दुष्‍कर्म के मामले में चिराग के भाई प्रिंस की जमानत पर फैसला सोमवार को, दिल्‍ली की अदालत में सुनवाई पूरी

Bihar Crime चिराग पासवान के रिश्‍ते में भाई व एलजेपी के पारस गुट के सांसद प्रिंस पासवान के खिलाफ एक लड़की ने दुष्‍कर्म का मुकदमा कर रखा है। इसमें गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रिंस पासवान की जमानत याचिका पर दिल्‍ली का राउज एवेन्‍यू कोर्ट 20 सितंबर को फैसला देगा।

By Amit AlokEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 01:41 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 01:54 PM (IST)
दुष्‍कर्म के मामले में चिराग के भाई प्रिंस की जमानत पर फैसला सोमवार को, दिल्‍ली की अदालत में सुनवाई पूरी
एलजेपी के पारस गुट के सांसद प्रिंस राज। फाइल तस्‍वीर।

पटना, आनलाइन डेस्‍क। Bihar Crime दुष्‍कर्म के मामले में लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट (LJP Paras Faction) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं समस्तीपुर के सांसद प्रिंस राज (Prince Raj) पर दिल्‍ली के राउज एवेन्‍यू कोर्ट ने सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रखा है। अब कोर्ट के विशेष न्यायाधीश एमके नागपाल सोमवार को अपना फैसला देंगे। विदित हो कि दिल्ली की एक लउ़की ने कनाट प्लेस थाने में प्रिंस राज के खिलाफ दुष्‍कर्म (Dushkarm) का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रिंस ने अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की याचिका दाखिल की है। लड़की के अनुसार दुष्‍कर्म की घटना तब की है, जब राम विलास पासवान (Ram Vilas Paswan) का निधन नहीं हुआ था। तब चिराग पासवान पार्टी के अध्‍यक्ष थे। एलजेपी में टूट के बाद प्रिंस अब चिराग पासवान के चाचा पशुपति पारस (Pashupati Paras) के गुट में हैं।

याचिका पर सुनवाई पूरी, फैसला सोमवार काे

मुकदमा दर्ज होने के बाद प्रिंस राज की गिरफ्तारी की आशंका गहरा गई है। इसके बाद प्रिंस ने दिल्‍ली के राउज एवेन्‍यू कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की। गुरुवार व शुक्रवार को दो दिनों तक याचिका पर सुनवाई के दौरान दिल्‍ली पुलिस व पीडि़त लड़की ने जमानत का विरोध किया। दिल्‍ली पुलिस ने प्रिंस को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अनुमति देने की मांग रखी। लड़की ने कोर्ट से कहा कि प्रिंस के पास उसका आपत्तिजनक वीडियो है। कोर्ट में प्रिस राज के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता विकास पाहवा व अधिवक्ता नितेश राणा ने दलील दी कि यह मुकदमा एक बड़ी साजिश है तथा उन्‍होंने लड़की पर पहले से धन उगाही का मुकदमा कर रखा है। यह हनी-ट्रैप व वसूली का मामला है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला 20 सितंबर (सोमवार) तक के लिए सुरक्षित रख लिया है। अब प्रिंस को बेल या जेल का फैसला उसी दिन होगा।

क्‍या है पूरा मामला, यह भी जानिए

अब जरा पूरा मामला भी जान लीजिए। एलजेपी से जुड़ी एक लड़की ने आरोप लगाया कि मार्च 2020 में प्रिंस राज ने उसे दिल्‍ली के वेस्टर्न कोर्ट में बुलाया। वहां जाने पर प्रिंस ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। यह लड़की साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान एलजेपी से जुड़ी थी। वर्तमान में वह एलजेपी में नहीं है। इस मामले में प्रिंस राज का कहना है कि लड़की एक करोड़ रुपये के लिए उन्‍हें ब्‍लैकमेल कर रही है। इसे लेकर उन्‍होंने पहले से मुकदमा दर्ज करा रखा है।

chat bot
आपका साथी