बिहार की बेटियों के लिए गुड न्‍यूज: राज्‍य में बनने वाले खेल विश्वविद्यालय की एक तिहाई सीटों पर होगा नामांकन

मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि बिहार में बनने वाले खेल विश्वविद्यालय की एक तिहाई सीटों पर लड़कियों का नामांकन होगा। उन्‍होंने राज्‍य में खेलों के प्रोत्साहन देने को लेकर कई और कदम उठाने की भी घोषणा की।

By Amit AlokEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 07:18 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 07:21 AM (IST)
बिहार की बेटियों के लिए गुड न्‍यूज: राज्‍य में बनने वाले खेल विश्वविद्यालय की एक तिहाई सीटों पर होगा नामांकन
फुटबॉल का मैच खेलतीं लड़कियां। फाइल तस्‍वीर।

पटना, स्‍टेट ब्‍यूरो। खेलों में दिलचस्पी रखने वाली बेटियों के लिए यह अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में स्थापित होने वाले खेल विश्वविद्यालय (स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी) में नामांकन में बेटियों के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से खेल विश्वविद्यालय से संबंधित प्रस्तावित विधेयक के प्रस्तुतीकरण को देखा। उन्होंने अफसरों को आदेश दिया कि खेल विश्वविद्यालय में नामांकन में न्यूनतम एक तिहाई सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित की जाएं। इससे खेल की तरफ छात्राएं और अधिक प्रेरित होंगी और उनकी संख्या भी बढ़ेगी।

खेलों के प्रोत्साहन के लिए कई कदम उठाए गए

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जब से हम लोगों को काम करने का मौका मिला है, विकास के कई कार्य करने के साथ-साथ खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं। राजगीर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाया जा रहा है। राजगीर में खेल अकादमी (स्पोट्र्स एकेडमी) का निर्माण कराया जा रहा है, जहां खेलों में अभिरुचि रखने वाले विद्यार्थियों  को प्रशिक्षित किया जाएगा और खेल के विभिन्न आयामों की जानकारी दी जाएगी।

राज्य में खेलों को दिया जाएगा काफी बढ़ावा

खेल विश्वविद्यालय स्थापित हो जाने से राज्य में खेलों को काफी बढ़ावा मिलेगा। विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विधेयक पर विस्तृत जानकारी दी गई है। इसके कुछ बिंदुओं पर और गहन विमर्श करने की जरूरत है। इस पर गहन विचार-विमर्श एवं स्थल भ्रमण कर पुन: प्रस्तुत किया जाए।

बैठक में ये थे मौजूद

कला-संस्कृति एवं युवा विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना किनी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बिहार खेल विश्वविद्यालय अधिनियम-2021 के बारे में जानकारी दी। बैठक में उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, कला व संस्कृति मंत्री आलोक रंजन, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं प्रधान सचिव चंचल कुमार तथा सचिव अनुपम कुमार एवं ओएसडी गोपाल सिंह मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी