महुली में महिला की ईंट से कूचकर हत्या, एक गिरफ्तार

दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव में रविवार की सुबह पड़ोसी ने 52 वर्षीय सुनीता की हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 01:30 AM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 01:30 AM (IST)
महुली में महिला की ईंट से कूचकर हत्या, एक गिरफ्तार
महुली में महिला की ईंट से कूचकर हत्या, एक गिरफ्तार

पटना सिटी : दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव में रविवार की सुबह पड़ोसी ने 52 वर्षीय सुनीता देवी की ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या कर दी। दीदारगंज पुलिस ने एक आरोपित कपिलदेव राय को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार के घर से तीन कट्टा और चार कारतूस बरामद किया है।

महिला के पुत्र मोनू ने बताया कि मां सुनीता देवी की हत्या शौच जाने के दौरान घर से कुछ दूरी पर एक अ‌र्द्धनिर्मित मकान के समीप ईंट-पत्थर से कूचकर की गई है। बदमाशों ने चेहरे पर चाकू से भी वार किया था। हत्या के बाद आरोपित फरार है। मोनू ने बताया कि परिवार की एक बच्ची दौड़ती हुई घर पर आकर मंझले भाई को जानकारी दी थी। हम तीनों भाई दौड़ते हुए वहां पहुंचे तो देखा कि मां की लाश पड़ी है। वहीं पर खून से सनी ईंट भी पड़ी थी। महिला की हत्या की सूचना पाकर काफी संख्या में गांव के लोग जुट गए। सूचना पाकर पहुंचे दीदारगंज थाना के दारोगा अशोक मांझी ने लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कालेज भेजा।

आरोपित पड़ोसी के घर के पास श्वान दस्ता दो बार रुका

हत्यारों की पहचान के लिए श्वान दस्ते की टीम महुली गांव में पहुंची। आरोपित पड़ोसी के घर के पास ही श्वान दस्ता दो बार जाकर रुका। इसके बाद दीदारगंज थानाध्यक्ष चेतनानंद झा के नेतृत्व में आरोपित के घर छापेमारी की गई। छापेमारी के क्रम में पुलिस ने तीन कट्टा व चार कारतूस जब्त किया। कांड के आरोपित कपिलदेव राय को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपित चिरकुट फरार है।

शौच के क्रम में घर से निकली थी महिला

स्वजनों ने पुलिस को बताया कि सुबह में शौच के क्रम में महिला ने एक अ‌र्द्धनिर्मित मकान में पड़ोसी चिरकुट राय व एक महिला को आपत्तिजनक स्थिति में देख ली थी। इसी कारण पड़ोसी आरोपित ने महिला की हत्या कर दी। गिरफ्तार आरोपित को पुलिस जेल भेज रही है। मृतक महिला के पुत्र मोनू के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज दी। मोनू ने बताया कि आरोपित पूर्व में भी परिवार के एक सदस्य की हत्या कर चुका है। पुलिस फरार मुख्य आरोपित की खोज में छापेमारी कर रही है।

chat bot
आपका साथी