Patna IIT Placement: गूगल ने आइआइटी पटना से ढूंढ़ निकाले छह हीरे, दिया 54.50 लाख का आफर

Patna IIT Placement 2020 में 19 बच्चों को मिला था आफर। इस बार करीब दोगुनी हुई संख्‍या। पहले फेज के प्लेसमेंट की चल रही प्रक्रिया। कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने इंटर्नशिप के आधार पर दिया आफर। सभी छात्रों काे आनलाइन साक्षात्कार के बाद ये आफर मिले हैं।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 08:37 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 10:23 AM (IST)
Patna IIT Placement: गूगल ने आइआइटी पटना से ढूंढ़ निकाले छह हीरे, दिया 54.50 लाख का आफर
आइआइटी पटना के कई छात्रों को बंपर आफर। सांकेतिक तस्‍वीर

पटना, जागरण संवाददाता। Patna IIT Placement:  भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना (IIT, Patna) के बीटेक के 34 छात्र-छात्राओं को इंटर्नशिप के आधार पर कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने प्री-प्लेसमेंट आफर (Pre Placement Offer) दिया है। ये सभी 2022 में पासआउट होंगे। गूगल (Google) ने सबसे अधिक 54.50 लाख सालाना का पैकेज छह छात्रों को दिया है। इसके अतिरिक्त एडोब, गोजेक, मीडिया.नेट और मोरगन ने एक-एक छात्र, क्लाउड आधारित अमेरिकी साफ्टवेयर कंपनी ने दो छात्रों, निवेश बैंकिंग फर्म गोल्डमैन सैक्स ने तीन, बीमा और स्वास्थ्य सेवा फर्म ऑप्टम ने सात, सैमसंग रिसर्च बेंगलुरु ने तीन, पब्लिसिस सैपिएंट ने तीन छात्रों को पीपीओ की पेशकश की है। इन कंपनियों ने 25 से 53 लाख सालाना तक के आफर पीपीओ के अंतर्गत दिए हैं।

2020 में 19 छात्रों को मिला था पीपीओ

अब तक मिले पीपीओ का औसत 24 लाख सालाना का है। प्लेसमेंट का पहला फेज सितंबर से दिसंबर तक चलेगा। जबकि, दूसरा फेज जनवरी से मार्च तक चलेगा। वर्ष 2020 में 19 छात्रों को प्री-प्लेसमेंट आफर मिला था। इस वर्ष 78 फीसद वृद्धि दर्ज की गई है। इन छात्र-छात्राओंने मई से जुलाई के बीच इन कंपनियों में इंटर्नशिप की है। इसके आधार पर कंपनियों ने ये आफर दिए हैं। सभी छात्रों काे आनलाइन साक्षात्कार के बाद ये आफर मिले हैं। 

अभी प्लेसमेंट में वृद्धि का है अनुमान

आइआइटी के प्लेसमेंट अधिकारी कृपा शंकर ने बताया कि वर्ष 2022 की पूर्णकालिक भर्ती की प्रक्रिया अक्टूबर 2021 से गति पकड़ेगी। इस वर्ष भी प्री-प्लेसमेंट टाक, टेस्ट और साक्षात्कार सहित प्लेसमेंट प्रक्रियाएं वर्चुअल मोड में आयोजित की जाएंगी। पीपीओ देने वाली प्रमुख कंपनियों में गूगल, एडोब, मोरगन स्टेनले, सेल्सफोर्स, गोल्डमैन सैक्स, पब्लिशिप पेटिएंट, सैमसंग, मीडियानेट आदि शामिल हैं। वर्तमान में आइटी, वित्त, प्रबंधन जैसे विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने परामर्श, कोर, एनालिटिक्स आदि सेक्टर में 2022 में स्नातक करने वाले छात्रों के लिए विभिन्न डोमेन में प्री प्लेसमेंट आफर बढ़ाए हैं।

2021 के बैच के 239 छात्र-छात्राओं का हुआ था कैंपस चयन 

आइआइटी के जून 2021 में पासआउट होने वाले बैच के कैंपस चयन में 239 छात्र-छात्राओं का कैंपस चयन किया गया था। इसमें 50 से अधिक नई कंपनियों ने भाग लिया था। इसमें बीटेक के 140 से अधिक छात्र-छात्राओं का कैंपस सेलेक्शन हुआ था। इसमें गूगल ने 54.57, एमटीएक्स ने 52.50, माइक्रोसाफ्ट ने बीटेक कंप्यूटर साइंस के छात्र को 43.50 लाख का पैकेज दिया था। साथ ही डीईशा ने 47.50 का पैकेज, माइक्रोसाफ्ट ने 43.50 लाख, जेम्स कार्ट, अमेजन, लैंड रोवर जगुआर, टापर ने 30 लाख रुपये से अधिक का पैकेज दिया था।

chat bot
आपका साथी