बक्सर में खेल-खेल में लग गई भीषण आग, दो बच्चे जिंदा जले, सात घर भी हुए राख

बच्चों के खेल-खेल में बड़ा हादसा हो गया। कैमूर जिले से बक्सर में अपने ननिहाल आए दो बच्‍चों की जिंदा जलने से मौत हो गई। दोनों बच्‍चे खेल में आग लगने के बाद डर से घर में दुबक कर बैठ गए थे।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 08:29 PM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 08:29 PM (IST)
बक्सर में खेल-खेल में लग गई भीषण आग, दो बच्चे जिंदा जले, सात घर भी हुए राख
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बिझौरा पंचायत अंतर्गत करमी गांव में लगी भीषण आग, सांकेतिक तस्‍वीर ।

बक्सर, जागरण संवाददाता। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बिझौरा पंचायत अंतर्गत करमी गांव में रविवार अपराह्न 3.30 बजे खेल-खेल में लगी आग में दो बच्चे जिंदा जल गए। वहीं, सात लोगों का सबकुछ राख हो गया। घटना के दौरान दो भैंस के भी झुलस जाने की सूचना है। दोनों बच्चे कैमूर जिले के रहने वाले थे। यहां ननिहाल में आए हुए थे। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड घंटों जूझते रहे। जिन बच्चों की मौत हुई है उनमें रितिक (4 वर्ष) तथा आकांशु कुमार (6 वर्ष) शामिल है। दस लाख के नुकसान का अनुमान है। मौके पर इटाढ़ी बीडीओ नुकसान का आकलन करने में लगे रहे।

मायके में दोनों बच्‍चों की जलकर मौत

अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह ने बताया कि रविवार को 3:30 बजे गांव के खलिहान में आग लगने की सूचना मिली। फायर ब्रिगेड की टीम वहां पहुंचकर आग बुझाने में लग गई। तभी गांव में भीषण आग लगने की सूचना मिली। जनार्दन यादव के घर में लगी आग ने एक-एक कर रामप्रवेश यादव, बृज बिहारी यादव, सुरेंद्र यादव, जय प्रकाश यादव, राजकुमार यादव, श्याम मोहन पासवान के घरों को चपेट में लेना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही बक्सर से फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ों को भेजा गया। आग बुझाते ही मलबे के ढेर में दो बच्चों के शव पर नजर पड़ते ही लोगों के होश उड़ गए। कैमूर जिले के सरथुआ निवासी रामदनी सिंह के साथ ब्याही जनार्दन यादव की पुत्री बच्चों के साथ मायके आई हुई थी। उसके दोनों बच्चों की जलकर मौत हो गई। दोनों बच्चे दोपहर में खेल रहे थे। इस दौरान किसी बच्चे ने माचिस जलाई जिससे घर में रखे सामान में आग लग गई। बच्चों ने जब यह नजारा देखा तो डर से वे घर में ही दुबक कर बैठ गए। आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों बच्चों की झुलस कर मौत हो गई। जैसे ही आग पर काबू पाया गया अंदर पूनम के दोनों बच्चों का जला शव देख कोहराम मच गया।

chat bot
आपका साथी