HIGHLIGHTS Bharat Bandh: बिहार की लाइफलाइन गांधी ब्रिज रहा जाम, सड़कों पर बवाल; पटना में वाहन तोड़े

HIGHLIGHTS Bharat Bandh in Bihar किसान संगठनों के भारत बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाजीपुर में महात्‍मा गांधी सेतु जाम कर दिया। दरभंगा पूर्णिया व जहानाबाद सहित कई जगह ट्रेनें रोकीं। पटना के अशोक राजपथ पर आगजनी की तो हाजीपुर में मारपीट की घटना हुई।

By Amit AlokEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 06:25 AM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 05:22 PM (IST)
HIGHLIGHTS Bharat Bandh: बिहार की लाइफलाइन गांधी ब्रिज रहा जाम, सड़कों पर बवाल; पटना में वाहन तोड़े
हाजीपुर में भारत बंद के दौरान रिक्‍शा चालकों को पीटते आरजेडी कार्यकर्ता। लखीसराय में प्रदर्शनकारी। तस्‍वीरें: जागरण।

पटना, जागरण टीम। LIVE Bharat Bandh in Bihar संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के भारत बंद का बिहार में मिला-जुला असर दिखा। बंद समर्थकों ने पटना जंक्‍शन के पास वाहनों में तोड़फोड़ की तो पटना के हीं अशोक राजपथ पर आगजनी व हंगामा किया। दरभंगा में बिहार संपर्क क्रांति एक्‍सप्रेस रोकी। हाजीपुर में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने आगजनी तथा सड़कों पर निकले रिक्‍शा चालकों से मारपीट भी की। उन्‍होंने हाजीपुर में उत्‍तर व दक्षिण बिहार की लाइफलाइन महात्‍मा गांधी सेतु भी ठप कर दिया। विदित हो कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के विरोध-प्रदर्शन के 10 महीने हो चुके हैं। इस मामले में न तो किसान और न हीं सरकार झुकने को तैयार हैं।

यह भी पढ़ें Bharat Bandh: आज भारत बंद, 40 संगठनों का है समर्थन, पूर्व बि‍हार, कोसी, सीमांचल का हाल, शिक्षण संस्‍थानों में लगे ताले

Bharat Bandh in Bihar HIGHLIGHTS:

04:00 PM- बंद का समय समाप्‍त हो गया। हालांकि, आंदोलनकारी कुछ पहले ही जा चुके हैं। बिहार में बंद का मिला-जुला असर दिखा। बंद खत्‍म होने के बाद भी गांधी सेतु सहित कई पुलों व सड़कों पर आवागमन अभी सामान्‍य नहीं हो सका है।

03:00 PM- बंद अब अपने उतार पर दिख रहा है। बंद समर्थक कम होने लगे हैं। बंद पड़े बाजार धीरे-धीरे खुल रहे हैं। सड़कों पर यातायात भी समान्‍य होता दिख रहा है। हालांकि, हाजीपुर, सिवान व मोतिहारी आदि कुछ जगह बंद समर्थक कई जगह पर अभी भी डटे हुए हैं।

02:30 PM- पटना के आपपास के इलाकों की बात करें तो सीपीआइ एमएल ने बाढ़ के कचहरी चौक पर एनएच 31 को जाम कर सरकार विरोधी नारे लगाए। धनरुआ में बंद का व्‍यापक असर दिखा। सड़कें सूनी रहीं तो बाजार भी बंद दिखे। फुलवारीशरीफ में विधायक गोपाल रविदास के नेतृत्व में बंद समर्थक सड़क पर उतरे।

02:00 PM- छपरा में बंद समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्‍होंने सड़क जाम कर दिया। आंदोलनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

01:35 PM- भारत बंद के कारण पटना में आम लोगों को परेशानी हाे रही है। सड़कों पर सार्वजनिक वाहनों की कमी देखी जा रही है। कई जगह बंद समर्थक सड़कों पर डटे हुए हैं। राज्‍य के अन्‍य भागों में भी आम लोगों को परेशानी हो रही है।

01:10 PM- शिवहर में भारत बंद को लेकर रैली निकाली गई। इसमें बेलसंड के आरजेडी विधायक संजय गुप्ता के साथ महागठबंधन के कार्यकर्ता शामिल हुए। उधर, मोतिहारी में एनएच 27 पर कोटवा के दीपउ मोड़ के समीप सड़क के बीचोबीच पंडाल लगाकर बंद समर्थकों को आरजेडी विधायक मनोज कुमार यादव ने संबोधित किया।

12:50 PM: बेगूसराय में बंद का व्यापक असर दिख रहा है। एनएच 31 व 28 पूरी तरह ठप पड़ गए हैं। बलिया में एनएच 31 जाम कर महागठबंधन के नेता-कार्यकर्ता धरना पर बैठ गए हैं।

12:34 PM- आजेडी के प्रदेश अण्‍यक्ष जगदानंद सिंह भी सड़क पर उतरे। आरजेडी कार्यकर्ताओं ने स्टेशन व डाकबंगला पर सड़क जाम किया। पटना जंक्शन के पास भी दुकानों को बंद कराया। आंदोलनकारियों ने सरकारी नगर बस सेवा को भी बाधित किया।

12:20 PM- दानापुर में सीपीआइ एमएल के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्‍होंने पटना के फुलवारीशरीफ में भगत सिंह चौक को जाम कर दिया है।

12:06 PM- बंद के समर्थन में आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र पटना की सड़कों पर उतरे। उधर, पटना के अशोक राजपथ पर हंगामा जारी है। प्रदर्शनािरियों ने आगजनी कर बांस-बल्‍ले से सड़क जाम कर दिया है।

11:45 AM- बंद समर्थकों ने पटना जंक्‍शन के बाहर वाहनों में तोड़फोड़ की। अशोक राजपथ पर जमकर उत्‍पात मचाया। सड़क पर आगजनी कर यातायात ठप कर दिया गया।

11:40 AM- मधुबनी में किसान कांग्रेस ने समाहरणालय के सामने सड़क जाम किया। वामदलों ने शहर में प्रतिरोध मार्च निकाला, बंद कराई दुकानें।

11:30 AM- शिवहर में कृषि कानून के खिलाफ महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने विरोध जुलूस निकाल कर जीरो माइल पर सड़क जाम किया है। सुबह में दुकानें खुली रहीं, लेकिन बाद में कुछ जगहों पर दुकानें बंद कराए गए।

पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कुछ देर के लिए ट्रेन सेवा को बाधित किया। मुजफ्फरपुर के सरैयागंज टावर पर आरजेडी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

11:22 AM- समस्तीपुर में कांग्रेस और वाम दल के कार्यकर्ताओं ने ओवरब्रिज चौराहा को जाम कर दिया है।  वे शहर के एसडीओ कार्यालय के समीप ओवरब्रिज जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस कारण समस्तीपुर-दरभंगा और समस्तीपुर-मुसरीघरारी सड़क मार्ग जाम हो गया है।

11:10 AM: बंद का पटना में मिला-जुला असर। पटना जंक्‍शन पर बंद समर्थकों ने वाहनों में की तोड़फोड़। हालांकि, कई जगह स्थिति समान्‍य है। उधर, हाजीपुर के रामाशीष चौक पर सिर पर केला रखकर अनोखा प्रदर्शन किया गया।

10:55 AM- बक्सर में बंद निष्प्रभावी है। सिवान में भी यही स्थिति है। छपरा में बंद का अभी तक असर नहीं दिख रहा है। उधर, बेगूसराय में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने कंकौल में एसएच 55 पर जाम लगा दिया है। सार्वजनिक वाहनों का परिचालन प्रभावित हो गया है। यात्री परेशान हैं।

10:40 AM- औरंगाबाद में भारत बंद का कोई असर नहीं है। सड़कों पर प्रतिदिन की तरह वाहनों का आवागमन जारी है। बाजार में भीड़ है। जिउतिया का नहाय खाय होने के कारण बाजार में महिलाओं की भीड़ अधिक देखी गई। बंद का कोई असर न तो सड़कों पर है और न ही बाजार में।

10:26 AM- शिवहर में कृषि कानून के खिलाफ सड़क पर उतरे महागठबंधन के कार्यकर्ता। भारत बंद का शिवहर में मिलाजुला असर। शिवहर शहर के जीरोमाइल चौक को सड़क जाम है।

10:22 AM_ लखीसराय में किसान संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर आहूत भारत बंद के समर्थन में सोमवार को जिला वाम समन्वय समिति के बैनर तले विभिन्न किसान संगठनों के साथ आरजेडी, कांग्रेस, सीपीआई , एसएफआई के नेता और कार्यकर्ता जिला मुख्यालय में सड़क पर उतर कर केंद्र सरकार द्वारा लाये गए तीन कृषि बिल का विरोध कर रहे हैं। मुख्यालय स्थित शहर के पुरानी बाजार में शहीद द्वार के पास मुख्य सड़क को जाम कर धरना-प्रदर्शन हो रहा है। हालांकि, मुख्यालय सहित जिले के सभी प्रखंडों में बाजार खुले हैं। सड़क जाम के अलावा बंदी का कहीं भी असर अभी तक नजर नहीं आ रहा है।

10:15 AM- बंद समर्थकों ने दरभंगा में बिहार संपर्क क्रांति एक्‍सप्रेस को रोका। रेल परिचालन बाधित हो जाने से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। बंद समर्थकों ने जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर पटना से गया जाने वाली मेमू सवारी गाड़ी को भी बाधित कर दिया है।

09:59 AM- भारत बंद को लेकर मुंगेर के जमालपुर में महागठबंधन के नेता-कार्यकर्ता सउ़कों पर दिख रहे हैं। हालांकि, बंद का असर नहीं दिख रहा है। सड़क और रेल परिचालन सामान्य हैं। दुकानें भी खुली हुईं हैं।

09:40 AM- खगड़िया के राजेंद्र चौक पर किसान आंदोलन के समर्थकों ने सड़क जाम किया है। प्रदर्शन में आरजेडी विधायक रामवृक्ष सदा भी शामिल हैं। उधर, कटिहार में महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने शहर के शहीद चौक पर सड़क जाम कर दिया है।

09:20 AM- जमुई जिले के चकाई प्रखंड में भारत बंद का असर सुबह से दिखने लगा है। आरजेडी और सीपीआइ-एमएल कार्यकर्ताओं ने चकाई चौक को जाम कर दिया है। पूर्व आरजडी विधायक सावित्री देवी जाम का नेतृत्व कर रहीं हैं। जमुई-देवघर के एनएच 333 पर वाहनों की कतार लग गई है। जिला मुख्यालय के कई निजी स्कूलों ने प्रबंधन ने बंद कर दिया है।

09:10 AM- आरजेडी ने हाजीपुर में गांधी सेतु टोल प्लाजा के समीप मार्ग को जाम कर दिया है। आरजेडी कार्यकर्ताओं ने हाजीपुर में रेलवे स्टेशन चौक को भी जाम कर दिया है। उन्‍होंने सड़क पर आगजनी की है। वे हाजीपुर स्टेशन चौक पर रिक्शा चालकों पर डंडा चलाते भी देखे गए हैं।

09:00 AM- शेखपुरा जिले में भारत बंद के समर्थन में महागठबंधन के नेता-कार्यकर्ता दुकानों और वाहनों को बंद करा रहे हैं। नगर परिषद मुख्यालय क्षेत्र में इसका असर देखा जा रहा है।

08:50 AM- आरा में भाकपा-माले के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा पटेल बस पड़ाव के समीप आरा- पटना मुख्य मार्ग एनएच- 30 जाम कर दिया गया है। इसका नेतृत्व तरारी के विधायक सुदामा प्रसाद कर रहे हैं। बंद के दौरान आरा-पटना राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतर लग गई है। सुबह-सुबह सड़क जाम से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बंद के दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस की भी तैनाती की गई है।

08:40 AM- गया से गुजरने वाली जीटी रोड पर भारत बंद का आंशिक असर तक दिख रहा है। मालवाहक वाहनों का परिचालन हो रहा है, लेकिन यात्री वाहनों का परिचालन ठप है। डोभी में दुकानें खुली हुईं हैं। डोभी-चतरा सड़क मार्ग और डोभी-गया सड़क मार्ग पर लोग ऑटो से आवागमन कर रहे हैं। सड़कों पर महागठबंधन के कार्यकर्ता नही दिख रहे हैं। बता दें कि बंद के दौरान गया शहर को अलग रखा गया है, क्योंकि पितृपक्ष चल रहा है।

08:25 AM- नवादा में सड़क पर उतरे बंद समर्थक, प्रजातंत्र चौक को किया जाम। बंद में वाम दलों के कार्यकर्ता शामिल। वे नए कृषि कानूनों के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

08:00 AM- बंद का अभी मुंगेर में कोई असर नहीं है। ट्रेनें चल रही हैंं। दुकानें भी खुली हैं। लखीसराय में फिलहाल स्थिति सामान्य है। वहां अभी बंद समर्थक सड़क पर नहीं उतरे हैं। कटिहार में भी अब तक जनजीवन सामान्य है।

07:40 AM- किसान संगठनों के भारत बंद काे बिहार में प्रमुख विपक्षी दलों ने समर्थन दिया है। इनमें आरजेडी, कांग्रेस, वाम दल और जन अधिकार पार्टी शामिल हैं। विपक्षी दलों के कार्यकर्ता अब सड़कों पर उतरने लगे हैं। पटना को उत्‍तर बिहार से जोड़ने वाले महात्‍मा गांधी सेतु को आरजेडी कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया है।

07:15 AM- भारत बंद को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने एहतियातन पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है। गर्दनीबाग की गेट पब्लिक लाइब्रेरी को कैंप जेल बनाया गया है। वहां उपद्रवी तत्‍वों को गिरफ्तार कर रखा जाएगा।

06:55 AM- बंद को देखते हुए पटना में जिला नियंत्रण कक्ष में दो एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाडि़यों को अलर्ट मोड में रखा गया है। पटना में स्कूल बसों सहित अन्‍य वाहनों के सामान्‍य परिचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल प्रतिनियुक्त किया गया है। रेल एसपी को रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की तैनाती की जिम्मेदारी दी गई है।

06:25 AM- संयुक्त किसान मोर्चा ने बंद को शांतिपूर्ण रखने का भरोसा दिलाया है। बंद समर्थकों के अनुसार वे कोशिश करेंगे कि जनता को न्‍यूनतम असुविधा हो। बंद के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के कार्यालयों को बंद रखा जाएगा। बाजार, कल-कारखाने, शैक्षणिक संस्थान तथा सार्वजनिक व निजी परिवहन भी बंद कराए जाएंगे।

06:00 AM- किसान संगठनों ने बंद के दौरान एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड सहित आपातकालीन सेवाओं को ही काम करने की छूट दी है। कोरोना से जुड़ी सेवाओं को भी बाधित नहीं किया जाएगा। अस्पताल, एंबुलेंस, दवा दुकानों सहित अन्‍य मेडिकल सेवाओं को काम करने की अनुमति दी गई है। बंद समर्थक परीक्षा या साक्षात्‍कार में जाने वाले छात्रों को रोकेंगे।

chat bot
आपका साथी