सांसद चिराग पासवान को बिहार में जान का खतरा, लोजपा बोली- मुहैया कराई जाए अतिरिक्त सुरक्षा

आशीर्वाद यात्रा के दौरान चिराग पासवान को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग पुलिस महानिदेशक से लोजपा ने की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता चंदन सिंह ने कहा है कि चिराग पासवान आशीर्वाद यात्रा के तहत से विभिन्न जिलों में भ्रमण कर रहे हैं।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 09:55 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 09:55 PM (IST)
सांसद चिराग पासवान को बिहार में जान का खतरा, लोजपा बोली- मुहैया कराई जाए अतिरिक्त सुरक्षा
जमुई से लोजपा सांसद चिराग पासवान। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (चिराग गुट) ने आशीर्वाद यात्रा के दौरान चिराग पासवान को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग पुलिस महानिदेशक से की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता चंदन सिंह ने कहा है कि चिराग पासवान आशीर्वाद यात्रा के तहत से विभिन्न जिलों में भ्रमण कर रहे हैं। कुछ दिन पहले लोजपा के नेता की कटिहार में अपराधियों द्वारा हत्या कर दी गई थी। बिहार में इन दिनों लगातार लोजपा के कार्यकर्ता और पासवान जाति के लोगों को अपराधी अपना निशाना बना रहे हैं। बिहार के विभिन्न जिलों में चिराग की यात्रा में काफी भीड़ उमड़ रही है और उनकी जान पर खतरा भी मंडरा रहा है। ऐसे में आपसे मांग है कि चिराग की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए जाएं।

लोजपा में टूट के बाद शुरू की आशीर्वाद यात्रा

बता दें कि हाल ही में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) में टूट हुई थी। छह सांसदों में पांच ने हाजीपुर से एमपी और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे रामविलास पासवान के छोटे भाई पशुपति कुमार पारस को अपना नेता मान लिया था। उसके बाद नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल विस्तार में खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्रालय का जिम्मा दिया गया। चिराग ने पार्टी में टूट पर खुद अपने चाचा पशुपति कुमार पारस और चचेरे भाई समस्तीपुर के सांसद प्रिंस राज को जिम्मेदार बताया था। चिराग ने पार्टी के दो धड़ में बंटने के लिए नीतीश कुमार पर भी आरोप लगाए थे। लोजपा में अकेले पड़े चिराग पासवान अब बिहार में आशीर्वाद यात्रा निकालकर जनता का समर्थन मांग रहे हैं। रविवार को चिराग पासवान आशीर्वाद यात्रा के क्रम में नालंदा में थे। यहां उन्होंने नीतीश कुमार पर हमला किया। चिराग ने कहा कि सात निश्चय योजना बिहार के इतिहास की सबसे बड़े घोटाले की योजना है। उन्होंने कहा कि लोजपा के मिल रहे जनसमर्थन से लग रहा है कि बिहार लोजपामय होने वाला है। 

chat bot
आपका साथी