Bihar News: लॉकडाउन के बीच फिर हुआ कोरोना विस्फोट, सारण तटबंध से रिसाव, बाढ़ के हालात गंभीर
Bihar News बिहार में कोरोना के साथ बाढ़ के हालात गंभीर हैं। गुरुवार को सारण तटबंध से पानी के दबाव के कारण रिसाव होता रहा उधर लॉकडाउन के पहले दिन सड़कें सुनसान दिखीं।
पटना, जागरण टीम। Bihar News: बिहार में कोरोना की विस्फोटक स्थिति को देखते हुए गुरुवार से 15 दिनों के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है। इस बीच कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 21 हजार के पार चला गया है। संक्रमण के मामले में पटना टॉप पर है। बिहार में बाढ़ का संकट भी गहराता जा रहा है। कई नदियां खतरे के निशान को पार कर गईं हैं। गोपालगंज में सत्तरघाट पुल पास एक अन्य छोटे पुल का एप्रोच पथ गंडक के दबाव के कारण टूट गया है। सारण तटबंध पर गंडक के दबाव के कारण रिसाव हो रहा है।
15 दिनों के लिए फिर लागू हुआ लॉकडाउन
बिहार में 15 दिनों के लिए फिर पूर्ण लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। इस दौरान पूरी सख्ती बरती जाएगी। सड़कों पर अनावश्यक निकलने पर प्रतिबंध लागू किया गया है। हां, कुछ जरूरी सेवाओं में छूट भी दी गई है।
राज्य में सुबह से ही सड़कों पर पुलिस सक्रिय दिखी। पटना के फतुहा में सभी दुकानें बंद पड़ी हैं तो सड़को पर सन्नाटा रहा।
लॉकडाउन के दौरान रेलवे की स्पेशल ट्रेनों का परिचालन जारी है, लेकिन स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों को घर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशनों पर ऑटो व टैक्सी नहीं मिलने के कारण समस्या खड़ी हो रही है। पूर्व-मध्य रेल के जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) राजेश कुमार ने बताया कि बिहार सरकार के परिवहन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत ट्रेन से राज्य में पहुंचने वाले यात्रियों को स्टेशन से अपने गंतव्य तक जाने के लिए स्वयं वाहन की व्यवस्था करनी होगी।
बिहार में कोरोना विस्फोट, संक्रमण में टॉप पर पटना
बिहार में लगातार कई दिनों से कोरोना विस्फाट हो रहा है। गुरुवार को भी राज्य में कोरोना के 1385 नए मामले मिले। इसके साथ कुल मरीजों का आंकड़ा 21558 हो गया है। पटना 2879 मामलों के साथ राज्य का सबसे बड़ा कोरोना जोन (Corona Zone) बन गया है। गुरुवार को भी यहां 378 नए मामले मिले।
पटना में अब तक 114 कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं। संक्रमण के मामले में राज्य में पटना टॉप पर है। यहां मरीजों का आंकड़ा 2879 हो चुका है। गुरुवार को पटना से 378 नए मामले मिले।
बिहार में गहराता जा रहा बाढ़ का खतरा
बिहार में बाढ़ का खतरा गहराता दिख रहा है। यहां की नौ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं हैं। गंगा का पानी भी चढ़ने लगा है। कोसी विकराल बनती जा रही है। सारण के मांझा प्रखंड के भैसही गांव समीप सारण मुख्य तटबंध में तेजी से हो रहे रिसाव से ग्रामीणों में दहशत फ़ैल गया है। अगले दो दिनों तक कई नदियों के जल ग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका, जल संसाधन मंत्री संजय झा ने इंजीनियरों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। इस बीच मांझा प्रखंड के भैसही गांव समीप सारण मुख्य तटबंध में तेजी से हो रहे रिसाव से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।वाल्मीकि नगर बराज से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से सारण तटबंध पर दबाव बढ़ गया है। पानी का दबाव बढ़ने से गुरुवार की सुबह प्रखंड के भैसही गांव के समीप सारण मुख्य तटबंध में तेजी से पानी का रिसाव होने लगा।
गोपालगंज में टूटा पुल का एप्रोच पथ
गोपालगंज जिले में 263 कराेड़ की लागत से बने सत्तरघाट पुल के पास स्थित एक छोटे पुल का एप्रोच पथ गंडक के दबाव के कारण टूट गया है। एप्रोच सड़क करीब 30 फीट ध्वस्त हो गई है। मुख्य पुल से लगभग दो किमी दूर गोपालगंज की ओर एक 18 मीटर लंबाई के छोटे पुल का पहुंच पथ कट गया है।
भाेजपुर में युवक की हत्या के बाद जनाक्रोश
भोजपुर जिले के धोबहा ओपी क्षेत्र क्षेत्र अन्तर्गत कड़रा मठ के समीप बुधवार देर रात एक बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव सड़क किनारे से बरामद किया गया। मृतक 20 वर्षीय राकेश गोसाई धोबहा ओपी भदेयां गांव निवासी अशोक गोसाईं का पुत्र था।