बालू लदे ट्रैक्टर ने महिला को रौंदा, आक्रोश

मालसलामी थाना क्षेत्र में नो इंट्री में धड़ल्ले से चल रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने शनिवार को महिला को रौंद दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 14 Mar 2021 01:33 AM (IST) Updated:Sun, 14 Mar 2021 01:33 AM (IST)
बालू लदे ट्रैक्टर ने महिला को रौंदा, आक्रोश
बालू लदे ट्रैक्टर ने महिला को रौंदा, आक्रोश

पटना सिटी : मालसलामी थाना क्षेत्र में नो इंट्री में धड़ल्ले से चल रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने शनिवार को काम से निकली 50 वर्षीया महिला को गौरीदास की भट्ठी के समीप रौंद दिया। अशोक राजपथ पर तड़पती महिला ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर को नागरिकों के सहयोग से पुलिस ने जब्त किया। चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा।

मालसलामी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि महिला बेबी खातून खाजेकलां थाना क्षेत्र के छोटी बाजार मोगलपुरा की रहनेवाली थी। बेबी खातून के पुत्र मोहम्मद नसीम ने बताया कि रिक्शा चालक पिता मोहम्मद इस्माइल उर्फ जहांगीर की मौत लगभग दस वर्ष पूर्व हो गई थी। पिता की मौत के बाद मां घरों से मांगकर बच्चों का जीविकोपार्जन किया। पुत्र के अनुसार शनिवार की सुबह घर से यह कहकर निकली कि काम से जा रही है। दोपहर लगभग 12.30 सूचना मिली कि मां को बालू लदे ट्रैक्टर ने रौंद दिया। सूचना मिलते ही स्वजन मालसलामी थाना पहुंचे। दो भाई व तीन बहनों वाले परिवार में एक बहन की शादी हुई है। फरार चालक की खोज में पुलिस जुटी है। पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।

महिला की मौत के बाद नो इंट्री में चल रहे ट्रैक्टर से नागरिकों में गहरा आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि दिन भर में 500 से अधिक बालू ट्रैक्टर अशोक राजपथ पर गुजरते हैं। ट्रैक्टर चालकों ने बताया कि प्रतिमाह एक सम्मानित राशि भुगतान करने से नो-इंट्री में प्रवेश मिलता है।

-अशोक राजपथ पर तड़पती महिला ने दम तोड़ा, ट्रैक्टर जब्त

-खाजेकलां थाना के छोटी बाजार मोगलपुरा की रहनेवाली थी महिला

chat bot
आपका साथी