'जामुन' से फिल्मी पर्दे की चमक बढ़ा रहे पटना के गौरव, हार न मानने की सीख देती है कहानी

पटना के गौरव मेहरा फिल्म जामुन से मायानगरी मुंबई में ख्याति बटोर रहे हैं। इरोस नाउ पर जामुन एक दिन पहले गुरुवार को रिलीज हो चुकी है। फिल्म में रघुवीर यादव श्वेता बसु प्रसाद सनी हिंदुजा सौरव गोयल के साथ वैशाली के चंदन रॉय भी नजर आएंगे।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 22 Jan 2021 09:48 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 09:48 PM (IST)
'जामुन' से फिल्मी पर्दे की चमक बढ़ा रहे पटना के गौरव, हार न मानने की सीख देती है कहानी
गौरव मेहरा की निर्देशित फिल्म जामुन का पोस्टर।

जागरण टीम, पटना। बिहार की एक और प्रतिभा फिल्मी पर्दे की चमक बढ़ा रही है। पटना के गौरव मेहरा फिल्म 'जामुन' से मायानगरी मुंबई में ख्याति बटोर रहे हैं। इरोस नाउ पर जामुन एक दिन पहले गुरुवार को रिलीज हो चुकी है। फिल्म में रघुवीर यादव, श्वेता बसु प्रसाद, सनी हिंदुजा, सौरव गोयल के साथ वैशाली के चंदन रॉय भी नजर आएंगे। फिल्म के ट्रेलर को यू-ट्यूब पर अबतक डेढ़ लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों ने इसे पसंद भी किया है। 

अपनी पहली फिल्म जामुन की गौरव ने कहानी लिखने के साथ इसे निर्देशित भी किया है। जामुन को अली उनवाला, विनीत राने और क्षितिज प्रसाद ने प्रोड्यूस किया है। राजधानी के फुलवारीशरीफ में गौरव का ननिहाल है। गौरव ने बताया कि उनका शुरू से ही फिल्मों के प्रति रुझान रहा। साल 2009 में वे रुपहले पर्दे पर हाथ आजमाने मायानगरी मुंबई की ओर निकल गए। मुंबई में उन्होंने सुभाष घई के फिल्म स्कूल में दाखिला लिया।

पिता-पुत्री के रिश्ते को बयां करती है जामुन

गौरव ने बताया कि जामुन में जिस परिवार को दिखाया गया है वो बिहार से ताल्लुक रखता है मगर रहता मुंबई में है। गौरव ने बताया कि फिल्म की कहानी उनके अपार्टमेंट में रह रहे एक बुजुर्ग से प्रभावित है। जामुन में श्वेता बसु प्रसाद ने भैंगी लड़की तो रघुवीर यादव ने उसके पिता की भूमिका निभाई है। फिल्म में पिता-पुत्री का रिश्ता बयां किया गया है। गौरव ने बताया कि फिल्म में ये बताने की कोशिश की गई है कि किसी शारीरिक कमजोरी की वजह से खुद को बदलने की जरूरत नहीं है। अगर किसी को पसंद करना है तो उसकी कमियों को खूबी समझना पड़ेगा। आम लोगों की कहानी से जुड़े होने के कारण जामुन को काफी सराहा जा रहा है। बता दें कि गौरव मेहरा की 2018 में बनाई शॉर्ट फिल्म 'सील' काफी लोकप्रिय हुई थी। 'सील' को फिल्म फेयर में भी नॉमिनेट किया गया था। साथ ही इसे यू-ट्यूब पर 36 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं। 

chat bot
आपका साथी