गोपालगंज की नदी में मिला था किशोरी का शव, मामला खुला तो पिता के साथ सौतेली मां भी गई जेल

इस किशोरी की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। किशोरी के शव को जूट के बोरे में भरकर नदी में फेंका गया था। बोरे पर खून के धब्बे मिले। स्थानीय चौकीदार के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 05:30 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 05:30 PM (IST)
गोपालगंज की नदी में मिला था किशोरी का शव, मामला खुला तो पिता के साथ सौतेली मां भी गई जेल
गोपालगंज ने किया पति-पत्‍नी को गिरफ्तार। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

विजयीपुर (गोपालगंज), संवाद सूत्र। गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव के उत्तर कुषमा घाट पर खनुआ नदी से बरामद एक किशोरी के शव की पहचान हो गई है। पुलिस ने शव की शिनाख्त करते हुए किशोरी की सौतेली मां व पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि किशोरी का शव आरोपित पिता व मां ने नदी में फेंका था। प्रताड़ना से तंग आकर किशोरी के आत्महत्या करने की बात आरोपित पिता व मां ने पुलिस को बताई है। गिरफ्तार किए गए आरोपित पिता व मां को पुलिस ने हत्या या आत्महत्या के साक्ष्य छिपाने के आरोप में शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

गुरुवार को ही नदी से मिला था शव

पुलिस किशोरी ने आत्महत्या की थी या उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंका गया था, इसकी गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है। बीते गुरुवार की सुबह चौमुखा गांव के उत्तर कुषमा घाट पर खनुआ नदी में एक किशोरी का शव उतराते देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दिया था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी के शव को नदी से निकलवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

जूट के बारे में भरकर फेंका गया था शव

इस किशोरी की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। किशोरी के शव को जूट के बोरे में भरकर नदी में फेंका गया था। बोरे पर खून के धब्बे मिले। इस मामले में स्थानीय चौकीदार के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू किया। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने किशोरी की शिनाख्त कर ली। किशोरी थाना क्षेत्र के शिवदत्त छापर गांव निवासी 17 वर्षीय शिल्पा कुमारी थी।

मोबाइल से बात करने पर रोका था

शक के आधार पर पुलिस ने मृतका के पिता मुकेश कुशवाहा तथा सौतेली मां ललिता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो उन्होंने राज उगल दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक मई को शिल्पा कुमारी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। पूछने पर उसने कुछ भी बताने से आनाकानी किया। जिस पर किशोरी को मारपीट कर प्रताड़ित किया गया और किशोरी ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस हर बिंदु पर कर रही जांच

इस संबंध में थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान मृतका के पिता तथा माता ने किशोरी का शव ठिकाने लगाने की बात कबूल किया है। किशोरी की हत्या या आत्महत्या के साक्ष्य छिपाने का दोषी पाए जाने पर मुकेश कुशवाहा तथा मां ललिता देवी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि किशोरी ने आत्महत्या की थी या उसकी हत्या की गई थी, इसकी गहराई से जांच पड़ताल की जा रही है।

chat bot
आपका साथी