बिहार भाजपा के प्रभारी बनाए गए हरीश द्विवेदी, यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

भाजपा ने बिहार के सह प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी को प्रोन्नति देकर प्रभारी बना दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी अहम मान रही है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 07 Oct 2021 04:13 PM (IST) Updated:Thu, 07 Oct 2021 06:56 PM (IST)
बिहार भाजपा के प्रभारी बनाए गए हरीश द्विवेदी, यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
बिहार भाजपा के प्रभारी हरीश द्विवेदी। जागरण।

राज्य ब्यूरो, पटना : भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की सूची बिहार के संदर्भ में बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी ने बिहार इकाई के सह प्रभारी व बस्ती के युवा सांसद हरीश द्विवेदी को प्रोन्नति देकर प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्रीय मंत्री बनाए गए भूपेंद्र यादव की जगह हरीश द्विवेदी अब बिहार में कमान संभालेंगे। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने हरीश द्विवेदी के जरिये बड़ा संदेश दिया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विद्यार्थी परिषद की उपज हरीश का नाम भाजपा के अंदर संगठन गढ़ने वाले युवा नेताओं में लिया जाता है। इसी क्षमता और योग्यता के कारण पार्टी ने उन्हें बड़ा उत्तरदायित्व दिया है।

भाजपा ने दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर और पश्चिमी चंपारण जिला में रामनगर से विधायक भागीरथी देवी का भी कद बढ़ा दिया है। दोनों को पहली बार राष्ट्रीय कार्यसमिति में जगह मिली है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर मोतिहारी के सांसद राधा मोहन सिंह भी कार्यसमिति के सदस्य है। बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ और बिहार के संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया का नाम भी इस सूची में शामिल है।

अश्विनी चौबे और सीपी ठाकुर हुए बाहर

राष्ट्रीय कार्यसमिति से केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे और पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. सीपी ठाकुर बाहर कर दिए गए हैं। डा. सीपी ठाकुर की जगह सामाजिक समीकरण के तहत केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह को जगह मिली है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद के साथ राज्य के पूर्व मंत्री नंद किशोर यादव और प्रेम कुमार भी राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य बनाए गए हैं।

तारकिशोर और रेणु के साथ सुशील मोदी भी

उप मुख्यमंत्री के तौर पर तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी के अलावा पूर्व उप मुख्यमंत्री के नाते सुशील मोदी (अभी राज्यसभा सदस्य) का नाम भी इस सूची में शामिल है। राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर बिहार के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी, विधान पार्षद संजय मयूख और गुरु प्रकाश पासवान को राष्ट्रीय कार्यसमिति में स्थान मिला है। 

chat bot
आपका साथी