बिहारः बेगूसराय में नहाने के दौरान पांच बच्चों की डूबकर मौत, एक को बचाने में सभी ने गंवाई जान

बिहार के बेगूसराय में सोमवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। बखरी थाना क्षेत्र में नहाने के दौरान पांच बच्चे डूब गए। कुछ ही देर में पांचों बच्चों का शव पानी से निकाला गया। एक को बचाने में सभी बच्चों ने अपनी जान गंवा दी।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 03 May 2021 04:57 PM (IST) Updated:Mon, 03 May 2021 04:57 PM (IST)
बिहारः बेगूसराय में नहाने के दौरान पांच बच्चों की डूबकर मौत, एक को बचाने में सभी ने गंवाई जान
बिहार के बेगूसराय में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। प्रतीकात्मक तस्वीर।

संवाद सहयोगी, बखरी (बेगूसराय)। बिहार के बेगूसराय में बड़ा हादसा हो गया। सोमवार को बखरी थाना क्षेत्र के इटवा तालाब के गहरे पानी में डूबने से पांच बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी बच्चे घाघड़ा गांव के थे। सभी की उम्र 10 से 15 वर्ष थी। घटना का शिकार हुए बच्चों की पहचान गांव के इंद्रदेव महतो के पुत्र 15 वर्षीय अभिषेक कुमार, बिंदेश्वरी ठाकुर के पुत्र 12 वर्षीय चैंपियन कुमार, शिवजी ठाकुर के पुत्र 13 वर्षीय संतोष कुमार, लूटन साह के पुत्र 12 वर्षीय रजनी कुमार तथा अंकुल पासवान के पुत्र 13 वर्षीय अनुज कुमार के रूप में की गई है।

प्राप्त समाचार के अनुसार, सभी बच्चे मित्र थे और घटना के समय साइकिल से इटवा तालाब की ओर खेलने गए थे। इसी दौरान सभी ने उक्त चौर में स्नान करने की योजना बनाई। लेकिन बच्चों को गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं था। पानी में उतरते ही एक बच्चा डूबने लगा। उसे बचाने का प्रयास बाकी दोस्त करने लगे। इसी दौरान सभी पानी की गहराई में समाते चले गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर सभी के घर वाले उनकी खोज में निकले। घरवाले लोगों से पूछताछ करते इटवा चौर पहुंचे। वहां पानी से भरे गड्ढे के किनारे बच्चों की साइकिल और सभी का कपड़ा मिला। डूबने की आशंका के बीच स्वजनों ने गहरे पानी में बच्चों की खोज शुरू की। इसी दौरान गहरे पानी में चार बच्चों का शव मिला।

एक को जिंदा समझ लाया गया पीएचसी

एक बच्चे को जिंदा समझ उसे तत्काल पीएचसी ले जाया गया। पंरतु, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि के अलावा स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष बासुकीनाथ झा, अंचल निरीक्षक नितिन कुमार आदि द्वारा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के बाद अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना से स्वजनों सहित गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के होनहार इन सपूतों की मौत से लोगों में गम का माहौल है।

chat bot
आपका साथी