बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली एम्स के इमरजेंसी वार्ड में कराए गए भर्ती

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की शुक्रवार को तबीयत बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें बुखार होने पर अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 26 Nov 2021 08:08 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 07:02 AM (IST)
बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली एम्स के इमरजेंसी वार्ड में कराए गए भर्ती
बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव। जागरण आर्काइव।

जागरण टीम, पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। फिलहाल दिल्ली एम्स के मेडिसिन विभाग के डाक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें बुखार व यूरिन में संक्रमण के कारण एम्स में भर्ती किया गया है। इसके अलावा उन्हें किडनी की भी पहले से परेशानी है। एम्स के अनुसार वह दोपहर करीब ढाई बजे एम्स की इमरजेंसी में पहुंचे। इसके बाद उनकी कई जांचें कराई गई हैं। इसके पहले भी दिल व किडनी की बीमारी के कारण लालू को एम्स में भर्ती किया गया था। उस वक्त वह लंबे समय तक एम्स में भर्ती रहे थे। लालू दो दिन पहले ही बांका कोषागर से अवैध निकासी के मामले में कोर्ट में पेशी के लिए पटना आए थे। गुरुवार को अस्वथ होने के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो अभी बड़ी बेटी व राज्यसभा सदस्य मीसा भारतीय के दिल्ली स्थित सरकारी आवास में रह रहे हैं। यहां वह एम्स के चिकित्सकों की निगरानी में हैं। 

बता दें कि दिल्ली में इलाज करा रहे लालू 22 नवंबर को दिल्ली से पटना आए थे। 23 नवंबर को सीबीआइ की विशेष अदालत में चारा घोटाला मामले में उनकी पेशी हुई थी। चारा घोटाले के एक मामले में आरोपित लालू समेत चार आरोपित मंगलवार को सीबीआइ के स्पेशल जज प्रजेश कुमार की अदालत में उपस्थित हुए थे। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 30 नवंबर की तिथि तय की है। अस्वस्थ होने के कारण गुरुवार को लालू वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पटना से जाने के दौरान एयरपोर्ट पर लालू ने नीतीश पर कटाक्ष किया था। कहा था कि बिहार के मुख्यमंत्री विकास की बात करते हैं, जबकि स्वास्थ्य और शिक्षा में बिहार फिसड्डी है। लालू ने राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को चुटकी ली थी। 

chat bot
आपका साथी