सुशांत सिंह राजपूत के बर्थ डे पर पिता ने यादों से की बात, बड़ी भारी थी रात

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के जन्मदिन पर पिता ने भावुक होकर याद किया। कहा-हैप्पी बर्थडे जिस भी दुनिया में हो खुश रहो। वे अब तक पुत्र की मौत के गम से उबर नहीं सके हैं। पटना में प्रशंसकों ने भी भारी मन से अपने अपने चहेते को याद किया

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 06:59 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 09:39 PM (IST)
सुशांत सिंह राजपूत के बर्थ डे पर पिता ने यादों से की बात, बड़ी भारी थी रात
बॉलीवुड एक्‍टर सुशांत सिंह राजपूत की फाइल फोटो।

पटना, जागरण संवाददाता । इस रात का किसके लिए इंतजार। 21 जनवरी की सुबह भी हर साल होगी, पर गुलशन कहां? हैप्पी बर्थडे बेटा। रात यादों में कट गई, हर साल ऐसा ही होगा। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह फफक पड़े। सुशांत सिंह राजपूत को घरवाले गुलशन के नाम से पुकारते थे।

पिता उन लम्‍हों को याद कर सिसक उठे

गुरुवार को सुशांत का जन्मदिन था। पूरा परिवार 20-21 जनवरी की आधी रात का इंतजार करता था। एक-दूसरे में होड़ कि 12 बजते ही सबसे पहले बधाई कौन देगा। गुरुवार को दैनिक जागरण से फोन पर फरीदाबाद से बात करते हुए उनके पिता उन लम्हों को याद कर सिसक रहे थे। रात यादों में काट ली थी। उन्होंने कहा कि घर में सब लोग सुशांत को गुलशन के नाम से पुकारते थे। परिवार के लोग फोन पर बधाई देते थे। घर पर उसकी पसंद का खाना बनता था। केके सिंह प्रतिभाशाली बेटे की मौत के सदमे से उबर नहीं सके हैं। अभी फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। एक पिता के लिए उनकी यादों में उनका बेटा जिंदा है, इसलिए हैप्पी बर्थडे भी कहा। तुम जहां भी हो, जिस भी दुनिया में, खुश रहो।

पटनाइट्स ने अपने चहेते को याद किया

पटना में राजीवनगर स्थित उनके घर में सन्नाटा पसरा था, जहां सुशांत के जन्मदिन पर खुशियां बरस उठती थीं। मेन गेट पर ताला लटका था। पड़ोसियों को भी यह सन्नाटा खल रहा था। वहीं, युवाओं ने पटना में अपने चहेते अभिनेता को अलग-अलग तरीके से याद किया। किसी ने गरीब बच्चों के बीच खाना बांटा तो किसी ने सुशांत के घर के पास केक काट उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। सुशांत अमर रहे के नारों के साथ उसकी मौत के जिम्मेवार लोगों को सजा की मांग भी की जा रही थी।

chat bot
आपका साथी