार्ड सदस्य पद के लिए मेहरून्निसा ने जीत दर्ज की है। मो. ईसा ने वार्ड नौ से तो मानिकपुर भाग दो से पंचायत समिति के लिए रशीदा खातून ने जीत दर्ज की। मानिकपुर भाग एक पंचायत समिति सदस्य के लिए पूनम कुमारी विजयी रहीं।
02:15 PM- मुंगेर जिला के तारापुर प्रखंड की मानिकपुर पंचायत में पंचायती राज मंत्री की सम्राट चौधरी की भाभी मीना देवी मुखिया का चुनाव हार गईं हैं। उन्हें पराजित कर किरण चौधरी दूसरी बार मुखिया निर्वाचित हुईं हैं। किरण चौधरी दिवंगत विधायक मेवालाल के चचेरे भाई की पत्नी हैं।
01:50 PM- औरंगाबाद सदर प्रखंड के खैरा बिंद पंचायत से पंचायत समिति पद से ओमप्रकाश उर्फ बादशाह यादव लगभग 600 वोट से जीते। की पडरावां पंचायत से गुलशन कुमार 253 वोट से अनिल पासवान से हारे। पंचायत समिति क्षेत्र संख्या-1 से सरिता देवी ने जीत दर्ज की। खैरा बिंद से सुजीत सिंह 221 वोट से जीते।
01:40 PM- गया जिले के बेलागंज प्रखंड अंतर्गत दो पंचायतों के मुखिया के चुनाव परिणाम घोषित किए गए हैं। बेलागंज के कोरमथू पंचायत के निवर्तमान मुखिया अनिल कुमार को पुनः जीत गए बताए जा रहे हैं। कोरियामा पंचायत के मुखिया पद पर मनोज कुमार शर्मा विजयी रहे हैं। नवादा के गोविंदपुर प्रखंड की बकसोती पंचायत से सुनीता देवी मुखिया निर्वाचित हुईं हैं। नवादा में औपचारिक रूप से मुखिया पद का यह पहला परिणाम है।
01:35 PM- बांका में जिला परिषद उम्मीदवार रफीक आलम पांच हजार मतों से जीते। औरंगाबाद के पड़रावां पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया अनिल पासवान ने जीत का प्रमाण पत्र हासिल किया।
01:30 PM- बांका के धोरैया प्रखंड के काठबनगांव-बीरबलपुर पंचायत के मुखिया पद पर निर्जला देवी को जीत मिली है। मकैता बबुरा पंचायत के मुखिया पद पर तमन्ना परवीन को जीत मिली है।
01:25 PM- मुंगेर के मानिकपुर भाग 2 पंचायत समिति सदस्य रशीदा खातून ने विंध्यवासिनी देवी को 69 वोट से हराया। मानिकपुर भाग 1 पंचायत समिति सदस्य के लिए पूनम कुमारी ने खुशबू सिंह को 92 वोट से पराजित किया। इसके पहले मुंगेर तारापुर प्रखंड के मानिकपुर पंचायत में किरण देवी को मुखिया बनीं।
01:20 PM- अरवल जिले के बंसी सूरजपुर प्रखंड के माली पंचायत से प्रत्याशी ललन कुमार जीते हैं। जहानाबाद जिले के काको प्रखंड के बरावा पंचायत से सिमरन देवी एवं सैदाबाद पंचायत से अरविंद कुमार मुखिया निर्वाचित घोषित किए गए हैं। जहानाबाद जिले के काको प्रखंड के उत्तर सेर्थू पंचायत से सरोज देवी मुखिया निर्वाचित हुईं हैं। अरवल जिले के वंशी प्रखंड के खड़ा सीन पंचायत से रवि शंकर चौधरी मुखिया बने हैं। जहानाबाद जिले के काको प्रखंड के जिला परिषद के चुनाव में अजीत मिस्त्री विजयी रहे हैं।
01:10 PM- औरंगाबाद में मतगणना केंद्र के अंदर जिला परिषद पूर्वी की प्रत्याशी मंजरी सिंह परिणाम की प्रतीक्षा में बैठीं हैं। मतगणना केंद्र के अंदर अन्य महिला प्रत्याशी भी मौजूद हैं।
12:50 PM- गया के मतगणना केंद्र परिसर में कोरोनावायरस से बचाव की गाइडलाइन की धज्जियां उड़तीं दिख रहीं हैं। प्रशासनिक अधिकारी से लेकर मतदान कर्मी, प्रत्याशी व समर्थक तक बगैर मास्क के दिख रहे हैं। शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं हो रहा है।
12:40 PM- औरंगाबाद से जिला परिषद प्रत्याशी नसरीन निशा औरंगाबाद पश्चिमी सीट से विजयी घोषित की गईं हैं। कौशल्या देवी मुखिया मथुरापुर से जीती हैं।
12:20 PM- मतगणना जारी है। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। जहानाबाद जिले के काको प्रखंड जिला परिषद भाग 1 से अजीत मिस्त्री 2300 वोट से विजयी। अरवल जिले के बंसी सूरजपुर प्रखंड के मालिक पंचायत से ललन कुमार मुखिया पद पर जीते।
12:10 PM- ससना पंचायत से जैतुन बीबी व सलथुआं से रिंकी मिश्रा मुखिया निर्वाचित। मथुरापुर पंचायत से मुखिया पद पर कौशल्या देवी निर्वाचित।
12:00 PM- कुमार पंचायत से मनोज कुमार सिंह सरपंच निर्वाचित। उन्होंने 480 मतों से अरविंद कुमार सिंह को दी शिकस्त।
11:45 AM- औरंगाबाद का दूसरा परिणाम खैराबिंद पंचायत का आया। वहां वर्तमान मुखिया सुजीत कुमार सिंह ने संतोष कुमार को 221 मतों से हराया।
11:35 AM- औरंगाबाद सदर प्रखंड के पड़रावां पंचायत के वर्तमान मुखिया गुलशन कुमार अनिल पासवान से 253 मतों से हार गए। अनिल पासवान को 1395 मत मिले। जबकि, गुलशन कुमार को 1142 वोट मिले।
11:28 AM- गोखुला फतेहपुर पंचायत से मुखिया पद पर किरण देवी 643 मतों से निर्वाचित। किरण देवी को 1651 तो रुना देवी को 1009 वोट मिले।
11:20 AM- जमुई के कुमार पंचायत समिति से त्रिकोणीय मुकाबले में 303 मतों से राजकुमार जीते। उन्होंने विनोद कुमार मंडल को हराया। राजकुमार 1600 तो विनोद कुमार मंडल 1297 वोट मिले।
11:10 AM- जमुई के पोहे पंचायत समिति उत्तरी भाग से उप प्रमुख नैयर खान ने दोबारा जीत दर्ज की है। उन्होंने 70 वोट से संजीत सिंह को पराजित किया है। औरंगाबाद के पड़रावां पंचायत से मुखिया प्रत्याशी अनिल पासवान हुए विजयी रहे हैं। उन्होंने गुलशन कुमार को 266 मतों से हराया है।
11.00 AM- नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड के वार्ड एक में बलबीर यादव, दो में रधिया देवी, तीन में मोबिना खातून, चार में रफीदा खातून, पांच में ललिता देवी, छह में सुनीता देवी, सात में सुरजी देवी, आठ में खुशनुमा परवीन, नौ में बिंदा यादव, 10 में जितेंद्र कुमार, 11 में अरविंद कुमार, 12 में कौशल्या देवी, 13 में शशिभूषण प्रसाद और 14 में अनोज कुमार विजयी घोषित किए गए हैं। उधर जमुई जिले के पोहे पंचायत समिति उत्तरी भाग से उप प्रमुख नैयर खान ने दोबारा जीत दर्ज की है।
10:45 AM- रोहतास में दावथ के जमशोना पंचायत से पूर्व मुखिया ने ही जीत हासिल की। संझौली के चांदी में मिथलेश कुमार यादव ने मुखिया पद का चुनाव जीता। वहीं जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड की पोहे पंचायत से मनोज मंडल ने जीत हासिल की।
10:30 AM- कैमूर के कुदरा प्रखंड के खरहना पंचायत से अशोक चौरसिया मुखिया निर्वाचित हुए हैं। औरंगाबाद का पहला रिजल्ट पड़रावां पंचायत का वार्ड 10 का आया है। वहां राजकुमार चौबे ने बब्लू सिंह ने 13 मतों से हराया है। राजकुमार चौबे को 114 तो बब्लू सिंह को 101 वोट मिले हैं।
10:15 AM- जमुई के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत कुमार पंचायत से मुखिया पद का परिणाम आ चुका है। यहां से शंभू सिंह 1280 मतों से जीते हैं। शंभु सिंह को 2619 मत मिले हैं। उन्हाेंनें संजीव रंजन को पराजित किया है। संजीव रंजन को 1339 मत प्राप्त हुए हैं। शंभू सिंह की जीत के बाद मतगणना केंद्र के बाहर उनके समर्थकों में खुशी छाई हुई है।
10:00 AM- पंचायत चुनाव के पहले चरण की मतगणना जारी। अभी तक कहीं से कोई रूझान या नतीजा नहीं आया है। हालांकि, जल्दी हीं रूझान व नतीजे आने लगेंगे।
09:45 AM- औरंगाबाद में डेढ़ घंटे बाद सबसे पहले पड़रावां पंचायत की मतगणना शुरू। नवादा के गोविंदपुर प्रखंड के बकसोती पंचायत के मतों की गिनती भी आरंभ।
09:30 AM- मतगणना के साथ अब कुछ देर बाद से रूझान व नतीजे आने लगेंगे। इस दौरान नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के स्वागत के लिए मतगणना केंद्रों के बाहर फूलों व मिठाइयों की दुकानें अभी से लग गईं हैं।
09:15 AM- गया जिले में अभी तक मतगणना शुरू नहीं हुई है। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह मतगणना केंद्र पर पहुंच गए हैं। मतगणना में अभी करीब आधा घंटा का वक्त और लगेगा।
09:00 AM- औरंगाबाद सदर प्रखंड के पड़रावां पंचायत की मतगणना विलंब से शुरू हुई, लेकिन पांच मिनट के बाद पुनः अपरिहार्य कारणों से बंद हो गई है। जिला प्रशासन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभी मतगणना शुरू होने में आधा घंटा से ज्यादा समय लगेगा। कई अन्य जगह भी मतगणना में विलंब हो रहा है।
08:45 AM- गया जिले में आज पहले चरण के पंचायत चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना शुरू हो चुकी है। सुबह 10 बजे तक रुझान आएगा। उधर, औरंगाबाद व नवादा में अभी तक मतगणना शुरू नहीं हई है।
08:30 AM- नवादा के गोविंदपुर प्रखंड में जिला परिषद की सीट ij पुष्पा देवी का सरिता देवी व उषा देवी से मुकाबला है। सीट अनुसूचित महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। पिछले चुनाव में पुष्पा देवी जीतीं थीं।
08:15 AM- औरंगाबाद में पहले चरण के पंचायत चुनाव की मतगणना में सदर प्रखंड के पड़रावां पंचायत के प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला सबसे पहले होगा। जबकि, सबसे अंत में जम्होर पंचायत के प्रत्याशियों के नजीजे आएंगे। यहां अभी तक मतगणना शुरू नहीं हो सकी है।
08:00 AM- पंचायत चुनाव के पहले चरण के 10 जिलों के 12 प्रखंडों की 151 पंचायतों में हुए मतदान की मतगणना शुरू। अब कुछ ही देर में नतीजे भी आने लगेंगे। सबसे पहले ईवीएम से हुई वोटिंग के नतीजे आएंगे।
07:45 AM- जमुई के साथ ही सिकंदरा प्रखंड की 13 पंचायतों के 1095 प्रत्याशियों के भाग्य के फैसला को लेकर जिला मुख्यालय स्थित केकेएम कालेज में मतगणना केंद्र बनाया गया है। मतगणना को लेकर शहर में भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में धारा 144 लागू की गई है। विभिन्न मार्गो पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित कर दिया गया है।
07:30 AM- नवादा के गोविंदपुर प्रखंड की की नौ पंचायतों के कुल 923 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए केएलएस कॉलेज में मतगणना होने जा रही है। उम्मीदवारों व समर्थकों का आना शुरू हो गया है। लोग कतारबद्ध होकर मतगणना केंद्र में प्रवेश कर रहे हैं।
07:15 AM- बांका के धोरैया, मुंगेर के तारापुर व जमुई के सिकंदरा प्रखंडों में 24 सितंबर को हुए मतदान की मतगणना हो रही है। बांका के पीबीएस कालेज में मतगणना सुबह आठ बजे से होगी। मतगणना कर्मी सुबह पांच बजे ही पहुंच चुके थे। धोरैया के मकैता-बबूरा पंचायत का परिणाम सबसे पहले आएगा। सुबह नौ बजे तक इसका परिणाम जारी होने की उम्मीद है। इसके बाद 10 बजे से तक काठबनगांव और गौरा पंचायतों के परिणाम आएंगे। हर घंटे-दो से तीन पंचायतोंं के परिणाम जारी होंगे।
07:00 AM- मुंगेर के तारापुर प्रखंड की 10 पंचायतों की मतगणना डायट केंद्र मुंगेर में होने वाली है। मतगणना के लिए वहां 17 टेबल बनाए गए हैं।
06:45 AM- गया के बेलागंज के लिए स्ट्रांग रूम व मतगणना केंद्र मानविकी भवन में तो खिजरसराय के लिए मतगणना हाल गया कालेज के मानविकी भवन में बनाए गए हैं। वहां मतगणना आठ बजे शुरू होगी। पंच व सरपंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए गए हैं, जिनके नतीजे आने में अधिक समय लगेगा। शेष चार पदों के लिए ईवीएम से मतदान होने के कारण नतीजे जल्दी-जल्दी आएंगे।
06:30 AM- मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसपर लोगों की नजरें लगी हुईं हैं। मतगणना के दौरान व बाद में प्रत्याशियों के समर्थक आपस में नहीं उलझें, इसपर प्रशासन की कड़ी नजर है।
06:00 AM- पहले चरण में कुल 4646 पदों के लिए 15078 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाए हैं। इनमें पुरुष प्रत्याशियों की संख्या 7191 है। जबकि, 7887 महिलाओं ने भी ताल ठोक रखा है। पहले चरण में 858 प्रत्याशी पहले हीं निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। नामांकन नहीं होने के कारण 72 पद रिक्त भी रह गए। तकनीकी कारणों से अरवल जिले में पंचायत समिति सदस्य के एक पद पर पुनर्मतदान भी कराया जाएगा।
कहां हुई थी कितनी वोटिंग
(जिलावार मतदान का फीसद) रोहतास - 62.50 कैमूर - 60.04 औरंगाबाद - 62.00 गया - 60.50 नवादा - 57.75 जहानाबाद - 56.69 अरवल - 59.00 बांका - 61.00 मुंगेर - 57.50 जमुई - 61.50