घर वाले नहीं थे राजी, लेकिन यहां काम कर गया काजी, भोजपुर में पुलिस ने लगवाई प्‍यार की हथकड़ी

भोजपुर के अगिआंव बाजार थाने के एसएचओ की पहल पर न केवल दो परिवारों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद खत्‍म हो गया बल्कि दो दिल भी एक हो गए। लोग इस पुलिस अधिकारी की सराहना कर रहे हैं।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Tue, 24 Aug 2021 07:46 AM (IST) Updated:Tue, 24 Aug 2021 07:46 AM (IST)
घर वाले नहीं थे राजी, लेकिन यहां काम कर गया काजी, भोजपुर में पुलिस ने लगवाई प्‍यार की हथकड़ी
भोजपुर में पुलिस अधिकारी ने करवाई शादी। प्रतीकात्‍मक फोटो

पीरो (भोजपुर), संवाद सहयोगी। अगिआंव बाजार थाने के पुलिस अधिकारी ने अपने सामाजिक सरोकार को निभाते हुए न केवल प्‍यार करने वाले दो दिलों को मिलाया बल्कि करीब एक वर्ष से चले आ रहे वर एवं वधू पक्ष के विवाद को भी खत्‍म करा दिया। लोगों का कहना था कि थानाध्‍यक्ष की पहल से एक विवाद तो टल ही गया, नयी जिंदगी भी बस गई।  

एक साल पहले तय हुई थी शादी लेकिन हो गया विवाद 

जानकारी के अनुसार अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के लोहई टोला निवासी सूर्यनाथ सिंह ने अपनी बेटी पूजा की शादी धनपुरा निवासी रामचंद्र सिंह के बेटे संतोष कुमार से एक साल पहले तय की थी। लेकिन लेनदेन के मामले को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। नतीजा यह तयशुदा शादी नहीं हो पा रही थी। बात आगे बढ़ ही नहीं पा रही थी। लेकिन संतोष और पूजा में स्‍नेह और प्रेम बढ़ गया था। दोनों परिवारों के बीच विवाद के बावजूद संतोष व पूजा चाहते थे कि उनकी शादी हो जाए। वे दोनों पारिवारिक विवाद को दरकिनार कर एक दूसरे से संपर्क बनाए हुए थे।

थानाध्‍यक्ष ने कराया समझौता, मंदिर में हुई शादी

इस बीच रविवार को यह मामला जब अगिआंव बाजार थाना में पहुंचा तो थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने संजीदगी से पूरे मामले को देखा। उन्‍होंने वर व कन्या पक्ष के लोगों को बुलाया। कुछ प्रबुद्ध सामाजिक लोगों को भी थाने पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बात कराई। इसका असर हुआ कि दोनों ओर से शादी के लिए हामी भर दी गई। थानाध्यक्ष की पहल पर जब दोनों पक्ष शादी के लिए तैयार हुए तब स्थानीय बहरी महादेव शिव मंदिर में शादी का इंतजाम किया गया। 

रस्‍म रिवाज के अनुसार संतोष व पूजा की विधिवत शादी संपन्न हुई। इस दौरान जिला पार्षद उषा देवी के प्रतिनिधि मदन यादव, सरपंच राजकिशोर सिंह, रामवचन सिंह, अनिल सिंह, गोरख यादव, बलि सिंह, रवि चौधरी, रामदेव चौधरी आदि मौजूद थे। 

chat bot
आपका साथी