Buxar: जयमाल के समय लड़कियों पर युवकों ने कसी थी फब्तियां, विदाई के समय हुआ कुछ ऐसा

बक्‍सर के नगर थाना क्षेत्र में पटना के मनेर से बरात गई थी। शुक्रवार रात बरातियों के स्‍वागत के बाद जयमाल की रस्‍म अदायगी की जा रही थी। इसी दौरान बरातियों में शामिल कुछ युवकों ने स्‍टेज पर खड़ी युवतियों पर फब्तियां कस दी थी।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sat, 17 Jul 2021 04:55 PM (IST) Updated:Sat, 17 Jul 2021 04:55 PM (IST)
Buxar: जयमाल के समय लड़कियों पर युवकों ने कसी थी फब्तियां, विदाई के समय हुआ कुछ ऐसा
मारपीट मामले में पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार। प्रतीकात्‍मक फोटो

बक्सर, जागरण संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के चीनी मिल में पटना के मनेर से आई बरात की विदाई के दौरान वर और वधू पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जाता है कि जयमाल के समय कुछ युवकों ने स्‍टेज पर खड़ी युवतियों पर फब्तियां कसी थी। इसी को लेकर विवाद हुआ। इस मामले में दूल्‍हा के जख्‍मी पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया है। 

जयमाल के समय लोगों ने बीच-बचाव कर शांत कराया विवाद 

बताया जाता है कि नगर के चीनी मिल में मनेर के जमुनीपुर से रंजीत कुमार सिंह अपने बेटे की बरात लेकर आए थे। बरात के पहुंचने पर वधू पक्ष की ओर से स्‍वागत किया गया। इसके बाद जयमाल के लिए बराती और शराती पहुंचे। लेकिन जिस समय जयमाल चल रहा था तभी कुछ युवकों ने स्टेज पर मौजूद युवतियों पर कुछ फब्तियां कसी थी। इसको लेकर दोनों पक्ष के बीच कहा-सुनी हो गई। लेकिन कुछ लोगों की पहल पर विवाद शांत करा दिया गया। क्‍योंकि शादी की रस्‍में होनी थी। लेकिन दोनों पक्ष आक्रोशित थे। हालांकि किसी तरह शांतिपूर्ण तरीके से शादी हो गई। लेकिन सुबह में दुल्हन की विदाई होने के साथ ही रात भर का दबा आक्रोश अचानक फूट पड़ा। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बीच बचाव करने में दूल्‍हे के पिता रंजीत कुमार जख्मी हो गए।

तीन के खिलाफ प्राथमिकी, एक गिरफ्तार

नगर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि इस घटना के बाद जख्मी पिता के बयान पर नगर थाना में स्थानीय तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें चीनी मिल निवासी गोलू सिंह और अप्पू सिंह के अलावा इटाढ़ी थाना क्षेत्र के साथ गावं निवासी रोहित सिंह को नामजद किया गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रोहित सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

chat bot
आपका साथी