बिहार में कांग्रेस के 154 नेताओं पर प्राथमिकी, महंगाई के विरोध में पटना में आंदोलन करना पड़ा महंगा

FIR on congress leaders in Bihar महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी के खिलाफ शनिवार को बिहार के कांग्रेसियों ने पटना में साइकिल रैली निकाली। इस मामले में शनिवार की देर रात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित 154 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sun, 18 Jul 2021 08:26 AM (IST) Updated:Sun, 18 Jul 2021 11:08 AM (IST)
बिहार में कांग्रेस के 154 नेताओं पर प्राथमिकी, महंगाई के विरोध में पटना में आंदोलन करना पड़ा महंगा
पटना के गांधी मैदान थाने में कांग्रेस नेताओं पर प्राथमिकी। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Politics: महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी के खिलाफ शनिवार को बिहार के कांग्रेसियों ने पटना में साइकिल रैली निकाली। ये बोरिंग रोड चौराहा से गांधी मैदान तक साइकिल पर सवार होकर गए। कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास मुख्य अतिथि थे। नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा ने किया। हालांकि ऐसा करना कांग्रेस नेताओं को भारी पड़ गया है। बिना अनुमति के साइकिल रैली और कोविड गाइड लाइन का उल्लंघन करने के आरोप में गांधी मैदान थाना में शनिवार की देर रात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित 154 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसको लेकर बिहार कांग्रेस अध्‍यक्ष ने राज्‍य सरकार और बिहार पुलिस पर तंज कसा है।

इन नेताओं को किया गया है नामजद

मिली जानकारी के अनुसार प्राथमिकी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, प्रेमचंद समेत चार को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात पर केस हुआ है। इसका विरोध करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष ने बिहार सरकार और पुलिस पर तंज कसा है। उन्‍होंने कहा कि एक आइएएस अधिकारी के लिखित आवेदन देने पर प्राथमिकी दर्ज करने में पुलिस को पसीना छूटता है। सत्‍ताधारी दल के आयोजन में नियमों के उल्‍लंघन की परवाह क्‍यों नहीं होती।

इससे पहले कांग्रेस के राज्‍य प्रभारी दास ने शनिवार को आंदोलन के दौरान कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के लचर शासन ने आम लोगों के जीवन को प्रभावित किया है। जीवन के लिए जरूरी सामानों का दाम बढ़ाकर आम जनता पर बोझ बढ़ा दिया है। डा झा ने कहा कि केंद्र के फैसले लगातार जनाकांक्षाओं के विपरीत रहते हैं। राष्ट्रीय महासचिव तारिक अनवर ने कहा कि केंद्र की सरकार द्वारा आम लोगों के गाढ़ी कमाई पर डाका डाला जा रहा है। प्रभारी सचिव बृजलाल ने कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही महंगाई से निजात दिला सकती है।

कांग्रेस के विधानमंडल दल के नेता अजीत कुमार शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब तेल के दाम कम हो रहें हैं फिर भी देश में इसकी कीमत लगातार बढ़ रही है। पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार में नैतिकता रत्ती मात्र भी शेष नहीं बची है। सांसद डा अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि सरकार अपने पूंजीपति मित्रों के समक्ष आत्मसमर्पण की भूमिका में है।

रैली में पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चन्दन बागची,  शकील अहमद, कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, श्यामसुन्दर सिंह धीरज, डॉ समीर कुमार सिंह, विधायक मो. शकील अहमद खान, राजेश कुमार, विधान प्रेमचंद मिश्रा के अलावा पार्टी के नेता राजेश राठौड़, ब्रजेश पांडेय, विधायक प्रतिमा दास, मुरारी गौतम, छत्रपति यादव, नीतू सिंह, आनंद शंकर सिंह, इजहारुल हुसैन, अबिदुर रहमान, अजय कुमार सिंह, पूर्व मंत्री अवधेश सिंह, कृपानाथ पाठक, प्रवक्ता जया मिश्र, शरवत जहां फातिमा और असित नाथ तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए।

तारिक लडख़ड़ा कर गिरे : पार्टी के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर कोतवाली के निकट साइकिल से लडख़ड़ा के गिर गए। साथ चल रहे लोगों ने उन्हें उठाया। अनवर को मामूली चोट लगी है। यह सब एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ के चलते हुआ। रैली के लिए कई नेताओं ने नई साइकिल की खरीद की।

chat bot
आपका साथी