बिहटा में 24 घंटे से लगा महाजाम

शहर में 24 घंटे से लगे महाजाम से शुक्रवार को लोग पूरे दिन परेशान रहे।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Feb 2021 12:50 AM (IST) Updated:Sat, 20 Feb 2021 12:50 AM (IST)
बिहटा में 24 घंटे से लगा महाजाम
बिहटा में 24 घंटे से लगा महाजाम

बिहटा : शहर में 24 घंटे से लगे महाजाम से शुक्रवार को लोग पूरे दिन परेशान रहे। सोन नदी पर नया फोरलेन पुल बन गया, लेकिन जाम का समाधान अब तक नहीं निकल सका है। गुरुवार की रात से शुक्रवार देर रात तक बिहटा-आरा रोड में भारी वाहन फंस रहे। इस कारण सुबह तक लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बिहटा- कोइलवर रोड में दस किलोमीटर तक लगे जाम में छोटी गाड़ियों के साथ साथ कई एंबुलेंस भी फंसी रहीं। बिहटा बाजार आनेवाली सड़क पर स्थानीय लोग जरूरत का सामान लेने घर से बाहर नहीं निकल पा रहे थे।

महाजाम की सूचना मिलने पर दानापुर एसडीओ विनोद दुहन शुक्रवार की सुबह बिहटा चौक पहुंचे और स्थानीय पुलिस से इसकी जानकारी ली। स्थानीय लोग जाम का कारण बालू लदे ट्रकों का बेतरतीब चलना बता रहे थे। बिहटा में चार जगहों पर चेक प्वाइंट बनाया गया है, जिसे दिन में बिहटा रोड में नहीं आना है। इसके बाद भी चालक दिन में भी ट्रक लेकर इस रोड में चले आ रहे हैं।

बिहटा थानाध्यक्ष अवधेश कुमार झा ने बताया कि जाम के लिए चेक प्वाइंट बनाया गया है, लेकिन भोजपुर पुलिस बबुरा पूल से ट्रकों को निकाल नहीं पा रही है। इसके कारण पहले से शहर में घुसे ट्रकों का जाम और लंबा हो गया। अगले आदेश तक पालीगंज, रानितलाब से बालू लदे ट्रकों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

इधर जाम को समाप्त कराने के लिए पटना ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी भी दिन भर बिहटा के अलग-अलग जगहों पर जाम छुड़ाते रहे। दुकानदारों ने बताया कि जाम के कारण उनकी दुकानदारी पूरी तरह बर्बाद हो गई है। अब आंदोलन ही एकमात्र रास्ता बचा है।

chat bot
आपका साथी