दशमेश गुरु के 355वें प्रकाशपर्व पर नहीं बनेगी टेंट सिटी

सिख पंथ के दसवें गुरु श्री गुरु गोविद सिंह जी महाराज के 355 वें प्रकाशपर्व 28 दिसंबर को प्रभातफेरी से आरंभ होकर सात जनवरी 2022 तक चलेगा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Dec 2021 01:29 AM (IST) Updated:Thu, 09 Dec 2021 01:29 AM (IST)
दशमेश गुरु के 355वें प्रकाशपर्व पर नहीं बनेगी टेंट सिटी
दशमेश गुरु के 355वें प्रकाशपर्व पर नहीं बनेगी टेंट सिटी

पटना सिटी। सिख पंथ के दसवें गुरु श्री गुरु गोविद सिंह जी महाराज के 355 वें प्रकाशपर्व 28 दिसंबर को प्रभातफेरी से आरंभ होकर सात जनवरी 2022 तक चलेगा। सात, आठ एवं नौ जनवरी को तख्त श्रीहरिमंदिर जी पटना साहिब में प्रकाशोत्सव होगा। सात जनवरी को तख्त साहिब से सुबह में बड़ी प्रभातफेरी निकलेगी। आठ जनवरी को गायघाट स्थित बड़ी संगत गुरुद्वारा से दोपहर में पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन निकलेगा। यह अशोक राजपथ के रास्ते रात्रि में तख्त साहिब पहुंच कर समाप्त होगा। आठ को ही दीवान तख्त साहिब में कीर्तन दरबार होगा। नौ जनवरी को तख्त श्रीहरिमंदिर जी पटना साहिब के नये दीवान हाल में प्रकाशोत्सव का मुख्य समारोह होगा। यह जानकारी बुधवार को तख्त साहिब में प्रकाशपर्व की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इस बार प्रकाशपर्व को लेकर टेंट सिटी नहीं बनेगी।

बैठक में मौजूद जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी उपेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रकाशपर्व में इस बार अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं को ठहराने, उनकी सुरक्षा, आवागमन, बिजली, पानी, पार्किंग, सफाई व अन्य सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। इस दौरान विधि व्यवस्था चौकस रहेगी। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। गुरुद्वारा के आसपास के विद्यालयों में श्रद्धालुओं को ठहराया जाएगा। सरकारी विद्यालयों का रंग-रोगन कराकर व्यवस्था ठीक की जाएगी। डीएम ने एसडीओ मुकेश रंजन एवं डीएसपी अमित शरण को गंगा पथ से आने वाले संगतों के लिए गंगा किनारे वाहनों की पार्किंग करने, श्री गुरु गोविन्द सिंह पथ से आने वाले संगतों की वाहन पार्किंग सिटी स्कूल परिसर में तथा आरओबी से सटे मैदान में कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त की जाएगी। डीएम चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि कोरोना के संभावित मामले बढ़ने पर यदि परिस्थितियां बदलती हैं तो उसी अनुसार आगे निर्णय लिया जाएगा। बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कंगन घाट में लंगर को बनेगा हैंगर टेंट पंडाल

गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के महासचिव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कंगन घाट में एक साथ एक हजार श्रद्धालुओं के बैठ कर लंगर छकने के लिए दस हजार वर्ग फीट में हैंगर टेंट पंडाल का निर्माण कराया जाएगा। बिजली, पानी, शौचालय के साथ वाहन पार्किंग की भी व्यवस्था होगी। उन्होंने बताया कि चार जनवरी को राजगीर गुरुद्वारा में अखंड पाठ रखा जाएगा। छह जनवरी को इसकी समाप्ति होगी और कीर्तन दरबार सजेगा।

- दो वर्षों तक कोरोना खौफ के बाद इस बार अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

- तख्त श्रीहरिमंदिर जी पटना साहिब से 28 दिसंबर से सात जनवरी तक निकलेगी प्रभातफेरी

- सात, आठ और नौ जनवरी 2022 मनाया जाएगा प्रकाशोत्सव

- देश-विदेश से हजारों की संख्या में पहुंचेंगे सिख श्रद्धालु

- डीएस व एसएसपी ने प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों के साथ की बैठक

- तख्त साहिब परिसर के नये दीवान हाल में नौ जनवरी को मुख्य समारोह

- बड़ी प्रभातफेरी सात जनवरी को तख्त साहिब से निकलेगी

- आठ जनवरी को गायघाट बड़ी संगत गुरुद्वारा से निकलेगा नगर कीर्तन

chat bot
आपका साथी