Highlights Bihar News, 19 November 2021: कृषि कानूनों की वापसी पर बोले CM नीतीश, कार्तिक पूर्णिमा स्‍नान के दौरान कई डूबे

Highlights Bihar News 19 November 2021 पीएम मोदी ने आज नए कृषि कानून वापस लेने की घोषणा की। इसपर मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रतिक्रिया दी। आज कार्तिक पूर्णिमा स्‍नान के दौरान डूबने से कई लोगों की मौत हो गई। इस खबर में जानिए बिहार के घटनाक्रम के ताजा अपडेट्स।

By Amit AlokEdited By: Publish:Fri, 19 Nov 2021 07:15 AM (IST) Updated:Fri, 19 Nov 2021 06:01 PM (IST)
Highlights Bihar News, 19 November 2021: कृषि कानूनों की वापसी पर बोले CM नीतीश, कार्तिक पूर्णिमा स्‍नान के दौरान कई डूबे
लालू प्रसाद यादव, तेजस्‍वी यादव, नीतीश कुमार एवं नरेंद्र मोदी। फाइल तस्‍वीरें।

पटना, आनलाइन डेस्‍क। Highlights Bihar News, 19 November 2021 पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज तीनों नए कृषि कानून वापस लेने की घोषणा की, जिसपर विपक्ष ने तंज कसा है तो मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी है। मुख्‍यमंत्री ने नपी-तुली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री का मामला है।आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बिहार के नदी घाटों पर स्‍नान-दान व पूजा के लिए जन-सैलाब उमड़ पड़ा है। इस दौरान डूबने से कई लोगों की मौत हो गई है। आज गुरु नानक देव की 552वीं जयंती व देव दीपावली भी मनाई जा रही है। उधर, आइएस केके पाठक के मद्य निषेध विभाग का अपर मुख्‍य सचिव बनने के बाद बिहार में शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।

Bihar News Highlights: 

06.01 PM- केन्द्र सरकार के तीनों कृषि कानून को वापस लेने पर राष्ट्रीय जनता के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। लालू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने इन कानून के समर्थन में थे तो अब क्यों पीछे हट रहे हैं।

05.32 PM- तीनों कृषि कानूनों को केन्द्र सरकार ने वापस ले लिया है। पीए मोदी के इस फैसले के बाद जमुई सांसद चिराग पासवान ने इसे किसानो की जीत करार दिया है। चिराग ने कहा है कि उनकी पार्टी लोजपा (रामविलास) यह मांग करती है कि एमएसपी लागू कर देना चाहिए।

05.07 PM -गोपालगंज में अपराधी एलआइसी एजेंट से बाइक और सात हजार रुपये लूट कर फरार हो गए।

04.30 PM- बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र के महमदपुर मोहल्ले में लव मैरिज के छह माह बाद युवती को अपराधियों ने मारी गोली। युवती को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

04:00 PM- पटना के मोकामा स्थित पचमहला ओपी की पुलिस ने रामपुर डुमरा गांव के देवी टोला मोहल्ला से सुनील तांती उर्फ छोटे को पांच लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। जबकि, घोसवरी थाने की पुलिस ने घोसवरी गांव से 10 लीटर महुआ शराब के साथ संजय महतो को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

03:30 PM- कृषि कानूनों की वापसी को कांग्रेस ने बताया केंद्र की निरंकुश सत्ता का यू-टर्न। पटना के सदाकत आश्रम में विजय दिवस के रूप में मनी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 104वीं जयंती। नेताओं ने तीनों कृषि कानूनों की वापसी की घोषणा के बाद अबीर-गुलाल लगाकर इसे  जनविरोधी सरकार पर कांग्रेस और किसान संगठनों की ऐतिहासिक जीत बताया।

02:55 PM- जातीय जनगणना के मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वे लोग फिर मिलेंगे और सर्वसम्मति से निर्णय लेंगे। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि यह बात वे पहले भी कह चुके हैं, आज भी दुहरा रहे हैं।

02:30 PM- गया के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत किरानी घाट में निलंबित अंचलाधिकारी अनुज कुमार की ससुराल में छापेमारी करने के उपरांत विजिलेंस की टीम गया से निकल गई है। करीब पांच घंटे तक जांच-पड़ताल के उपरांत विजिलेंस की टीम पटना रवाना हो गई है।

02:00 PM- शराबबंदी कानून पर मुख्‍यमंत्री नीतीश कुंमार ने कहा कि नए सिरे से जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। कानून का हर हाल में सख्ती से पालन कराया जाएगा। कुछ लोग शराबबंदी कानून के विरोध में हैं। सभी को एक प्लेटफार्म पर लाने की कोशिश की जा रही है।

01:30 PM- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को तीनों नए कृषि कानून को वापस लेने का एलान किया। लालू प्रसाद यादव ने इसे किसानों, गरीबों और मेहनतकश लोगों की जीत बताया और शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक किसान सत्याग्रह के सफल होने पर बधाई दी। उन्होंने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि देश पहलवानी से नहीं, बल्कि संयम, शालीनता एवं विवेकपूर्ण, लोकतांत्रिक व समावेशी निर्णयों से चलता है।

01:00 PM- बिहार में आरजडी के एक पूर्व विधायक व एक आइएएस अधिकारी पर एक महिला ने सामूहिक दुष्‍कर्म करने का आरोप लगाया है। उसने घटना का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया है। महिला के अनुसार इस दौरान गर्भवती होने पर उसपर गर्भपात का दबाव बनाया, लेकिन उसने बच्‍चे को जन्‍म दिया। बच्‍चे के डीएनए टेस्‍ट से सबकुछ स्‍पष्‍ट हो जाएगा। बताया जा रहा है कि महिला ने गुरुवार की रात तेज प्रताप यादव से न्‍याय की गुहार लगाई।

12:50 PM- पीएम नरेंद्र मोदी ने तीनों नए कृषि कानून को वापस लेने की घोषणा की है। इसपर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि ये तीनों कानून संसद से पास हुए थे। इसका निर्णय प्रधानमंत्री का था। इसलिए इसपर वे कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे।

12:30 PM- बालू के अवैध खनन मामले में भोजपुर के कोइलवर के निलंबित अंचलाधिकारी अनुज कुमार के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी चल रही है। उनके पटना के जगदेव पथ स्थित आवास, नावादा स्थित पैतृक आवास और गया स्थित ससुराल में तलाशी चल रही है। अंचलाधिकारी अनुज कुमार पर आय से अधिक संपत्ति मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उनके बैंक खाते, बीमा व निवेश के कागजात खंगाले जा रहे हैं।

12:00 PM- बिहार में शराबबंदी पर तेज प्रताप यादव का तंज: पिज्जा की तरह मिल रही शराब। तेज प्रताप यादव ने शराबबंदी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी पिज्जा की तरह होम डिलेवरी हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शराबबंदी फेल है।

11:30 AM- मधुबनी के एडीजे अविनाश कुमार पर गुरुवार को पुलिस के हमले पर पटना हाईकोर्ट ने स्‍वत: संज्ञान ले लिया है। कोर्ट ने इस मामले में मुख्य सचिव, डीजीपी, गृह विभाग के प्रधान सचिव एवं मधुबनी के एसपी को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने अगली सुनवाई के दौरान डीजीपी को कोर्ट में उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट करने काे कहा है।

11:00 AM- छपरा के दिघवारा में गंगा स्नान के दौरान तीन किशोरियां नदी में डूबीं। दिघवारा थाना क्षेत्र के छतर छपरा गांव निवासी सुमन राय की 15 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी, नागेंद्र राय की 14 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी एवं दरियापुर थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी सुरेंद्र दास की 17 वर्षीय पुत्री स्वीटी कुमारी नहाने के क्रम में गहरे पानी में चली गईं। घाट पर मौजूद एनडीआरएफ की टीम तीनों की तलाश कर रही है।

10:45 AM- नए कृषि कानूनों को वापस लिए जाने पर बिहार सरकार के कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कानून वापस नहीं लिए गए। इसे चुनाव से जोड़ने की राजनीतिज्ञों की आदत ठीक नहीं है। विपक्ष ने कृषि कानूनों को वापस लेने को केंद्र सरकार का बैकफुट पर आना बताया है, जो उसकी छोटी सोच है। बड़े हृदय का नेता ही इतना बड़ा निर्णय ले सकता है। महात्‍मा गांधी ने भी कई फैसले वापस लिए थे।

10:25 AM- औरंगाबाद के दाउदनगर में सोन में में स्नान करने के दौरान डूबने से एक बच्चे की मौत। कार्तिक पूर्णिमा स्‍नान के दौरान हुआ हादसा। घटना-स्थल पर जुटा पुलिस प्रशासन। शव की तलाश जारी।

10:15 AM- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों नए कृषि कानून वापस लेने की घोषणा की है। इसका बिहार के किसानों ने स्‍वागत किया है। इस मामले में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं। विपक्ष ने कहा है कि यह बहुत पहले हो जाना चाहिए था।

09:39 AM- दानापुर कोर्ट में एक महिला ने राजद के पूर्व विधायक और बिहार के एक बड़े आइएएस अधिकारी पर दुष्‍कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलके में सनसनी है। महिला ने राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव से मिलकर भी अपनी व्‍यथा सुनाई है।

08:47 AM- सीतामढ़ी में भारत-नेपाल सीमा पर सोनबरसा झीम नदी किनारे श्रद्धालु आस्‍था की डुबकी लगा रहे हैं। मोतिहारी के डुमरियाघाट में कार्तिक पूर्णिमा पर गंडक नदी में  पवित्र स्नान जारी है। लखीसराय के विभिन्न गंगा घाटों पर आस्था और श्रद्धा का नजारा दिख रहा है। श्रद्धालु कोरोना महामारी से बेपरवाह गंगा घाटों पर पवित्र स्नान के लिए पहुंचे हैं।

08:20 AM- गया में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने फल्गु में लगाई डुबकी, विष्णुपद मंदिर में भीड़। श्रद्धालु मोक्षदायिनी फल्गु नदी में स्नान कर भगवान श्री हरि विष्णु के चरण चिह्न की पूजा कर रहे हैं। विष्णुपद प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य महेश लाल गुप्त ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर करीब 25000 श्रद्धालु भगवान श्रीहरि विष्णु की पूजा-अर्चना करेंगे।

08:00 AM- गुरु नानक देव की 552वीं जयंती व देव दीपावली के अवसर पर शुक्रवार को कंगनघाट की लगभग तीन दर्जन सीढ़ियां 15000 दीपों की रोशनी से जगमगा उठेंगी। यह जलते दीप गंगा की लहरों तैरते नजर आएंगे।

07:30 AM- पटना के राम कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में एक युवक विक्की कुमार की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि दोस्‍तों ने उसे बर्थ डे पार्टी के नाम पर बुलाया, फिर मौत के घाट उतार दिया। घटना का कारण फिलहाल ज्ञात नहीं है।

07:00 AM- बिहार में रात के तापमान में आंशिक गिरावट के साथ मौसम बदलता दिख रहा है। अरब सागर में अवस्थित कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों बादल छाए रहने के आसार हैं। वहीं पछुआ हवा की गति धीमी होने के कारण रात के पारे में आंशिक गिरावट के आसार हैं।

06:30 AM- कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था की डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर वैशाली-सारण के हरिहर क्षेत्र तथा पटना सहित बिहार के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं। स्नान करने को लेकर ग्रह-गोचरों के शुभ संयोग में पूर्णिमा पर भगवान विष्णु की पूजा की जा रही है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली का पर्व भी मनाया जा रहा है।

06:00 AM- औरंगाबाद के बड़ेम में किसान की पीटकर हत्या। सोन नदी के किनारे से शव बरामद। पूर्व पंचायत समिति सदस्य थे मृतक हरि पासवान।

chat bot
आपका साथी